ब्रेकिंग
कश्मीर में जमने लगा पानी, श्रीनगर में सीजन की सबसे ठंडी रात; राजस्थान-MP में शीतलहर का अलर्ट
13 राज्यों में घने कोहरे की चेतावनी, 22 शहरों में पारा 10 डिग्री से नीचे; दिल्ली में लगातार 12वें दिन खराब रही हवा
अनप्लग इंडिया। डेस्क
नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में सर्दी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। जम्मू-कश्मीर से लेकर राजस्थान और मध्य प्रदेश तक तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। श्रीनगर में गुरुवार रात न्यूनतम तापमान माइनस 1.9 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो इस सीजन की अब तक की सबसे ठंडी रात रही। वहीं, कुलगाम में ठंड इतनी बढ़ गई है कि पेड़ों की टहनियों पर बर्फ जमने लगी है। कई जलस्रोतों और पानी की पाइपलाइनों में भी पानी जमने की स्थिति बन गई है।
राजस्थान और मध्य प्रदेश के 22 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। राजस्थान के फतेहपुर में पारा 4.3 डिग्री और मध्य प्रदेश के करौंदी में 6.8 डिग्री तक पहुंच गया। मौसम विभाग ने दोनों राज्यों में शीतलहर का असर बढ़ने की संभावना जताई है।
दक्षिण भारत में भी ठंड का असर दिखाई देने लगा है। आंध्र प्रदेश के अल्लूरी सीताराम राजू जिले में न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दूसरी ओर, उत्तर भारत के दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश समेत 13 राज्यों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है।
28 और 29 नवंबर को इन राज्यों में कोहरे की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा समेत कई राज्यों में सुबह के समय घना कोहरा छा सकता है। राजस्थान में लगातार दूसरे दिन शीतलहर की चेतावनी जारी की गई है। वहीं, आंध्र प्रदेश और रायलसीमा में तेज हवाएं चलने की संभावना है।
कश्मीर में ठंड, दक्षिण भारत में बारिश
देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। श्रीनगर में कड़ाके की ठंड के बीच पर्यटक शिकारे की सैर करते नजर आए। वहीं, केरलम की राजधानी तिरुवनंतपुरम में करीब दो घंटे की बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव हो गया। तमिलनाडु के तिरुचेंदुर में भी भारी बारिश के चलते सड़कों पर पानी भर गया।
दिल्ली में 12वें दिन भी खराब रही हवा
ठंड के साथ राजधानी दिल्ली में प्रदूषण की समस्या भी बनी हुई है। गुरुवार को दिल्ली का 24 घंटे का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 224 दर्ज किया गया। इसके साथ ही लगातार 12वें दिन दिल्ली की हवा खराब श्रेणी में रही। 15 नवंबर से राजधानी की वायु गुणवत्ता लगातार खराब स्तर पर बनी हुई है।
CPCB के मानकों के अनुसार, 0 से 50 AQI अच्छी, 51 से 100 संतोषजनक, 101 से 200 मध्यम, 201 से 300 खराब, 301 से 400 बहुत खराब और 401 से 500 गंभीर श्रेणी में माना जाता है।
प्रमुख राज्यों में मौसम का हाल
1. राजस्थान: पांच जिलों में शीतलहर का अलर्ट, फतेहपुर में 4.3 डिग्री पहुंचा पारा
राजस्थान में उत्तर भारत से आ रही ठंडी हवाओं के कारण सर्दी बढ़ गई है। मौसम विभाग ने 27 नवंबर को सीकर, अजमेर, टोंक, बूंदी और कोटा समेत पांच जिलों में शीतलहर का यलो अलर्ट जारी किया है। गुरुवार को सीकर जिले के फतेहपुर में सबसे कम 4.3 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। सीकर में 5 डिग्री, नागौर में 6.1 और चूरू में 7.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।
2. मध्य प्रदेश: चार जिलों में शीतलहर की चेतावनी, भोपाल में 8.8 डिग्री तापमान
मध्य प्रदेश में सर्दी का असर लगातार बढ़ रहा है। गुरुवार रात प्रदेश के 10 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे रहा। कटनी जिले के करौंदी में सबसे कम 6.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया, जबकि राजधानी भोपाल में पारा 8.8 डिग्री रहा। मौसम विभाग ने शुक्रवार को भोपाल, शाजापुर, दमोह और कटनी में शीतलहर का अलर्ट जारी किया है।
3. उत्तर प्रदेश: मुजफ्फरनगर सबसे ठंडा, 20 शहरों में घना कोहरा
