परिसीमन बिल पर सहमति बनाने में जुटी सरकार, सभी राज्यों में 50% सीटें बढ़ाने का प्रस्ताव
लोकसभा की सदस्य संख्या 543 से बढ़ाकर 815 करने की तैयारी; DMK, NCP (SP) और YSRCP से समर्थन मिलने की उम्मीद, दो-तिहाई बहुमत जुटाना सरकार के सामने चुनौती
अनप्लग इंडिया। डेस्क
नई दिल्ली। संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से दोबारा शुरू होने जा रहा है। इससे पहले केंद्र सरकार परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को पारित कराने के लिए राजनीतिक सहमति बनाने में जुटी है। सरकार सभी राज्यों में लोकसभा की मौजूदा सीटों में समान रूप से 50 प्रतिशत बढ़ोतरी करने के फॉर्मूले पर विचार कर रही है। इसके तहत राज्यों के बीच सीटों का वर्तमान अनुपात बनाए रखने का प्रस्ताव है।
इस फॉर्मूले का उद्देश्य दक्षिण भारतीय राज्यों की उस आशंका को दूर करना है, जिसके मुताबिक जनसंख्या के आधार पर परिसीमन होने से उत्तर प्रदेश और बिहार जैसे अधिक आबादी वाले राज्यों की सीटें तेजी से बढ़ सकती हैं और दक्षिणी राज्यों का संसद में प्रतिनिधित्व तुलनात्मक रूप से कम हो सकता है।
सरकार को विधेयक पारित कराने के लिए संसद में दो-तिहाई बहुमत की जरूरत होगी। इसके लिए DMK, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) और YSR कांग्रेस पार्टी से समर्थन मिलने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, इन दलों का समर्थन अभी संभावित और शर्तों पर आधारित बताया जा रहा है।
अमित शाह पहले भी दे चुके हैं 50% सीटें बढ़ाने का सुझाव
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अप्रैल में भी सभी राज्यों की लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत बढ़ोतरी का प्रस्ताव रखा था। हालांकि, उस समय यह आश्वासन संविधान संशोधन विधेयक में शामिल नहीं था।
अप्रैल में लोकसभा में पेश संविधान संशोधन विधेयक को 298 वोट मिले थे, जबकि दो-तिहाई बहुमत के लिए 352 वोटों की जरूरत बताई गई थी। इस तरह सरकार को 54 वोट कम मिले थे। अब सरकार इस फॉर्मूले को विधेयक में स्पष्ट रूप से शामिल करने पर विचार कर रही है, ताकि राज्यों की चिंताओं को दूर कर समर्थन जुटाया जा सके।
लोकसभा में NDA को 40 सांसदों के समर्थन की जरूरत
परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को लोकसभा में पारित कराने के लिए दो-तिहाई बहुमत जरूरी है। रिपोर्ट के मुताबिक, 540 सदस्यों वाली लोकसभा में सभी सांसदों के मतदान करने की स्थिति में 360 वोटों की आवश्यकता होगी।
फिलहाल NDA के पास करीब 320 सांसदों का समर्थन बताया जा रहा है। ऐसे में सरकार को लगभग 40 अतिरिक्त सांसदों की जरूरत होगी।
सरकार को DMK, NCP (शरदचंद्र पवार) और YSR कांग्रेस पार्टी से समर्थन की उम्मीद है। इन तीनों दलों के लोकसभा में कुल 34 सांसद बताए गए हैं। इनमें DMK के 22, NCP (SP) के 8 और YSRCP के 4 सांसद शामिल हैं। यदि तीनों दल विधेयक के पक्ष में मतदान करते हैं, तो NDA के समर्थन में 354 वोट हो सकते हैं।
इसके अलावा सरकार UPPL और ZPM के एक-एक सांसद का समर्थन जुटाने की कोशिश कर सकती है। बाकी वोटों के लिए विपक्षी दलों में क्रॉस वोटिंग की संभावना पर भी नजर रखी जा रही है।
राज्यसभा में भी समर्थन जुटाने की कोशिश
राज्यसभा में संविधान संशोधन विधेयक पारित कराने के लिए सरकार को 161 सांसदों के समर्थन की जरूरत बताई गई है। फिलहाल NDA के पास करीब 151 सांसदों का समर्थन है। इस लिहाज से उसे 11 अतिरिक्त वोट जुटाने होंगे।
