सलाम नमस्ते में राष्ट्रीय पोषण माह सम्पन्न
राष्ट्रीय पोषण माह जैसे अभियान लोगों को अपने स्वास्थ्य, खान-पान और जीवनशैली के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं
अनप्लग इंडिया। डेस्क
नोएडा। आईएमएस नोएडा के सामुदायिक रेडियो सलाम नमस्ते में मासिक कार्यक्रम राष्ट्रीय पोषण माह का आयोजन सम्पन्न हुआ। इस कार्यक्रम के दौरान सेहत सही, लाभ कई पहल के अंतर्गत युवाओं, महिलाओं, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और स्वास्थ्य कर्मियों ने सक्रिय भागीदारी करते हुए स्वस्थ एवं सुपोषित भारत का संदेश दिया। 9 सितंबर से 8 अक्टूबर तक आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान संतुलित एवं पौष्टिक आहार, मां और बच्चे का स्वास्थ्य, एनीमिया से बचाव, महिलाओं के स्वास्थ्य एवं कल्याण तथा स्वस्थ जीवनशैली जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूकता एवं संवाद किया गया। प्रतिभागियों ने पोषण को बेहतर स्वास्थ्य और स्वस्थ परिवार के लिए आवश्यक बताते हुए समुदाय में पोषण संबंधी सही जानकारी पहुंचाने पर जोर दिया।
समापन कार्यक्रम के दौरान नोएडा सिटीजन फोरम की कार्यकारी अध्यक्ष शालिनी सिंह ने कहा कि सही पोषण स्वस्थ समाज की आधारशिला है। राष्ट्रीय पोषण माह जैसे अभियान लोगों को अपने स्वास्थ्य, खान-पान और जीवनशैली के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सलाम नमस्ते कम्युनिटी रेडियो द्वारा समुदाय को जोड़कर चलाया गया यह प्रयास सराहनीय है। वहीं नोएडा सिटीजन फोरम की सचिव गरिमा त्रिपाठी ने कहा कि पोषण के प्रति जागरूकता केवल एक महीने तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे हमारे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना आवश्यक है। युवाओं और महिलाओं की भागीदारी के साथ सलाम नमस्ते का यह अभियान स्वस्थ और जागरूक समाज के निर्माण की दिशा में एक सकारात्मक पहल है।
सलाम नमस्ते की स्टेशन हेड वर्षा छाबरिया ने कहा कि बताया कि स्मार्ट संस्था के सहयोग से ‘सेहत सही, लाभ कई’ पहल के अंतर्गत 9वां राष्ट्रीय पोषण माह 2026 मनाया गया। इस पहल को बिल एंड मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन का भी सहयोग प्राप्त है। उन्होंने कहा कि पोषण केवल स्वस्थ भोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह स्वस्थ परिवार और सशक्त समाज की आधारशिला है। युवाओं, महिलाओं और स्वास्थ्य कर्मियों की सक्रिय भागीदारी से पोषण संबंधी जागरूकता को समुदाय के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाया जा सकता है। सलाम नमस्ते कम्युनिटी रेडियो ऐसे महत्वपूर्ण विषयों पर निरंतर संवाद के माध्यम से लोगों को जागरूक करने के लिए प्रतिबद्ध है।
यह भी पढ़ें