उत्तर प्रदेश में भी ठंड का असर तेज होने लगा है। गुरुवार को मुजफ्फरनगर में न्यूनतम तापमान 9.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कानपुर में 9.2, हरदोई में 9.5, इटावा में 9.6 और मेरठ में 10 डिग्री तापमान रहा। प्रदेश के लखीमपुर, बलरामपुर, बिजनौर, मऊ और गोंडा समेत 20 शहरों में घना कोहरा छाया रहा। बलरामपुर में दृश्यता घटकर महज 10 मीटर रह गई।
4. बिहार: अरवल में 11.2 डिग्री रहा न्यूनतम तापमान, दिन में धूप से राहत
बिहार में सुबह और रात के समय ठंड बढ़ रही है, जबकि दोपहर में धूप निकलने से लोगों को राहत मिल रही है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले सात दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने और बारिश की संभावना नहीं है। सुबह के समय ज्यादातर जिलों में हल्का से मध्यम कोहरा छा सकता है। गुरुवार को भभुआ में अधिकतम तापमान 31.7 डिग्री और अरवल में न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री दर्ज किया गया।
5. छत्तीसगढ़: बलरामपुर में पारा 8.8 डिग्री, 13 जिलों में तापमान 15 से नीचे
छत्तीसगढ़ में आसमान साफ होने के बाद ठंड बढ़ने लगी है। बलरामपुर-रामानुजगंज में न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सूरजपुर में 9.4 और सरगुजा में 9.2 डिग्री तापमान रहा। सूरजपुर में पारा सामान्य से 7.1 डिग्री नीचे पहुंच गया। प्रदेश के 13 जिलों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री से कम दर्ज किया गया है। फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है।
6. हरियाणा: हिसार में 7.2 डिग्री तापमान, छह जिलों में घने कोहरे का अलर्ट
हरियाणा में ठंड के साथ कोहरे का असर भी बढ़ रहा है। पिछले 24 घंटे में प्रदेश के औसत न्यूनतम तापमान में 0.2 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। हिसार 7.2 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा। प्रदेश के 12 जिलों में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री से नीचे पहुंच गया है। मौसम विभाग ने अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत और सोनीपत में घने कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया है।
7. पंजाब: 13 जिलों में कोहरे की चेतावनी, फरीदकोट में 7.1 डिग्री पारा
पंजाब में भी ठंड लगातार बढ़ रही है। मौसम विभाग ने राज्य के 13 जिलों में घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। गुरुवार को प्रदेश के न्यूनतम तापमान में 0.4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। फरीदकोट 7.1 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडा रहा। चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.4 डिग्री कम है।
8. उत्तराखंड: हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में कोहरे का अनुमान
उत्तराखंड में रात के तापमान में गिरावट के साथ ठंड बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में कोहरा छा सकता है। अगले सप्ताह देहरादून, नैनीताल, पौड़ी और चंपावत में भी कोहरे का असर दिखाई दे सकता है। पहाड़ी क्षेत्रों में बादल छाए रहने और रात के समय हल्का पाला पड़ने की संभावना है। दिसंबर के दूसरे सप्ताह से ठंड और बढ़ सकती है।
9. हिमाचल प्रदेश: 11 शहरों में पारा 5 डिग्री से नीचे, कोहरे का अलर्ट
हिमाचल प्रदेश में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। राज्य के 11 शहरों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। गुरुवार को सोलन में 3.6 और चंबा में 4.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया, जबकि शिमला में पारा 9 डिग्री रहा। मौसम विभाग ने मंडी, बिलासपुर और हमीरपुर में 30 नवंबर तक घने कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में दृश्यता घटकर 50 मीटर तक पहुंच सकती है। नवंबर में अब तक सामान्य से 80 प्रतिशत कम बारिश हुई है।
10. झारखंड: दो दिन में 2 से 3 डिग्री तक गिर सकता है तापमान
झारखंड में भी सर्दी का असर बढ़ने लगा है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। राजधानी रांची में पारा 11 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। 28 और 29 नवंबर को सुबह हल्का से मध्यम कोहरा छा सकता है। हालांकि दिन में आसमान साफ रहने और धूप निकलने का अनुमान है। फिलहाल राज्य में बारिश की संभावना नहीं है।
यह भी पढ़ें