नोएडा में 11 अक्टूबर से सजेगा 41वां रामलीला महोत्सव का मंच, 80 फीट का होगा रावण
15 अक्टूबर को सेक्टर-19 मंदिर से निकलेगी भव्य राम बारात, 20 अक्टूबर को होगा रावण, कुंभकरण और मेघनाथ के पुतलों का दहन; केदारनाथ, बद्रीनाथ और जगन्नाथ पुरी की थीम पर तैयार हो रहा भव्य मंच
अनप्लग इंडिया। डेस्क
नोएडा। श्री सनातन धर्म रामलीला समिति (रजि.), नोएडा की ओर से इस वर्ष 41वें रामलीला मंचन एवं विजयादशमी महोत्सव का आयोजन 11 से 21 अक्टूबर 2026 तक रामलीला मैदान, नोएडा स्टेडियम, सेक्टर-21ए में किया जाएगा। समिति के पदाधिकारियों ने प्रेसवार्ता में बताया कि नोएडा प्राधिकरण और प्रशासन के सहयोग से पिछले 41 वर्षों से लगातार इस आयोजन का आयोजन किया जा रहा है। शहर के गणमान्य नागरिकों और श्रद्धालुओं की भागीदारी से यह महोत्सव हर वर्ष भव्य रूप लेता जा रहा है।
समिति के अनुसार, इस बार दिल्ली और मुंबई के प्रसिद्ध टीवी एवं फिल्मी कलाकार रामलीला का मंचन करेंगे। मंच को पहले से अधिक आकर्षक और भव्य बनाया जा रहा है। इसमें केदारनाथ धाम, बद्रीनाथ धाम और जगन्नाथ पुरी धाम की थीम के साथ 3डी इफेक्ट और एलईडी तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। डबल मंच को महल के स्वरूप में तैयार किया जा रहा है, जिसमें जंगल, पहाड़ और किले की संरचना भी विकसित की जा रही है।
11 अक्टूबर को गणेश पूजन के साथ होगा शुभारंभ
रामलीला महोत्सव का शुभारंभ 11 अक्टूबर को शाम 7 बजे गणेश पूजन के साथ होगा। इस अवसर पर संस्था के मुख्य संरक्षक डॉ. महेश शर्मा, सांसद गौतमबुद्ध नगर एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री भारत सरकार; पश्चिमी क्षेत्रीय उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष श्री नवाब सिंह नागर; नोएडा के विधायक श्री पंकज सिंह; उत्तर प्रदेश महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष श्रीमती विमला बाथम; उत्तर प्रदेश कृषि अनुसंधान परिषद के अध्यक्ष कैप्टन विकास गुप्ता; कार्यक्रम अध्यक्ष मुकेश शर्मा; स्वागत अध्यक्ष श्री पीयूष द्विवेदी; कार्यक्रम संयोजक श्री मधुसूदन दादू; डॉ. वी.एस. चौहान, सीएमडी प्रकाश हॉस्पिटल तथा श्री पी.के. अग्रवाल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहेंगे।
रामलीला मंचन का संचालन हरि शक्ति कला ट्रस्ट के निदेशक पंकज शर्मा, अमित शर्मा, कमल गिरीश, हरीश शर्मा और मुकेश शर्मा द्वारा किया जाएगा। समिति ने बताया कि इस बार प्रसिद्ध कलाकारों के माध्यम से रामायण के प्रसंगों को भव्य और आकर्षक रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।
15 अक्टूबर को निकलेगी भव्य राम बारात
भगवान श्रीराम की भव्य बारात 15 अक्टूबर को निकाली जाएगी। बारात दोपहर 3 बजे श्री सनातन धर्म मंदिर, सेक्टर-19, नोएडा से शुरू होगी। बैंड-बाजे, रथ, ढोल-नगाड़ों और आकर्षक झांकियों से सजी यह बारात नोएडा के विभिन्न सेक्टरों से होते हुए रात 8 बजे रामलीला मैदान, सेक्टर-21ए पहुंचेगी।
समिति के पदाधिकारियों के मुताबिक, राम बारात को आकर्षक बनाने के लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं। धार्मिक झांकियों और पारंपरिक संगीत के माध्यम से शहरवासियों को उत्सव से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
80 फीट ऊंचा होगा रावण, कुंभकरण का पुतला 75 फीट का
