त्योहारों से पहले नोएडा प्राधिकरण अलर्ट, 312 स्थानों के निरीक्षण में 72 जगह मिली सफाई व्यवस्था खराब
मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने अधिकारियों को 10 दिन में सफाई सुधारने का दिया अल्टीमेटम; लापरवाही पर अनुशासनात्मक कार्रवाई और कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश
अनप्लग इंडिया। डेस्क
नोएडा। आगामी त्योहारों को देखते हुए नोएडा प्राधिकरण ने शहर की सफाई, विद्युतीकरण, जलापूर्ति और सीवेज व्यवस्था को दुरुस्त करने की तैयारी तेज कर दी है। इसी क्रम में बुधवार को प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर की व्यवस्थाओं की समीक्षा के साथ अधिकारियों को साफ-सफाई में तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए गए।
प्राधिकरण की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने शहर के 312 स्थानों का निरीक्षण कराया था। इनमें से करीब 72 स्थानों पर सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाई गई। इस पर उन्होंने गहरी नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
10 दिन में सुधार नहीं हुआ तो होगी कार्रवाई
बैठक में वरिष्ठ प्रबंधकों को निर्देश दिया गया कि वे अगले 10 दिनों के भीतर अपने क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था में सुधार सुनिश्चित करें। इसके लिए अधीनस्थ प्रबंधकों और अवर अभियंताओं को भी नियमित निरीक्षण करने को कहा गया है।
प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि अगली समीक्षा बैठक में यदि सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं पाया गया तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही वरिष्ठ प्रबंधकों को कारण बताओ नोटिस जारी करने और प्रबंधक, सहायक प्रबंधक तथा सुपरवाइजर की जिम्मेदारी तय करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
त्योहारों से पहले तैयार होंगे अस्थायी घाट और तालाब
त्योहारों के मद्देनजर नोएडा के विभिन्न स्थानों पर बनाए जाने वाले अस्थायी तालाब और घाट समय से पहले तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। इन स्थानों पर जरूरत के अनुसार सुरक्षा इंतजाम भी किए जाएंगे।
प्राधिकरण ने घाटों और तालाबों के सौंदर्यीकरण, आकर्षक लाइटिंग तथा पीए सिस्टम लगाने के निर्देश भी दिए हैं, ताकि त्योहारों के दौरान लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
अधिकारियों को नियमित निरीक्षण की जिम्मेदारी
मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने सभी वरिष्ठ प्रबंधकों को निर्देश दिया कि वे आगामी त्योहारों को ध्यान में रखते हुए अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण करते रहें। सफाई, बिजली, पानी और सीवेज से जुड़ी व्यवस्थाओं को समय रहते दुरुस्त रखने की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की होगी।
यह भी पढ़ें