ग्रेटर नोएडा में सड़क सफाई के दौरान धूल उड़ाने पर दो कंपनियों पर एक-एक लाख का जुर्माना
मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनों से सफाई के दौरान पानी का छिड़काव नहीं करने पर प्राधिकरण की कार्रवाई; तीन कार्यदिवस में जवाब देने का नोटिस, ब्लैकलिस्ट करने की चेतावनी
अनप्लग इंडिया। डेस्क
ग्रेटर नोएडा। शहर की सड़कों को धूल मुक्त बनाने के लिए लगाई गई मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनों से सफाई के दौरान धूल उड़ने की शिकायत पर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने सख्त कार्रवाई की है। प्राधिकरण ने सफाई का काम कर रही दो कंपनियों पर एक-एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। दोनों कंपनियों को नोटिस जारी कर तीन कार्यदिवस में जवाब मांगा गया है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उन्हें ब्लैकलिस्ट करने की चेतावनी भी दी गई है।
प्राधिकरण के सीईओ डॉ. बलकार सिंह के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने यह कार्रवाई की है। सोशल मीडिया के माध्यम से शिकायतें मिली थीं कि मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनों से सड़कों की सफाई के दौरान पानी का छिड़काव नहीं किया जा रहा, जिससे मशीनों के पीछे धूल का गुबार उड़ रहा है।
एंटनी वेस्ट हैंडलिंग और यदुवंशी इंफ्राटेक पर कार्रवाई
प्राधिकरण के स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक राजेश कुमार के मुताबिक, 18 नवंबर 2026 को मैसर्स एंटनी वेस्ट हैंडलिंग सेल लिमिटेड और मैसर्स यदुवंशी इंफ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड को नोटिस जारी किए गए हैं।
दोनों कंपनियां ग्रेटर नोएडा में ट्रक माउंटेड मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनों के संचालन और रखरखाव के साथ सड़कों की यांत्रिक सफाई का काम कर रही हैं। सफाई के दौरान मशीनों से अत्यधिक धूल उड़ने की शिकायत को प्राधिकरण ने गंभीर लापरवाही माना है। इसी आधार पर दोनों कंपनियों पर एक-एक लाख रुपये का अर्थदंड लगाया गया है।
आगामी बिलों से वसूली जाएगी जुर्माने की रकम
प्राधिकरण ने कंपनियों को जारी नोटिस में राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में वायु प्रदूषण की रोकथाम के लिए राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT), केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) और उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (UPPCB) के निर्देशों का पालन करने को कहा है।
इन निर्देशों के तहत सड़कों की सफाई से पहले पानी का छिड़काव और सफाई के दौरान निर्धारित सावधानियां बरतना जरूरी है। प्राधिकरण के अनुसार, इन नियमों का पालन नहीं किए जाने के कारण धूल उड़ने की शिकायतें सामने आईं। जुर्माने की धनराशि कंपनियों के आगामी बिलों के भुगतान में कटौती करके वसूल की जाएगी।
प्रदूषण फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के उपमहाप्रबंधक विजय रावल ने कहा कि प्रदूषण फैलाने वाले व्यक्ति या फर्म के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि लापरवाही बरतने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
प्राधिकरण की इस कार्रवाई का उद्देश्य सड़कों की सफाई के दौरान धूल उड़ने से रोकना और शहर में वायु प्रदूषण पर नियंत्रण के प्रयासों को प्रभावी बनाना है।
यह भी पढ़ें