नोएडा में ‘वॉक फॉर लाइफ’ का आयोजन, 300 डॉक्टरों ने दिया क्रिटिकल केयर जागरूकता का संदेश
ISCCM डे और प्रथम नेशनल क्रिटिकल केयर डे पर निकाली गई वॉकथॉन, सांसद डॉ. महेश शर्मा ने की चिकित्सकों के प्रयासों की सराहना
अनप्लग इंडिया। डेस्क
नोएडा। सोसाइटी ऑफ क्रिटिकल केयर मेडिसिन (SCCM), दिल्ली-नोएडा की ओर से रविवार को ISCCM डे एवं प्रथम नेशनल क्रिटिकल केयर डे के अवसर पर ‘केयर एट कम्युनिटी डोरस्टेप’ (क्रिटिकल केयर समुदाय के द्वार पर) थीम के तहत वॉकथॉन का आयोजन किया गया। इस दौरान करीब 250 से 300 डॉक्टरों, नर्सों और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने भाग लेकर लोगों को गंभीर बीमारियों, आपातकालीन चिकित्सा और समय पर उपचार के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ चिल्ला स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स से हुआ। वॉकथॉन नोएडा स्टेडियम, सेक्टर-21ए के गेट नंबर-4 पर संपन्न हुई। ‘ISCCM – Walk for Life’ के माध्यम से संदेश दिया गया कि गंभीर मरीजों की देखभाल केवल अस्पताल के आईसीयू तक सीमित नहीं है, बल्कि सही जानकारी, समय पर पहचान और तत्काल चिकित्सा सहायता से इसकी शुरुआत समुदाय के स्तर पर ही होती है।
समय पर इलाज से बचाई जा सकती है जान: महेश शर्मा
कार्यक्रम में गौतमबुद्ध नगर के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। समापन अवसर पर उन्होंने चिकित्सकों को संबोधित करते हुए गंभीर बीमारियों के उपचार में समय पर चिकित्सा सहायता और क्रिटिकल केयर सेवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि आमजन तक स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित करने और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने में चिकित्सक समुदाय की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ, हेल्थकेयर प्रोफेशनल्स, स्वयंसेवकों और सोसाइटी के सदस्यों के प्रयासों की सराहना की।
चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों ने लिया हिस्सा
आयोजन में कैलाश अस्पताल समूह की चेयरपर्सन डॉ. उमा शर्मा, समूह के डायरेक्टर (क्रिटिकल केयर) डॉ. अनिल गुरनानी, SCCM दिल्ली-नोएडा के चेयरपर्सन डॉ. अखिल तनेजा, सचिव डॉ. अमित गोयल और कोषाध्यक्ष डॉ. अनुप अग्रवाल सहित समिति के कई सदस्य उपस्थित रहे।
इसके अलावा डॉ. अनीश गुप्ता, डॉ. देव शंकर पटेल, डॉ. ऋषभ कुमार मित्तल, डॉ. प्रशांत सिंह, डॉ. सौरभ जैन, डॉ. जितिन शर्मा, डॉ. राहुल कुमार, डॉ. गौरव प्रताप सिंह, डॉ. प्रशांत कुमार, डॉ. आशुतोष भारद्वाज, डॉ. रंजीत चटर्जी और डॉ. सौरभ तनेजा समेत दिल्ली-एनसीआर के अनेक चिकित्सकों ने कार्यक्रम में भाग लिया।
आयोजकों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों और सोसाइटी के सदस्यों का आभार व्यक्त किया। इस पहल का उद्देश्य गंभीर चिकित्सा स्थितियों में सही समय पर कदम उठाने के प्रति जागरूकता बढ़ाना और समुदाय तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच को प्रोत्साहित करना रहा।
यह भी पढ़ें
