ब्रेकिंग
मोदी बोले- किसानों और कारोबारियों को गाली देने से देश आगे नहीं बढ़ता, 12 साल में बदली अर्थव्यवस्था
फिक्की के शताब्दी सम्मेलन में बोले पीएम- 50 करोड़ भारतीय गरीबी से बाहर निकले; कंपनियां घरेलू बाजार के साथ वैश्विक प्रतिस्पर्धा की भी करें तैयारी
अनप्लग इंडिया। डेस्क
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को नई दिल्ली में आयोजित फिक्की (FICCI) के शताब्दी सम्मेलन में उद्योगपतियों और कारोबारियों को संबोधित करते हुए कहा कि किसानों और कारोबारियों को गाली देने से देश आगे नहीं बढ़ता। उन्होंने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था में पिछले 12-13 वर्षों के दौरान बड़ा बदलाव आया है और इस अवधि में 50 करोड़ भारतीय गरीबी से बाहर निकले हैं। प्रधानमंत्री ने अपनी बात के समर्थन में विश्व बैंक की रिपोर्ट का हवाला दिया।
मोदी का यह बयान ऐसे समय आया है, जब कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बुधवार को न्यूयॉर्क की कोलंबिया यूनिवर्सिटी में भारत की अर्थव्यवस्था को लेकर चिंता जताई थी। राहुल गांधी ने कहा था कि भारत आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा है और इसके पीछे बड़े पैमाने पर बेरोजगारी तथा शिक्षा व्यवस्था से जुड़ी खामियां प्रमुख कारण हैं। ऐसे में प्रधानमंत्री का बयान राहुल गांधी के आरोपों के जवाब के तौर पर देखा जा रहा है।
भारत के बाजार के साथ वैश्विक बाजार पर भी नजर रखें कंपनियां
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत के पास 140 करोड़ लोगों का बड़ा बाजार है, लेकिन कंपनियों को केवल घरेलू बाजार तक सीमित नहीं रहना चाहिए। उन्हें अपनी उत्पादन क्षमता और गुणवत्ता में सुधार करते हुए वैश्विक बाजार में प्रतिस्पर्धा करने की तैयारी करनी होगी। उन्होंने कारोबारियों से दूसरे देशों की जरूरतों और वहां के ग्राहकों की पसंद को समझकर उत्पाद तैयार करने की अपील की।
भारतीय ग्राहकों को भी मिले एक्सपोर्ट जैसी गुणवत्ता
मोदी ने कहा कि कुछ कंपनियां विदेशों में निर्यात के लिए बेहतर गुणवत्ता वाले उत्पाद तैयार करती हैं, जबकि घरेलू बाजार में अपेक्षाकृत कम गुणवत्ता वाले उत्पाद उपलब्ध कराती हैं। इस सोच में बदलाव जरूरी है। भारतीय ग्राहकों को भी वही बेहतर गुणवत्ता मिलनी चाहिए, जो कंपनियां अपने निर्यात वाले उत्पादों में रखती हैं।
कारोबारियों के सुझावों पर काम करेगी सरकार
प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार लगातार सुधारों की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने कारोबारियों और उद्योग जगत से अपनी समस्याएं तथा सुधार से जुड़े सुझाव बिना किसी झिझक के सरकार के सामने रखने को कहा। मोदी ने भरोसा दिलाया कि सरकार उद्योग जगत के साथ खड़ी है और उसके सुझावों पर काम करने के लिए तैयार है।
रिसर्च और इनोवेशन को बनाएं प्राथमिकता
प्रधानमंत्री ने कंपनियों को रिसर्च, इनोवेशन और नई तकनीक पर ध्यान देने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि ऐसे उत्पाद तैयार किए जाने चाहिए, जो ग्राहकों की जरूरतों के अनुरूप हों और जिनका इस्तेमाल आसान हो। इसके लिए कंपनियों को लगातार अनुसंधान और तकनीकी सुधार पर निवेश करना होगा।
विकसित भारत के लिए अगले 10 साल का लक्ष्य तय करें
मोदी ने विकसित भारत के लक्ष्य को केवल नारा नहीं, बल्कि एक संकल्प बताया। उन्होंने कहा कि देश के विकास के लिए 100 साल का इंतजार करने के बजाय हमें यह सोचना चाहिए कि आने वाले 10 वर्षों में हम क्या योगदान दे सकते हैं। प्रधानमंत्री ने उद्योग जगत से भी देश के भविष्य को ध्यान में रखकर काम करने की अपील की।
फिक्की के शताब्दी सम्मेलन में प्रधानमंत्री का मुख्य संदेश उद्योग जगत को गुणवत्ता, नवाचार और वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करना रहा। उन्होंने कहा कि देश की आर्थिक प्रगति में कारोबारियों और उद्योगों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
यह भी पढ़ें