जापान की यामाटो के साथ बेलराइज इंडस्ट्रीज का समझौता, भारत में बनाएगी एयर और ऑयल फिल्टर
ऑटोमोबाइल और औद्योगिक क्षेत्र के लिए फिल्ट्रेशन व एयर इनटेक उत्पादों का होगा निर्माण, तकनीकी सहयोग से घरेलू उत्पादन को मिलेगा बढ़ावा
अनप्लग इंडिया। डेस्क
मुंबई। ऑटोमोबाइल कलपुर्जे बनाने वाली भारतीय कंपनी बेलराइज इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने जापान की कंपनी यामाटो (YAMATO CO., LTD.) के साथ लाइसेंस और तकनीकी सहायता समझौता किया है। इस साझेदारी के तहत बेलराइज भारत में एयर फिल्टर, ऑयल फिल्टर और रेजिन आधारित एयर इनटेक मैनिफोल्ड का निर्माण और बिक्री कर सकेगी।
कंपनी की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, समझौते के तहत यामाटो बेलराइज को इन उत्पादों के डिजाइन, विकास, परीक्षण और निर्माण के लिए तकनीकी जानकारी, लाइसेंस और जरूरी सहयोग उपलब्ध कराएगी। इन उत्पादों का इस्तेमाल भारतीय ऑटोमोबाइल और औद्योगिक क्षेत्र की ओरिजिनल इक्विपमेंट मैन्युफैक्चरर्स (OEMs) की जरूरतों को पूरा करने के लिए किया जाएगा।
इस सहयोग से बेलराइज की मौजूदा इंजीनियरिंग और विनिर्माण क्षमता को यामाटो की फिल्ट्रेशन तकनीक और रेजिन आधारित एयर इनटेक मैनिफोल्ड के विशेषज्ञ ज्ञान का लाभ मिलेगा। कंपनी को उम्मीद है कि इससे इन उत्पादों का भारत में ही निर्माण बढ़ेगा और घरेलू आपूर्ति व्यवस्था मजबूत होगी।
उत्पाद पोर्टफोलियो का विस्तार करेगी कंपनी
बेलराइज इंडस्ट्रीज के प्रेसिडेंट-स्ट्रेटजी सुमेध बडवे ने कहा कि कंपनी अपनी इंजीनियरिंग क्षमताओं का विस्तार करने, आधुनिक तकनीक अपनाने और ग्राहकों को बेहतर समाधान देने पर ध्यान दे रही है। यामाटो के साथ यह साझेदारी तकनीकी विशेषज्ञता और अपनी विनिर्माण क्षमता को जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे उत्पाद पोर्टफोलियो बढ़ाने और उन्नत तकनीक वाले उत्पादों का स्थानीय स्तर पर निर्माण करने में मदद मिलेगी।
यामाटो जापान की कंपनी है, जो ऑटोमोबाइल और गैर-ऑटोमोबाइल क्षेत्रों के लिए एयर और ऑयल फिल्ट्रेशन उत्पादों का निर्माण करती है। कंपनी के पास मेटल से रेजिन आधारित एयर इनटेक मैनिफोल्ड विकसित करने की विशेष तकनीकी जानकारी भी है।
बेलराइज के अनुसार, इस समझौते से उसे भारतीय बाजार की जरूरतों के अनुरूप उत्पाद विकसित करने और उनका निर्माण करने में मदद मिलेगी। साथ ही, कंपनी ऑटोमोबाइल और औद्योगिक क्षेत्र के ग्राहकों को स्थानीय स्तर पर बेहतर आपूर्ति उपलब्ध कराने की दिशा में अपनी क्षमता मजबूत करना चाहती है।
यह भी पढ़ें