संविधान दिवस पर डॉ. महेश शर्मा ने विद्यार्थियों से किया संवाद, प्रतिभाशाली छात्रों को किया सम्मानित
नोएडा के दिल्ली मेट्रोपॉलिटन एजुकेशन कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में संविधान के आदर्शों, नागरिक अधिकारों और कर्तव्यों पर हुई चर्चा; युवाओं की भूमिका को बताया महत्वपूर्ण
अनप्लग इंडिया। डेस्क
नोएडा। संविधान दिवस के अवसर पर गौतमबुद्ध नगर के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा ने गुरुवार को सेक्टर-62 स्थित दिल्ली मेट्रोपॉलिटन एजुकेशन कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने संविधान में निहित मूल आदर्शों और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में युवाओं की भूमिका पर विचार रखे।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मौजूद छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए डॉ. महेश शर्मा ने न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के संवैधानिक मूल्यों का महत्व बताया। उन्होंने नागरिकों के अधिकारों के साथ-साथ उनके कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
लोकतंत्र को मजबूत बनाने में युवाओं की भूमिका पर चर्चा
डॉ. महेश शर्मा ने कहा कि संविधान में दिए गए आदर्श देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार हैं। युवाओं की जिम्मेदारी है कि वे इन मूल्यों को समझें और अपने व्यवहार तथा सामाजिक जीवन में अपनाएं।
उन्होंने विद्यार्थियों को संविधान के प्रति जागरूक रहने और एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपनी भूमिका निभाने का संदेश दिया।
उपलब्धि हासिल करने वाले विद्यार्थियों को किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान शिक्षा, खेल और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इन विद्यार्थियों को संविधान की शपथ भी दिलाई गई।
इस अवसर पर पैरालंपिक खिलाड़ी सुवर्णा राज, डीएमई की निदेशक डॉ. कोमल विग, डॉ. राजेंद्र कौर रंधावा, शिवेंद्र सिंह, संजय बाली, रोहित शर्मा, रोहित ठाकुर और मनोज उपाध्याय सहित कॉलेज के शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को संविधान के मूल्यों, नागरिक जिम्मेदारियों और लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति जागरूक करना रहा।
यह भी पढ़ें