कैप्टन शशिकांत मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट: स्टार 11 ने खुर्राट 11 को 5 विकेट से हराया
स्वस्तिक भाटी की नाबाद 54 रन की पारी, सार्थक चेची ने गेंद और बल्ले से दिखाया दम; टूर्नामेंट में खुर्राट 11 को मिली पहली हार
अनप्लग इंडिया। डेस्क
नोएडा। 26वें कैप्टन शशिकांत शर्मा मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में शुक्रवार को स्टार 11 ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खुर्राट 11 को पांच विकेट से शिकस्त दी। खुर्राट 11 ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 177 रन बनाए थे। जवाब में स्टार 11 ने 17.5 ओवर में पांच विकेट खोकर 180 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस हार के साथ टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन कर रही खुर्राट 11 का विजय अभियान थम गया।
खुर्राट 11 ने बनाए 177 रन
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी खुर्राट 11 की टीम ने निर्धारित पारी में आठ विकेट खोकर 177 रन का स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से मनीष भाटी ने 49 रन की उपयोगी पारी खेली, जबकि एक अन्य मनीष ने 39 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
स्टार 11 की ओर से सार्थक चेची ने प्रभावशाली गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में 32 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। अंशुल भाटी ने चार ओवर में 19 रन देकर दो बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा।
स्वस्तिक और अभिषेक ने पलटा मैच
178 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी स्टार 11 की टीम ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की। स्वस्तिक भाटी ने नाबाद 54 रन बनाकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। अभिषेक भाटी ने 50 रन की शानदार पारी खेली, जबकि सार्थक चेची ने नाबाद 32 रन बनाकर जीत सुनिश्चित की।
स्टार 11 ने 17.5 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 180 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। गेंदबाजी और बल्लेबाजी, दोनों में शानदार योगदान देने वाले सार्थक चेची को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
आयोजन समिति के सदस्य रहे मौजूद
मैच के दौरान आयोजन समिति के यू.के. भारद्वाज, अतुल गौड़, सुभाष शर्मा, जे.के.एस. चौहान और सुधीश चौधरी सहित अन्य सदस्य मैदान पर मौजूद रहे। डीडीसीए के अंपायर रविन्द्र चौधरी और प्रताप रावत ने अंपायरिंग की, जबकि वेद चौधरी ने स्कोरिंग की जिम्मेदारी संभाली।
आज खेले जाएंगे दो मुकाबले
टूर्नामेंट में आज दो मैच खेले जाएंगे। पहला मुकाबला विश्व फाल्कन और वंडर्स क्लब नोएडा के बीच होगा। दूसरे मैच में एम.एस. स्पोर्ट्स और एस्टर क्रिकेट क्लब की टीमें आमने-सामने होंगी। दोनों मुकाबलों को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह रहने की उम्मीद है।
26वें कैप्टन शशिकांत शर्मा मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन मानव सेवा समिति, डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन, नोएडा स्पोर्ट्स ट्रस्ट और एनपीडीए के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें