यूपी पुलिस का सिपाही सपा से चुनाव लड़ने की तैयारी में, धनघटा सीट से टिकट की दावेदारी
ड्यूटी से गैरहाजिरी के बाद पुलिस विभाग ने किया निलंबित, धनघटा क्षेत्र में सपा के कार्यक्रमों में लगातार नजर आ रहा सिपाही
मंच से अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने की अपील, सोशल मीडिया पर भी पार्टी के समर्थन में पोस्ट
अनप्लग इंडिया। डेस्क
संतकबीरनगर/गोरखपुर। उत्तर प्रदेश पुलिस में तैनात एक सिपाही सरकारी नौकरी के दौरान ही राजनीति में सक्रिय होकर विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी में जुटा है। गोरखपुर में डायल-112 में तैनात श्याम सुंदर चौहान संतकबीरनगर की धनघटा विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के टिकट के लिए दावेदारी कर रहा है।
जानकारी के मुताबिक, श्याम सुंदर पिछले काफी समय से ड्यूटी से अनुपस्थित चल रहा था। करीब तीन महीने पहले पुलिस अधिकारियों को इसकी जानकारी हुई, जिसके बाद उसे निलंबित कर दिया गया। निलंबन के बाद भी उसके पुलिस लाइन में उपस्थित नहीं होने की बात सामने आई है। इसी दौरान वह संतकबीरनगर क्षेत्र में सपा के कार्यक्रमों में सक्रिय नजर आया। सोशल मीडिया पर उसके कई पोस्ट और तस्वीरें सामने आई हैं, जिनमें वह सपा नेताओं के कार्यक्रमों में भाग लेते और पार्टी के समर्थन में प्रचार करते दिखाई देता है। वह लाल टोपी पहनकर भी कई कार्यक्रमों में नजर आया है।
मंच से अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने की अपील
करीब एक महीने पहले धनघटा क्षेत्र में सपा की समीक्षा बैठक आयोजित हुई थी। इस कार्यक्रम में श्याम सुंदर चौहान ने संबोधन भी किया था। मंच से उसने खुद को सिपाही बताते हुए कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ताओं का स्वागत किया। अपने संबोधन में उसने कहा कि वह अनुसूचित जाति और दलित समाज से आता है। उसने भाजपा के दलित सांसदों और विधायकों को लेकर भी सवाल उठाए और आरोप लगाया कि वे आरक्षण के मुद्दे पर गलत नीतियों का समर्थन कर रहे हैं। उसने लोगों से समाजवादी पार्टी के साथ आने और अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने की अपील की। श्याम सुंदर ने बातचीत में कहा कि वह शुरुआत से ही सपा की नीतियों से प्रभावित रहा है। उसके मुताबिक, पुलिस विभाग में रहते हुए वह लोगों के लिए उस तरह काम नहीं कर पा रहा था जैसा वह करना चाहता था। इसी वजह से उसके मन में राजनीति में आने और विधायक का चुनाव लड़ने का विचार आया। उसने दावा किया कि वह पिछले करीब तीन वर्षों से धनघटा क्षेत्र में सक्रिय है और लगातार लोगों के बीच जाकर उनकी मदद कर रहा है।
धनघटा सीट से टिकट की तैयारी
श्याम सुंदर चौहान संतकबीरनगर जिले के महुली थाना क्षेत्र के नैना झाला गांव का रहने वाला बताया जाता है। वह यूपी पुलिस के 1994 बैच का सिपाही है। उसके तीन बच्चे हैं। पुलिस सेवा के दौरान वह करीब 11 जिलों में तैनात रह चुका है। वर्ष 2023 में कुशीनगर से तबादले के बाद उसकी तैनाती गोरखपुर में डायल-112 में हुई थी। इसी दौरान उसने धनघटा विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां शुरू कर दीं। सोशल मीडिया पर वर्ष 2023 से ही क्षेत्र के लोगों को शुभकामनाएं देने और स्थानीय गतिविधियों से जुड़ी उसकी पोस्ट दिखाई देती हैं। इसके बाद उसकी राजनीतिक गतिविधियां लगातार बढ़ती गईं। वह गांव-गांव जाकर लोगों से संपर्क करने और पार्टी के कार्यक्रमों में हिस्सा लेने लगा।
पोस्टरों में सपा नेताओं के साथ तस्वीर
श्याम सुंदर के सोशल मीडिया अकाउंट पर सपा के बैनर और पोस्टर भी दिखाई देते हैं। कई पोस्टरों में उसकी तस्वीर के साथ उसके नाम के आगे ‘सिपाही’ लिखा गया है। कुछ तस्वीरों में वह लाल टोपी पहने हुए दिखाई देता है और उसके साथ सपा के वरिष्ठ नेताओं की तस्वीरें लगी हैं।हाल ही में उसने सपा के प्रदेश अध्यक्ष के धनघटा दौरे को लेकर भी लोगों को कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दिया था।
2027 के चुनाव को लेकर सक्रियता
उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं। चुनाव से पहले राजनीतिक दलों के संभावित उम्मीदवार अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय हो रहे हैं। धनघटा सीट पर भी सपा से टिकट के लिए कई दावेदार सक्रिय बताए जा रहे हैं। श्याम सुंदर चौहान भी पार्टी के कार्यक्रमों में लगातार भाग लेकर अपनी दावेदारी मजबूत करने की कोशिश कर रहा है। वह पार्टी नेतृत्व से टिकट मिलने की स्थिति में चुनाव लड़ने की बात कह चुका है।
सरकारी कर्मचारी के लिए राजनीतिक गतिविधियों पर रोक
सरकारी सेवा में रहते हुए किसी कर्मचारी के राजनीतिक दल से जुड़ने या चुनाव लड़ने को लेकर सेवा नियमों में प्रतिबंध हैं। सरकारी कर्मचारी के लिए राजनीतिक गतिविधियों में भाग लेने और अपने पद का राजनीतिक इस्तेमाल करने पर भी रोक है। रिटायर्ड सीओ शिव पूजन सिंह के मुताबिक, सरकारी नौकरी में रहते हुए कोई कर्मचारी विधानसभा चुनाव नहीं लड़ सकता। नियमों का उल्लंघन करने पर विभागीय कार्रवाई की जा सकती है, जिसमें नौकरी से बर्खास्तगी तक का प्रावधान हो सकता है।
पुलिस विभाग ने बताया- सिपाही निलंबित है
गोरखपुर के एसपी क्राइम अयोध्या सिंह ने बताया कि श्याम सुंदर चौहान काफी समय से निलंबित है। उनके अनुसार, निलंबन के बाद भी वह हाजिरी नहीं लगा रहा है। विभाग उससे संपर्क कर लगातार गैरहाजिर रहने का कारण जानने का प्रयास कर रहा है। श्याम सुंदर का कहना है कि वह राजनीति में आने का फैसला लोगों के बीच काम करने के उद्देश्य से कर रहा है और धनघटा से चुनाव लड़ने की तैयारी में है।
यह भी पढ़ें