आंगनवाड़ी केंद्रों की भूमिका और पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने की पहल
रेडियो एमिटी 107.8 ने भंगेल के आंगनवाड़ी केंद्र में आयोजित किया कार्यक्रम, बच्चों और माताओं के संतुलित आहार पर दिया जोर
अनप्लग इंडिया। डेस्क
नोएडा। पोषण एवं स्वास्थ्य के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से रेडियो एमिटी 107.8 की ओर से नोएडा के भंगेल स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में पोषण माह 2026 के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस वर्ष पोषण माह की थीम ‘हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ को केंद्र में रखते हुए कार्यक्रम के दौरान बच्चों, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं के पोषण तथा स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के साथ विशेष बातचीत की गई। उन्होंने पोषण माह के महत्व के साथ बच्चों के उचित पोषण, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं के लिए संतुलित आहार तथा आंगनवाड़ी केंद्र की भूमिका के बारे में जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि बच्चों के समुचित शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए पौष्टिक और संतुलित आहार बेहद जरूरी है। वहीं, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के लिए पर्याप्त एवं पोषणयुक्त भोजन मां और बच्चे दोनों के स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण है।
रेडियो एमिटी की टीम ने स्थानीय लोगों को जागरूक करते हुए बताया कि आंगनवाड़ी केंद्र केवल बच्चों और माताओं को पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि समुदाय में स्वास्थ्य और पोषण के प्रति जागरूकता फैलाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। आंगनवाड़ी केंद्रों की सक्रिय भागीदारी के माध्यम से बच्चों, महिलाओं और परिवारों तक पोषण से संबंधित सही जानकारी पहुंचाई जा सकती है।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों को संतुलित आहार, पौष्टिक भोजन और बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। लोगों को स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक खाद्य पदार्थों को अपने दैनिक आहार में शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही, आंगनवाड़ी केंद्रों के साथ मिलकर पोषण जागरूकता को समुदाय के प्रत्येक परिवार तक पहुंचाने की अपील की गई।
रेडियो एमिटी की टीम ने लोगों से बच्चों और महिलाओं के बेहतर स्वास्थ्य के लिए पोषण को प्राथमिकता देने तथा आंगनवाड़ी केंद्रों की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के माध्यम से ‘हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ की भावना को मजबूत करते हुए सामुदायिक सहभागिता के महत्व पर भी जोर दिया गया।
कार्यक्रम में रेडियो जॉकी दिपिका, रेडियो जॉकी रूद्रा और रेडियो जॉकी प्रिया उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का उद्देश्य पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने, स्वस्थ खान-पान की आदतों को प्रोत्साहित करने और समुदाय को आंगनवाड़ी केंद्रों से जोड़ते हुए स्वस्थ एवं पोषणयुक्त समाज के निर्माण में योगदान देना रहा।
यह भी पढ़ें