शहीद कैप्टन शशिकांत शर्मा की स्मृति में 26वें क्रिकेट टूर्नामेंट का आगाज
नोएडा स्टेडियम में विधायक पंकज सिंह ने किया उद्घाटन, पायनियर क्रिकेट क्लब ने पहले मुकाबले में स्किल इंडिया पावर को 91 रन से हराया
सदाचारी तिवारी -अनप्लग इंडिया। डेस्क
नोएडा। देश के वीर शहीद कैप्टन शशिकांत शर्मा की स्मृति में आयोजित 26वें क्रिकेट टूर्नामेंट का नोएडा स्टेडियम में भव्य शुभारंभ हुआ। मानव सेवा समिति, एनपीडीए, डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन गौतमबुद्ध नगर और नोएडा स्पोर्ट्स ट्रस्ट के संयुक्त सौजन्य से आयोजित उद्घाटन समारोह में नोएडा विधायक पंकज सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
समारोह में पूर्व बीसीसीआई एवं डीडीसीए कार्यकारी अध्यक्ष सी.के. खन्ना, पूर्व रणजी खिलाड़ी के.एल. तेजवानी, पूर्व जिलाधिकारी जितेंद्र शर्मा, मानव सेवा समिति के संरक्षक नैवेद्य शर्मा तथा शहीद कैप्टन शशिकांत शर्मा के पिता फ्लाइट लेफ्टिनेंट जे.पी. शर्मा, माता सुदेश शर्मा, भाई डॉ. नरेश शर्मा और डॉ. संगीता शर्मा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता अमित खेमका ने की।
शहीदों के सम्मान को आगे बढ़ाने वाला आयोजन: पंकज सिंह
उद्घाटन के अवसर पर विधायक पंकज सिंह ने शहीद कैप्टन शशिकांत शर्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि देश की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवानों की स्मृति को जीवित रखना समाज की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि पिछले 26 वर्षों से शहीद की स्मृति में क्रिकेट टूर्नामेंट का लगातार आयोजन किया जाना सराहनीय पहल है। देश की सुरक्षा में तैनात जवानों के साथ उनके परिवारों का सम्मान और सहयोग करना भी समाज का दायित्व है। पंकज सिंह ने टूर्नामेंट के आयोजन से जुड़ी सभी संस्थाओं और पदाधिकारियों की सराहना की।
उद्घाटन मुकाबले में पायनियर की शानदार जीत
उद्घाटन समारोह के बाद पायनियर क्रिकेट क्लब और स्किल इंडिया पावर के बीच पहला मुकाबला खेला गया। पायनियर क्रिकेट क्लब ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया।
पायनियर की ओर से अंश ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए महज 61 गेंदों में नाबाद 101 रन बनाए। उनकी पारी में 6 छक्के और 9 चौके शामिल रहे। संदीप तोमर ने 35 रन का योगदान दिया। इन पारियों की बदौलत पायनियर ने निर्धारित ओवरों में 3 विकेट खोकर 201 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।
स्किल इंडिया पावर की ओर से तुषार वर्मा ने 4 ओवर में 37 रन देकर 2 विकेट लिए, जबकि इक्षित को एक सफलता मिली।
110 रन पर सिमटी स्किल इंडिया पावर
201 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी स्किल इंडिया पावर की टीम 18.4 ओवर में 110 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। कपिल ने 32 और योगेश ने 26 रन बनाए, लेकिन टीम लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी।
पायनियर की ओर से विशाल चौधरी, हर्ष भाटी और अंकुर ने दो-दो विकेट लिए। इस तरह पायनियर क्रिकेट क्लब ने मुकाबला 91 रन से अपने नाम किया।
नाबाद शतकीय पारी खेलने वाले अंश को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरे दिन दो मुकाबले होंगे
टूर्नामेंट के दूसरे दिन दो मुकाबले खेले जाएंगे। पहला मैच सुबह 8:30 बजे खुर्राट इलेवन और पायनियर क्रिकेट क्लब के बीच होगा, जबकि दूसरा मुकाबला 11:30 बजे स्किल इंडिया पावर और स्टार इलेवन के बीच खेला जाएगा।
उद्घाटन समारोह में मानव सेवा समिति एवं डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन गौतमबुद्ध नगर से जुड़े पदाधिकारियों के अलावा शहर के बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। आयोजन में सुभाष शर्मा, क्रिकेट कोच अशीम बरुआ, चिक्कू शर्मा, भूलेराम शर्मा, विपुल शर्मा, आर.के. शर्मा, सुखपाल चौहान, आजाद सिंह, एस.के. सरीन, एम.एल. शर्मा, राकेश शर्मा, महेश शर्मा, किसन सिंह, गिरीश भारद्वाज, अतुल गौड़, भूपेंद्र शर्मा, सुधीश चौधरी, अश्वनी शर्मा, शिव कुमार, धर्मेंद्र पचौरी, शैलेंद्र सिंह, विपुल अग्रवाल, शुभम भारद्वाज, आयुष मंगल गुप्ता और अमन भारद्वाज सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें
