पैकेट वाले खाद्य पदार्थों पर लगेगा खतरे का लाल निशान, सुप्रीम कोर्ट ने दिए निर्देश
ज्यादा चीनी, नमक और फैट वाले उत्पादों की पहचान होगी आसान; छह कोनों वाले लाल निशान में लिखना होगा ‘हाई शुगर’, ‘हाई सॉल्ट’ या ‘हाई फैट’, FSSAI तय करेगा वैज्ञानिक मानकों के आधार पर सीमा
अनप्लग इंडिया। डेस्क
नई दिल्ली। पैकेट में मिलने वाले खाद्य पदार्थों में जरूरत से ज्यादा चीनी, नमक और फैट की मात्रा को लेकर अब उपभोक्ताओं को पहले से अधिक सतर्क करने की तैयारी है। सुप्रीम कोर्ट ने ऐसे उत्पादों के पैकेट पर स्पष्ट चेतावनी चिह्न लगाने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत अधिक चीनी, नमक या फैट वाले खाद्य पदार्थों के पैकेट के सामने छह कोनों वाला लाल निशान लगाना होगा। इस पर संबंधित श्रेणी के अनुसार ‘हाई शुगर’, ‘हाई सॉल्ट’ या ‘हाई फैट’ लिखा जाएगा।
जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस के विनोद चंद्रन की पीठ ने केंद्र सरकार और भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) को इस संबंध में निर्देश दिए हैं। कोर्ट ने कहा कि चीनी की मात्रा निर्धारित करने के लिए कुल शुगर और फैट के आकलन के लिए सैचुरेटेड फैट को आधार बनाया जाए। FSSAI को वैज्ञानिक अध्ययन के आधार पर इनकी सीमा तय करनी होगी।
जनहित याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने लिया संज्ञान
यह मामला ‘3S एंड आवर हेल्थ सोसाइटी’ नामक पब्लिक चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से दायर जनहित याचिका से जुड़ा है। याचिका में पैकेट और डिब्बाबंद खाद्य पदार्थों पर अनिवार्य चेतावनी लेबल लगाने की मांग की गई थी।
याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता राजीव शंकर द्विवेदी ने पैरवी की। सुप्रीम कोर्ट ने 28 सितंबर को मामले में सुनवाई पूरी करने के बाद फैसला सुरक्षित रख लिया था।
FSSAI ने दो चरणों में लागू करने का दिया था प्रस्ताव
FSSAI ने चेतावनी लेबल लागू करने के लिए दो चरणों की योजना का प्रस्ताव रखा था। इसका उद्देश्य खाद्य उद्योग को अपने उत्पादों में जरूरी बदलाव करने के लिए समय देना था।
प्रस्तावित पहले चरण में उन उत्पादों पर लाल चेतावनी चिह्न लगाने की बात थी, जिनमें चीनी, नमक और फैट में से कम से कम दो की मात्रा निर्धारित सीमा से अधिक हो। इसमें अधिक मीठे कोल्ड ड्रिंक्स भी शामिल होंगे।
दूसरे चरण में यह व्यवस्था उन उत्पादों पर भी लागू करने का प्रस्ताव था, जिनमें इन तीनों में से किसी एक की मात्रा भी तय सीमा से ज्यादा होगी।
किन मानकों के आधार पर होगी पहचान?
किसी खाद्य उत्पाद को हाई फैट, हाई शुगर या हाई सॉल्ट (HFSS) श्रेणी में रखने के लिए ICMR-नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ न्यूट्रिशन की ‘डायट्री गाइडलाइंस फॉर इंडियंस-2024’ को आधार बनाने की बात कही गई है।
FSSAI को वैज्ञानिक मूल्यांकन के आधार पर यह तय करना होगा कि किस मात्रा से अधिक होने पर किसी उत्पाद को संबंधित श्रेणी में रखा जाएगा।
कुछ खाद्य पदार्थों को मिल सकती है छूट
प्रस्ताव के मुताबिक, कुछ चुनिंदा श्रेणियों के उत्पादों को फ्रंट-ऑफ-पैक चेतावनी लेबल से बाहर रखा जा सकता है। इनमें एक ही सामग्री से बने उत्पाद और कुछ ऐसे खाद्य पदार्थ शामिल हैं, जिनमें प्राकृतिक रूप से चीनी, नमक या फैट अधिक होता है।
उदाहरण के तौर पर शुद्ध घी, खाद्य तेल, साधारण नमक, चीनी, गुड़ और शहद को प्रस्तावित छूट वाली श्रेणियों में रखा गया है।
क्या है फ्रंट-ऑफ-पैक लेबलिंग?
फ्रंट-ऑफ-पैक लेबलिंग यानी FOPL वह जानकारी है, जो किसी खाद्य उत्पाद के पैकेट के सामने वाले हिस्से पर दी जाती है। इसका उद्देश्य ग्राहक को उत्पाद में मौजूद चीनी, नमक और फैट की मात्रा के बारे में सरल और तुरंत समझ आने वाली जानकारी देना है।
फिलहाल पैकेट वाले खाद्य पदार्थों के पीछे या किनारे पर पोषण संबंधी जानकारी दी जाती है। इसमें कैलोरी, प्रोटीन, फैट, शुगर और सोडियम जैसी चीजों की मात्रा का विवरण होता है। लेकिन छोटे अक्षरों और तकनीकी शब्दों के कारण कई बार उपभोक्ताओं के लिए इसे समझना मुश्किल होता है।
नई व्यवस्था का मकसद खरीदारी के समय ही उपभोक्ता को यह समझने में मदद करना है कि किसी उत्पाद में कौन-से पोषक तत्व अधिक मात्रा में मौजूद हैं।
सैचुरेटेड और अनसैचुरेटेड फैट में क्या अंतर?
सैचुरेटेड फैट: यह घी, मक्खन, मलाई, पनीर, चीज, फैटी मीट और नारियल तेल जैसी चीजों में पाया जाता है। इसका अधिक सेवन रक्त में LDL यानी खराब कोलेस्ट्रॉल बढ़ा सकता है।
अनसैचुरेटेड फैट: यह मूंगफली, बादाम, अखरोट, तिल, सरसों और जैतून के तेल तथा मछली में पाया जाता है। संतुलित मात्रा में इसका सेवन हृदय स्वास्थ्य के लिए बेहतर माना जाता है।
क्यों जरूरी मानी जा रही है यह व्यवस्था?
पैकेट वाले और अल्ट्रा-प्रोसेस्ड खाद्य पदार्थों में अधिक चीनी, नमक और फैट का सेवन स्वास्थ्य के लिए जोखिम बढ़ा सकता है। ऐसे खान-पान को जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों की एक महत्वपूर्ण वजह माना जाता है।
चेतावनी चिह्न लागू होने से ग्राहकों को उत्पाद चुनते समय पोषण संबंधी जानकारी समझने में आसानी हो सकती है। इससे वे अपने खान-पान को लेकर अधिक जागरूक निर्णय ले सकेंगे।
यह भी पढ़ें