महर्षि नगर में दुर्गा पूजा और रामलीला मंचन शुरू, 21 अक्टूबर तक होंगे धार्मिक आयोजन
सुबह दुर्गा पूजन, शाम को भजन-प्रवचन और रात 8 बजे रामलीला, 20 अक्टूबर को होगा रावण दहन
अनप्लग इंडिया। डेस्क
नोएडा। नोएडा के महर्षि नगर में शारदीय नवरात्र के अवसर पर दुर्गा पूजा एवं श्रीरामलीला मंचन का शुभारंभ हो गया है। महर्षि वेद विज्ञान विद्यापीठ की ओर से आयोजित धार्मिक कार्यक्रम 11 अक्टूबर से 21 अक्टूबर तक चलेंगे। इन आयोजनों के चलते महर्षि नगर में सुबह से देर रात तक भक्ति और आध्यात्मिकता का माहौल बना रहेगा।
महर्षि वेद विज्ञान विद्यापीठ के मीडिया प्रभारी ए.के. लाल के अनुसार, कार्यक्रम के तहत प्रतिदिन सुबह 9 बजे से दुर्गा पूजन एवं पाठ किया जाएगा। शाम 7 बजे से भजन, वेद पाठ, प्रवचन और आरती होगी। इसके बाद रात 8 बजे से श्रीरामलीला का मंचन किया जाएगा।
वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा
आयोजन के अंतर्गत मां दुर्गा, भगवान गणेश, माता लक्ष्मी, मां सरस्वती, भगवान कार्तिकेय तथा भगवान श्रीराम और लक्ष्मण की मूर्तियों की स्थापना एवं प्राण प्रतिष्ठा वैदिक विद्वानों द्वारा की गई। इस अवसर पर महर्षि संस्थान के अध्यक्ष अजय प्रकाश श्रीवास्तव उपस्थित रहे।
महर्षि दुर्गा पूजा एवं विजयादशमी आयोजन के संयोजक रामेन्द्र सचान ने बताया कि नवरात्र के दौरान नियमित रूप से पूजा-पाठ, यज्ञ-अनुष्ठान और अन्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। आयोजकों के अनुसार, इन अनुष्ठानों का उद्देश्य आध्यात्मिक चेतना और शांति का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है।
20 अक्टूबर को रावण दहन, 21 को भरत मिलाप
आयोजन के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 20 अक्टूबर को विजयादशमी महोत्सव के तहत रावण दहन किया जाएगा। वहीं, 21 अक्टूबर को भरत मिलाप एवं श्रीराम के राज्याभिषेक का मंचन होगा।
कार्यक्रम में महर्षि संस्थान के अध्यक्ष अजय प्रकाश श्रीवास्तव सहित विनोद श्रीवास्तव, विनीत श्रीवास्तव, शिशिर श्रीवास्तव, विनोद दीक्षित, एस.पी. गर्ग, मनोज श्रीवास्तव, एल.एस. सोम, लल्लन पाठक, दयाशंकर गुप्ता, श्रीकांत ओझा, शीशपाल सिंह यादव, कमलेश यादव, रजनीश यादव, नरेश श्रीवास्तव, राजेंद्र शुक्ला और नरेंद्र सिंह सहित अनेक लोग मौजूद रहे। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होकर पूजा-अर्चना और रामलीला मंचन का आनंद लेने की अपील की है।
यह भी पढ़ें