CJP नेता सौरव दास के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी, विदेश यात्रा पर रोक
पासपोर्ट में पिता के नाम का कॉलम खाली होने और जन्मस्थान-पते की जानकारी में अंतर का केंद्र सरकार ने दिया हवाला; दिल्ली हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान सरकार ने रखी अपनी दलील
अनप्लग इंडिया। डेस्क
नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रवक्ता सौरव दास फिलहाल विदेश यात्रा नहीं कर सकेंगे। केंद्र सरकार ने गुरुवार को दिल्ली हाईकोर्ट को बताया कि उनके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (LOC) जारी किया गया है। सरकार के अनुसार, सौरव के पासपोर्ट में कुछ जानकारियों को लेकर विसंगतियां मिली हैं, जिनमें पिता के नाम का कॉलम खाली होना भी शामिल है।
केंद्र ने अदालत को बताया कि पासपोर्ट में जन्मस्थान, शैक्षणिक विवरण और पते से जुड़ी जानकारियों में भी अंतर पाया गया है। सरकार का कहना है कि इन विसंगतियों का उनकी नागरिकता से जुड़े पहलुओं पर भी असर पड़ सकता है।
यह मामला उस समय सामने आया जब 23 नवंबर को दिल्ली एयरपोर्ट पर सौरव दास को लंदन जाने वाली फ्लाइट में सवार होने से रोक दिया गया था। उन्हें ब्रिटेन में आयोजित एक कार्यक्रम में ‘कॉकरोच मूवमेंट’ विषय पर बोलने के लिए आमंत्रित किया गया था।
एयरपोर्ट पर रोके जाने के बाद हाईकोर्ट पहुंचे सौरव
विदेश यात्रा से रोके जाने के फैसले को सौरव दास ने 24 नवंबर को दिल्ली हाईकोर्ट में चुनौती दी थी। सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार ने अदालत को लुकआउट सर्कुलर जारी होने की जानकारी दी।
सौरव के वकील अखिल सिब्बल ने अदालत में कहा कि उनके मुवक्किल को लुकआउट नोटिस जारी होने या विदेश यात्रा पर रोक लगाए जाने के बारे में पहले से कोई जानकारी नहीं दी गई थी। उन्हें दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचने के बाद इसकी जानकारी मिली।
वकील ने कोर्ट से नोटिस जारी करने का आधार बताने और उसकी प्रति उपलब्ध कराने की मांग की। इस पर केंद्र सरकार ने कहा कि लुकआउट सर्कुलर की कॉपी साझा नहीं की जा सकती। हालांकि, सरकार के मुताबिक अब सौरव को इसकी जानकारी है और वे इसे अदालत में चुनौती दे सकते हैं।
सरकार बोली- पासपोर्ट रद्द नहीं किया गया
केंद्र सरकार ने अदालत को बताया कि 23 नवंबर को शाम 7:32 बजे सौरव दास को नोटिस भेजा गया था। इसके चार मिनट बाद उन्हें विदेश यात्रा नहीं करने की सलाह दी गई।
सरकार के अनुसार, पासपोर्ट में पाई गई विसंगतियों पर जवाब देने के लिए सौरव को 30 नवंबर तक का समय दिया गया है। केंद्र ने यह भी स्पष्ट किया कि उनका पासपोर्ट रद्द नहीं किया गया है, बल्कि फिलहाल उन्हें विदेश यात्रा से रोका गया है।
सौरव ने पासपोर्ट की जानकारी लीक होने का लगाया आरोप
सौरव दास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर आरोप लगाया कि कुछ भाजपा समर्थक सोशल मीडिया अकाउंट्स ने उनका पासपोर्ट सार्वजनिक कर दिया है। उन्होंने इस पर चिंता जताते हुए विदेश मंत्रालय से सवाल किया कि नागरिकों की निजी जानकारी इस तरह सार्वजनिक होना कैसे संभव है।
उन्होंने पूछा कि क्या किसी नागरिक के पासपोर्ट से जुड़ी निजी जानकारी सार्वजनिक करना कानूनी है।
ऑक्सफोर्ड यूनियन की चर्चा में शामिल होने का था निमंत्रण
सौरव दास ने अपने इंस्टाग्राम वीडियो में बताया था कि उन्हें ‘कॉकरोच मूवमेंट’ विषय पर चर्चा के लिए ब्रिटेन जाना था। उनके मुताबिक, ऑक्सफोर्ड, कैम्ब्रिज, लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स (LSE) और एडिनबरा से उन्हें आमंत्रण मिले थे।
उपलब्ध आधिकारिक कार्यक्रम सूची के अनुसार, एक दिसंबर को ऑक्सफोर्ड यूनियन में इस विषय पर पैनल चर्चा प्रस्तावित है, जिसमें सौरव को शामिल होने के लिए बुलाया गया है।
हालांकि, ऑक्सफोर्ड यूनियन एक स्वतंत्र डिबेटिंग सोसाइटी है और यह ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय का हिस्सा नहीं है।
यह भी पढ़ें