टाटा मोटर्स और इवेको ग्रुप साथ आए, वैश्विक कमर्शियल व्हीकल बाजार में बनेगी नई ताकत
130 से अधिक देशों में होगा संयुक्त कारोबार, 73 हजार से ज्यादा कर्मचारी जुड़ेंगे; 27 मैन्युफैक्चरिंग प्लांट और 25 रिसर्च सेंटर के साथ 2.28 लाख करोड़ रुपये से अधिक का संयुक्त राजस्व
अनप्लग इंडिया। डेस्क
मुंबई/ट्यूरिन। भारतीय वाहन निर्माता टाटा मोटर्स और यूरोप की प्रमुख कमर्शियल व्हीकल कंपनी इवेको ग्रुप ने वैश्विक स्तर पर अपने कारोबार को नई दिशा देने के लिए हाथ मिलाया है। दोनों कंपनियों ने एक साथ मिलकर वैश्विक कमर्शियल मोबिलिटी कारोबार को आगे बढ़ाने की शुरुआत की है। इस साझेदारी से 130 से अधिक देशों में फैला एक बड़ा कारोबारी नेटवर्क तैयार होगा, जिसका संयुक्त राजस्व करीब 21 अरब यूरो यानी 2.28 लाख करोड़ रुपये से अधिक होगा।
कंपनियों के अनुसार, संयुक्त उद्यम का विस्तार यूरोप, भारत, दक्षिण अमेरिका, एशिया, मध्य पूर्व और अफ्रीका के प्रमुख बाजारों में होगा। ट्रक बिक्री के आधार पर छह टन से अधिक के कमर्शियल व्हीकल सेगमेंट में यह संयुक्त कारोबार दुनिया का चौथा सबसे बड़ा निर्माता होगा।
27 मैन्युफैक्चरिंग प्लांट और 25 रिसर्च सेंटर का नेटवर्क
टाटा मोटर्स और इवेको ग्रुप के संयुक्त कारोबार को वैश्विक स्तर पर मजबूत उत्पादन और अनुसंधान नेटवर्क का लाभ मिलेगा। इसके तहत 27 मैन्युफैक्चरिंग साइट, 25 रिसर्च एंड डेवलपमेंट सेंटर और 9,300 से अधिक सेल्स एवं सर्विस सेंटर शामिल होंगे।
दोनों कंपनियों की संयुक्त वाहन बिक्री क्षमता करीब 5.90 लाख यूनिट बताई गई है। इस नेटवर्क के माध्यम से ग्राहकों को अलग-अलग बाजारों में वाहनों, तकनीक और आफ्टर-सेल्स सेवाओं के अधिक विकल्प उपलब्ध कराने की योजना है।
टाटा और इवेको की अलग-अलग पहचान रहेगी बरकरार
टाटा संस, टाटा मोटर्स और इवेको ग्रुप के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने इटली के ट्यूरिन में आयोजित वैश्विक प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस नए अध्याय की शुरुआत की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि दोनों कंपनियां साझा मूल्यों, टिकाऊ परिवहन और कमर्शियल मोबिलिटी के भविष्य को लेकर एक जैसी सोच रखती हैं। संयुक्त ताकत, तकनीक और प्रतिभा के माध्यम से सुरक्षित, स्मार्ट, कनेक्टेड और पर्यावरण के अनुकूल परिवहन समाधान विकसित करने पर ध्यान दिया जाएगा।
कंपनियों ने स्पष्ट किया है कि इवेको ग्रुप का मुख्यालय इटली के ट्यूरिन में ही रहेगा। उसके ब्रांड, कर्मचारी और औद्योगिक ढांचा अपनी अलग पहचान बनाए रखेंगे। टाटा मोटर्स इवेको की मौजूदा रणनीति और निवेश योजनाओं को आगे बढ़ाने में सहयोग करेगी।
इलेक्ट्रिक और हाइड्रोजन तकनीक पर भी रहेगा जोर
