त्योहारों पर नोएडा में 24 घंटे मिलेंगी बसें, 305 बसें लगाएंगी 900 अतिरिक्त फेरे
6 से 17 नवंबर तक चलेगी विशेष व्यवस्था, दीपावली और छठ पर यात्रियों को मिलेगी राहत; चालक-परिचालकों की छुट्टियां रद्द, ड्यूटी करने पर 4,800 रुपये तक प्रोत्साहन राशि
अनप्लग इंडिया। डेस्क
नोएडा। दीपावली, भाईदूज और छठ पर्व पर घर जाने वाले यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए नोएडा और ग्रेटर नोएडा डिपो ने विशेष बस संचालन की तैयारी की है। दोनों डिपो की 305 बसें 6 से 17 नवंबर तक 900 अतिरिक्त फेरे लगाएंगी। यात्रियों की संख्या बढ़ने पर रात में भी बसों का संचालन किया जाएगा। इसके लिए चालक और परिचालकों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं।
परिवहन निगम के आदेश के अनुसार, दीपावली 8 नवंबर और छठ पर्व 15 नवंबर को है। त्योहारों के दौरान बसों में यात्रियों की भीड़ को देखते हुए 12 दिनों तक अतिरिक्त बस सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। विशेष परिस्थितियों को छोड़कर कर्मचारियों को छुट्टी नहीं मिलेगी।
दोनों डिपो की 305 बसें तैयार
क्षेत्रीय प्रबंधक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि नोएडा और ग्रेटर नोएडा डिपो की सभी 305 बसों को दुरुस्त करा लिया गया है। 6 से 17 नवंबर तक यात्रियों को 24 घंटे बस सुविधा उपलब्ध कराने की तैयारी है। जरूरत के अनुसार रात में भी बसें चलाई जाएंगी, ताकि त्योहारों के दौरान यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी न हो।
इन शहरों के लिए मिलेंगी बसें
नोएडा डिपो से कई प्रमुख शहरों के लिए बस सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। इनमें बुलंदशहर, हरिद्वार, कोटद्वार, बिजनौर, मथुरा, आगरा, देहरादून, एटा और सहारनपुर शामिल हैं। नोएडा से लखनऊ के लिए भी बस सेवा मिलेगी।
वहीं, अन्य लंबी दूरी के शहरों के लिए यात्रियों को दिल्ली और गाजियाबाद के बस अड्डों से बस पकड़नी होगी।
ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों को 4,800 रुपये तक प्रोत्साहन
त्योहारों के दौरान बिना छुट्टी लिए ड्यूटी करने वाले चालक और परिचालकों को अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। संविदा और आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को 11 दिन ड्यूटी करने और प्रतिदिन औसतन 300 किलोमीटर बस चलाने पर 4,400 रुपये मिलेंगे। 12 दिन ड्यूटी करने पर यह राशि बढ़कर 4,800 रुपये हो जाएगी।
ई-बस चलाने वाले नियमित और संविदा चालकों को 11 दिन में 3,300 किलोमीटर बस चलाने पर 1,000 रुपये अतिरिक्त दिए जाएंगे।
कार्यशाला कर्मचारियों को भी मिलेगा लाभ
बसों के रखरखाव और मरम्मत से जुड़े कार्यशाला कर्मचारियों के लिए भी प्रोत्साहन राशि तय की गई है। उन्हें 11 दिन ड्यूटी करने पर 2,100 रुपये और 12 दिन ड्यूटी करने पर 2,500 रुपये दिए जाएंगे।
परिवहन निगम की इस व्यवस्था का उद्देश्य त्योहारों के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को संभालना और बस सेवाओं को सुचारु बनाए रखना है।
यह भी पढ़ें