ग्रेटर नोएडा में निवेश की संभावनाएं तलाशने पहुंचा दक्षिण कोरिया का सरकारी प्रतिनिधिमंडल
चार सांसदों समेत प्रतिनिधिमंडल ने प्राधिकरण के तीनों एसीईओ के साथ की बैठक, औद्योगिक सुविधाओं और इंफ्रास्ट्रक्चर का लिया जायजा
अनप्लग इंडिया। डेस्क
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा में औद्योगिक निवेश की संभावनाओं को तलाशने के लिए दक्षिण कोरिया का एक उच्चस्तरीय सरकारी प्रतिनिधिमंडल बृहस्पतिवार को पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के बोर्ड रूम में प्राधिकरण के तीनों अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारियों (एसीईओ) के साथ बैठक की। इस दौरान ग्रेटर नोएडा और इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल टाउनशिप (आईआईटीजीएनएल) में उपलब्ध औद्योगिक सुविधाओं, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर, निवेश नीतियों और लैंड बैंक के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
प्रतिनिधिमंडल में दक्षिण कोरिया के सांसद किम जुंग हो, मून जियोंगबोग, कैंग सियोंगक्यू और ली जुयोंग समेत अन्य अधिकारी शामिल रहे। भारतीय दूतावास के प्रतिनिधि भी इस दौरान मौजूद रहे। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ डॉ. बलकार सिंह के निर्देश पर एसीईओ प्रेरणा सिंह, सुमित यादव और नुपुर गोयल ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया।
बैठक के दौरान एसीईओ प्रेरणा सिंह ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से ग्रेटर नोएडा और आईआईटीजीएनएल की औद्योगिक खूबियों और निवेश के अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल टाउनशिप देश की स्मार्ट औद्योगिक टाउनशिप में शामिल है। इसे प्लग एंड प्ले सिस्टम के आधार पर विकसित किया गया है, जहां उद्योग स्थापित करने के इच्छुक निवेशकों को कम समय में भूखंड आवंटित करने की व्यवस्था है।
उन्होंने बताया कि औद्योगिक इकाइयां स्थापित करने के लिए जरूरी आधारभूत सुविधाएं पहले से विकसित की जा चुकी हैं। ऐसे में भूखंड आवंटित होते ही उद्यमी अपनी औद्योगिक इकाई स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू कर सकते हैं। राष्ट्रीय राजधानी के नजदीक होने के साथ ही यह टाउनशिप सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी के लिहाज से भी बेहतर स्थिति में है।
इंफ्रास्ट्रक्चर और नागरिक सुविधाओं की सराहना
दक्षिण कोरियाई प्रतिनिधिमंडल ने ग्रेटर नोएडा के नियोजन, इंफ्रास्ट्रक्चर, साफ-सफाई और नागरिक सुविधाओं की सराहना की। प्रतिनिधिमंडल ने ईकोटेक-3 स्थित न्यू हॉलैंड ट्रैक्टर के प्लांट का भी भ्रमण किया और औद्योगिक गतिविधियों को करीब से देखा।
दौरे के दौरान प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने ग्रेटर नोएडा में निवेश की संभावनाओं में रुचि दिखाई और यहां औद्योगिक निवेश करने की इच्छा जाहिर की। इस दौरे को क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय औद्योगिक निवेश की संभावनाओं के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें