बाबा रामदेव की भांजी की शादी का जश्न, हरियाणवी गाने पर बहन ऋतंभरा ने किया डांस
नारनौल के खटोटी गांव में घोड़ी पर निकली बनवारा रस्म, मां को नाचते देख दुल्हन मुदिता भी घोड़ी पर झूमीं; 28 नवंबर को राजस्थान के अभयगढ़ दुर्ग में होगी शादी
अनप्लग इंडिया। डेस्क
नारनौल। योग गुरु बाबा रामदेव की भांजी मुदिता यश की शादी को लेकर हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के खटोटी गांव में जश्न का माहौल है। गुरुवार रात को शादी की पारंपरिक बनवारा (घुड़चढ़ी) रस्म आयोजित की गई। इस दौरान बाबा रामदेव की बहन डॉ. ऋतंभरा शास्त्री ने हरियाणवी गाने पर जमकर डांस किया। मां को नाचते देख होने वाली दुल्हन मुदिता भी खुद को रोक नहीं पाईं और घोड़ी पर बैठे-बैठे ही झूमने लगीं।
बनवारा रस्म में परिवार के सदस्यों के साथ रिश्तेदार और सैकड़ों ग्रामीण शामिल हुए। गांव में पारंपरिक अंदाज में निकली इस रस्म के दौरान उत्सव का माहौल रहा। इससे पहले बुधवार रात को भी बनवारा निकाला गया था, जिसमें गांव की महिलाओं ने शादी के पारंपरिक गीत गाए थे।
हरियाणवी गाने पर डांस करती दिखीं डॉ. ऋतंभरा
बनवारा समारोह के दौरान डॉ. ऋतंभरा शास्त्री हरियाणवी गाने पर नाचती नजर आईं। उनके पति यशदेव शास्त्री भी उनके साथ मौजूद थे। मां को डांस करते देखकर मुदिता ने भी घोड़ी पर बैठे-बैठे डांस किया। समारोह में मौजूद लोगों ने इस पल का खूब आनंद लिया।
पिता ने थामी घोड़ी की लगाम
बनवारा रस्म के दौरान मुदिता को पारंपरिक तरीके से घोड़ी पर बैठाया गया। उनके पिता और खनन कारोबारी डॉ. यशदेव शास्त्री ने घोड़ी की लगाम थामी। इस कार्यक्रम का आयोजन प्रवीण गहलोत, सुभाष गहलोत, राजेंद्र यादव, विक्रम गहलोत और नरेंद्र शर्मा की ओर से किया गया।
आज हल्दी और मेहंदी की रस्में
शादी की बाकी रस्में राजस्थान के खेतड़ी क्षेत्र स्थित अभयगढ़ दुर्ग में आयोजित की जा रही हैं। शुक्रवार को दोपहर 2 बजे हल्दी का कार्यक्रम होगा। इसके बाद शाम 5 बजे मेहंदी और संगीत की रस्म रखी गई है। शादी समारोह के लिए दुर्ग को विशेष रूप से सजाया गया है।
परिवार के मुताबिक, शादी में शामिल होने के लिए रिश्तेदारों और परिचितों के पहुंचने का सिलसिला जारी है। समारोह में देशभर के कई प्रमुख राजनेताओं, कारोबारी परिवारों और सेलिब्रिटी को आमंत्रित किया गया है।
28 नवंबर को गुरुग्राम से आएगी बारात
परिवार के अनुसार, शनिवार 28 नवंबर को गुरुग्राम से बारात अभयगढ़ दुर्ग पहुंचेगी। दूल्हे कुशलवीर एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं। वह गुरुग्राम निवासी डॉ. वीर सिंह और राजेश वीर के बेटे हैं। जानकारी के मुताबिक, कुशलवीर बेंगलुरु की एक मल्टीनेशनल कंपनी में काम करते हैं।
17 अक्टूबर को हुई थी सगाई
मुदिता और कुशलवीर की सगाई 17 अक्टूबर को महेंद्रगढ़ जिले के खटोटी गांव में हुई थी। मुदिता ने एमबीए की पढ़ाई की है।
सगाई समारोह में योग गुरु स्वामी रामदेव के अलावा उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, राजस्थान के विधायक बाबा बालकनाथ और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की पत्नी सुमन सैनी भी शामिल हुई थीं। इनके अलावा कई मंत्री, सांसद, विधायक और अन्य प्रमुख हस्तियों ने समारोह में शिरकत की थी।
अब परिवार में शादी की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। शनिवार को राजस्थान के अभयगढ़ दुर्ग में विवाह समारोह आयोजित किया जाएगा।
यह भी पढ़ें