सरकार को DMK के 8, YSRCP के 4 और NCP (SP) के एक सांसद का समर्थन मिलने की उम्मीद है। इन दलों का साथ मिलने पर सरकार के पक्ष में 164 वोट हो सकते हैं, जो जरूरी संख्या से तीन अधिक होंगे। हालांकि, इन दलों का समर्थन अभी अंतिम नहीं माना जा रहा है।
815 सीटों तक बढ़ सकती है लोकसभा की सदस्य संख्या
सरकार की प्रस्तावित योजना के तहत लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों को बढ़ाकर 815 करने की बात है। सभी राज्यों की सीटों में 50 प्रतिशत की समान वृद्धि की जाएगी। इस कदम को 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले महिला आरक्षण लागू करने की प्रक्रिया से भी जोड़कर देखा जा रहा है।
प्रस्तावित गणना के मुताबिक, हिंदी भाषी उत्तर भारतीय राज्यों की सीटें 207 से बढ़कर 311 हो सकती हैं। यानी इस क्षेत्र में 104 सीटों का इजाफा होगा। वहीं, दक्षिण भारतीय राज्यों की सीटें 132 से बढ़कर 198 होने का अनुमान है।
इस तरह हिंदी भाषी राज्यों में सीटों की संख्या दक्षिण भारतीय राज्यों के मुकाबले अधिक बढ़ेगी। राजनीतिक विश्लेषण के मुताबिक, इसका लाभ भाजपा को मिल सकता है, क्योंकि उत्तर भारत के हिंदी भाषी राज्यों में पार्टी का चुनावी प्रदर्शन मजबूत रहा है।
2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने 303 सीटें जीती थीं, जिनमें से 168 सीटें हिंदी भाषी राज्यों से आई थीं। वहीं, 2024 के चुनाव में पार्टी को कुल 240 सीटें मिली थीं, जिनमें 118 इसी क्षेत्र से थीं। ऐसे में यदि सीटों में बढ़ोतरी के बाद भाजपा इन राज्यों में अपना पिछला प्रदर्शन दोहराती है, तो उसकी लोकसभा में संख्या बढ़ सकती है।
विपक्ष को परिसीमन की प्रक्रिया और राजनीतिक लाभ की आशंका
कांग्रेस सहित विपक्षी दल महिला आरक्षण के समर्थन में हैं, लेकिन परिसीमन की प्रक्रिया और सरकार की मंशा को लेकर सवाल उठा रहे हैं।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अप्रैल में आरोप लगाया था कि संविधान संशोधन के जरिए परिसीमन और निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं में बदलाव कर सत्ता पर कब्जा करने की कोशिश की जा रही है। सरकार इन आरोपों को खारिज कर चुकी है।
कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने भी कहा था कि उनकी पार्टी महिला आरक्षण का समर्थन करती है, लेकिन सरकार की मंशा को लेकर सवाल हैं। कांग्रेस नेता शशि थरूर ने परिसीमन में केवल जनसंख्या को आधार बनाने पर आपत्ति जताई थी। उन्होंने दक्षिणी, पूर्वोत्तर और छोटे राज्यों से बातचीत की जरूरत बताई थी।
विपक्ष की चार प्रमुख मांगें
विपक्षी दलों की ओर से परिसीमन और महिला आरक्षण को लेकर चार प्रमुख मांगें रखी गई थीं:
- लोकसभा की सदस्य संख्या 543 ही रखी जाए।
- सभी राज्यों की मौजूदा लोकसभा सीटों की संख्या बरकरार रहे।
- मौजूदा 543 सीटों में से 182 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित की जाएं।
- संविधान संशोधन के जरिए इस व्यवस्था को अगले 25 वर्षों तक लागू रखा जाए।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, विपक्ष ने संकेत दिया था कि यदि सरकार इन मांगों पर सहमत होती है तो वह विधेयकों का समर्थन कर सकता है। हालांकि, इन शर्तों को स्वीकार करने का मतलब लोकसभा की सदस्य संख्या बढ़ाने और निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं में बदलाव की मौजूदा योजना में संशोधन करना हो सकता है।
अब सरकार के सामने सबसे बड़ी चुनौती राज्यों की चिंताओं को दूर करते हुए लोकसभा और राज्यसभा, दोनों सदनों में जरूरी दो-तिहाई बहुमत जुटाने की है।
यह भी पढ़ें