तीन साल में सातवीं बार धंसी गुरुग्राम-सोहना हाईवे की सड़क
सुभाष चौक के पास एक लेन बैरिकेडिंग कर बंद की गई; सड़क के नीचे 30 साल पुरानी सीवर लाइन खराब, मरम्मत पर 58 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान
अनप्लग इंडिया। डेस्क
गुरुग्राम। गुरुग्राम-सोहना हाईवे पर सड़क धंसने की समस्या एक बार फिर सामने आई है। सुभाष चौक के पास सड़क का हिस्सा धंसने के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) और ट्रैफिक पुलिस ने मौके पर पहुंचकर प्रभावित हिस्से की बैरिकेडिंग कर दी। पिछले तीन वर्षों में इस हाईवे पर सड़क धंसने की यह सातवीं घटना बताई जा रही है।
सड़क की तीन लेन में से एक को यातायात के लिए बंद करना पड़ा, जिससे व्यस्त समय में वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई। इस समस्या के पीछे सड़क के नीचे से गुजर रही करीब 30 साल पुरानी मुख्य सीवर लाइन को वजह बताया जा रहा है। यह लाइन सेक्टर-45 से सेक्टर-51 तक के सीवर का पानी बहरामपुर सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट तक पहुंचाती है।
जीएमडीए ने सीवर लाइन की मरम्मत के लिए करीब 58 करोड़ रुपये के अनुमान को मंजूरी दी है। एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर के मुताबिक, सीआईपीपी तकनीक से स्थायी मरम्मत का काम कराया जाएगा और इसे फरवरी तक पूरा करने का लक्ष्य है।
यह भी पढ़ें