विजयादशमी का मुख्य कार्यक्रम 20 अक्टूबर को आयोजित किया जाएगा। इस दिन बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक के रूप में रावण, कुंभकरण और मेघनाथ के पुतलों का दहन होगा। समिति ने बताया कि इस वर्ष रावण का पुतला 80 फीट, कुंभकरण का 75 फीट और मेघनाथ का 65 फीट ऊंचा बनाया जा रहा है।
पुतलों को रंग-बिरंगी सजावट और बिजली की रोशनी से आकर्षक बनाया जाएगा। दहन के दौरान आतिशबाजी का कार्यक्रम भी होगा। समिति को उम्मीद है कि विजयादशमी पर बड़ी संख्या में शहरवासी परिवारों के साथ कार्यक्रम देखने पहुंचेंगे।
21 अक्टूबर को भरत मिलाप और डांडिया के साथ समापन
रामलीला महोत्सव का समापन 21 अक्टूबर को भरत मिलाप के साथ होगा। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम और डांडिया का आयोजन भी किया जाएगा। समिति के अनुसार, पूरे आयोजन के दौरान धार्मिक मंचन के साथ सांस्कृतिक गतिविधियों को भी विशेष स्थान दिया गया है।
सुरक्षा और दर्शकों की सुविधाओं के लिए विशेष इंतजाम
समिति ने बताया कि आयोजन के लिए प्रशासन से सभी आवश्यक अनुमतियां प्राप्त कर ली गई हैं। मैदान में श्रद्धालुओं के बैठने की समुचित व्यवस्था की जा रही है। सुरक्षा के मद्देनजर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और सुरक्षाकर्मियों, स्वयंसेवकों तथा संस्था के सदस्यों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।
पूरे आयोजन के दौरान खानपान के फूड स्टॉल, झूले, सर्कस और फायर क्रैकर शो भी आकर्षण का हिस्सा होंगे। समिति के मुताबिक, रामलीला मंचन देखने के लिए प्रतिदिन हजारों लोग पहुंचते हैं, जबकि विजयादशमी के दिन वीआईपी अतिथियों, अधिकारियों, प्रमुख व्यक्तियों और आम नागरिकों सहित बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है।
प्रेसवार्ता में समिति के ये पदाधिकारी और सदस्य रहे मौजूद
प्रेसवार्ता के दौरान संस्था के चेयरमैन डॉ. टी.एन. गोविल, अध्यक्ष टी.एन. चौरसिया, महासचिव संजय बाली, कार्यकारी अध्यक्ष सुशील भारद्वाज, कोषाध्यक्ष अल्पेश गर्ग, रमेश कुमार, एस.के.एस. राणा, अनुज गुप्ता, सत्यनारायण गोयल, पंकज जिंदल, मित्रा शर्मा, विपिन मलन, जनक भाटिया, तरुण राज, नवीन सोनी, जे.सी. माहेश्वरी, समीर अग्रवाल, वीरेन्द्र मेहता, नरेन्द्र चोपड़ा, मनीष अग्रवाल, पवनदीप सिंह, विपिन बंसल, अनिल गुप्ता, विनय शर्मा, सौरभ गोविल, महेन्द्र कटारिया, राजीव अजमानी, संजय गोयल, विकास जैन, अखिलेश बधोरिया, जितेन्द्र सिंह, महेश चौहान, प्रमोद शर्मा, अशोक मिश्रा, अर्चना राय, केशव गंगल, अतुल वर्मा, जतिन, रोहित श्रीवास्तव, सुंदर सिंह राणा, एन.के. अग्रवाल, पुनीत शुक्ला, प्रमोद रंगा, चन्द्रपाल सिंह, श्रेया चतुर्वेदी, विनोद शर्मा, सुनील कुमार, देवेंद्र गंगल, कुलदीप गुप्ता, मुकेश गुप्ता, योगेन्द्र शर्मा, अतुल मित्तल, डॉ. एस.पी. जैन, संजय जैन, अमित पोरवाल, मनोज पोरवाल, नरेश बंसल, छाया राय, विशाल कश्यप, लोकेश कश्यप, गिरिजा सिंह और राम कुमार शर्मा सहित बड़ी संख्या में समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
समिति ने शहरवासियों से अपील की है कि वे परिवार सहित रामलीला महोत्सव में पहुंचकर भगवान श्रीराम के आदर्शों, भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं से जुड़ें।
यह भी पढ़ें