दोनों कंपनियां पारंपरिक इंजन तकनीक के साथ-साथ प्राकृतिक गैस, बैटरी इलेक्ट्रिक, हाइड्रोजन और कम उत्सर्जन वाले अन्य विकल्पों पर भी काम करेंगी। संयुक्त तकनीकी क्षमता से वाहन निर्माण, पावरट्रेन, सॉफ्टवेयर और कनेक्टेड टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में नए उत्पाद विकसित करने की संभावनाएं बढ़ेंगी।
इस सहयोग का उद्देश्य अलग-अलग देशों और ग्राहकों की जरूरतों के अनुसार स्वच्छ और आधुनिक कमर्शियल वाहन उपलब्ध कराना है। कंपनियों का मानना है कि संयुक्त अनुसंधान और तकनीकी अनुभव से नए समाधान बाजार तक तेजी से पहुंचाए जा सकेंगे।
टाटा के छोटे-बड़े वाहन, इवेको की यूरोपीय बाजार में मजबूत पकड़
टाटा मोटर्स का कमर्शियल व्हीकल पोर्टफोलियो एक टन से कम क्षमता वाले वाहनों से लेकर 55 टन तक के मालवाहक वाहनों और 10 से 51 सीटों वाले यात्री वाहनों तक फैला है। भारत के अलावा एशिया, मध्य पूर्व और उत्तरी अफ्रीका के बाजारों में कंपनी की मजबूत मौजूदगी है।
वहीं, इवेको ग्रुप के पास हल्के, मध्यम और भारी कमर्शियल वाहनों के साथ शहरों और लंबी दूरी के लिए बसों का व्यापक पोर्टफोलियो है। यूरोप और लैटिन अमेरिका में उसकी मजबूत बाजार उपस्थिति है। इवेको ग्रुप की कंपनी FPT सड़क परिवहन, ऑफ-रोड, समुद्री और बिजली उत्पादन से जुड़े क्षेत्रों के लिए पावरट्रेन तकनीक उपलब्ध कराती है।
दोनों कंपनियों के उत्पाद और बाजार एक-दूसरे के पूरक हैं। इससे ग्राहकों को वाहनों, इंजन तकनीक और परिवहन समाधानों के ज्यादा विकल्प मिलने की उम्मीद है।
73 हजार से अधिक कर्मचारियों को मिलेगा वैश्विक अवसर
टाटा मोटर्स और इवेको ग्रुप के संयुक्त कारोबार में छह महाद्वीपों में फैले 73 हजार से अधिक कर्मचारी शामिल होंगे। कंपनियों का कहना है कि इंजीनियरिंग, तकनीक, बाजार की जानकारी और काम करने के बेहतर तरीकों का दोनों ओर आदान-प्रदान किया जाएगा।
इससे कर्मचारियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सीखने, सहयोग करने और करियर विकास के नए अवसर मिल सकते हैं। साथ ही सप्लायर, डीलर और वितरण नेटवर्क से जुड़े कारोबारियों के लिए भी नए बाजारों तक पहुंच बनाने की संभावनाएं खुलेंगी।
ग्राहकों और डीलरों के मौजूदा समझौतों में बदलाव नहीं
कंपनियों ने ग्राहकों, डीलरों, सप्लायर और कारोबारी साझेदारों के लिए मौजूदा व्यवस्थाओं को जारी रखने की बात कही है। उनके अनुसार, पहले से किए गए ग्राहक अनुबंध, डीलर और सप्लायर संबंध, वारंटी, आफ्टरमार्केट सेवाएं तथा वित्तीय सुविधाएं पहले की तरह जारी रहेंगी। इनके लिए मौजूदा टीमें और नेटवर्क काम करते रहेंगे।
टाटा मोटर्स और इवेको ग्रुप का लक्ष्य भारत और यूरोप में अपनी मजबूत मौजूदगी के साथ लैटिन अमेरिका तथा अन्य अंतरराष्ट्रीय बाजारों में कारोबार का विस्तार करना है। दोनों कंपनियां संयुक्त क्षमता के जरिए कमर्शियल परिवहन क्षेत्र में तकनीकी नवाचार, बाजार पहुंच और स्वच्छ मोबिलिटी को आगे बढ़ाने की दिशा में काम करेंगी।
यह भी पढ़ें