यूपी के स्कूलों में पढ़ाई जाए वैदिक गणित: राजनाथ सिंह
अयोध्या में रक्षा मंत्री ने शिक्षा को संस्कृत और आधुनिक तकनीक से जोड़ने पर दिया जोर, बोले- अगली पीढ़ी श्लोक के साथ कंप्यूटर कोड भी समझे
अनप्लग इंडिया। डेस्क
अयोध्या। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उत्तर प्रदेश के स्कूलों में वैदिक गणित को बढ़ावा देने की जरूरत बताई है। अयोध्या दौरे के दौरान उन्होंने कहा कि भारत की ज्ञान परंपरा में संस्कृत और गणित का महत्वपूर्ण स्थान रहा है और आधुनिक शिक्षा को अपनी इस विरासत से जोड़ने की जरूरत है।
राजनाथ सिंह ने अयोध्या में रामलला के दर्शन और हनुमानगढ़ी में पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने रानोपाली स्थित उदासीन ऋषि आश्रम में गुरु पर्व कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ी को संस्कृत के श्लोकों के साथ-साथ कंप्यूटर कोड को समझने में भी सक्षम होना चाहिए। शिक्षा ऐसी होनी चाहिए जो भारतीय ज्ञान परंपरा और आधुनिक तकनीक के बीच बेहतर तालमेल बनाए।
रक्षा मंत्री ने वैदिक गणित का उल्लेख करते हुए कहा कि विदेशों में भी इसके अध्ययन को महत्व दिया जाता है। उन्होंने कहा कि लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स में भी वैदिक गणित पढ़ाया जाता है।
उन्होंने कहा कि यदि उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार दोबारा बनती है तो वह प्रदेश के स्कूलों में वैदिक गणित शुरू कराने का आग्रह करेंगे। राजनाथ सिंह ने यह भी कहा कि जब वह उत्तर प्रदेश के शिक्षा मंत्री थे, तब भी उन्होंने वैदिक गणित को बढ़ावा देने की दिशा में काम किया था। UnplugIndia 06 Oct 2026
यह भी पढ़ें