एमिटी विश्वविद्यालय में स्मार्ट मीटरिंग पर तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू, 30 डिस्कॉम अधिकारी ले रहे हिस्सा
पावर फाइनेंस कॉरपोरेशन के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में स्मार्ट मीटर, डिजिटल मॉनिटरिंग और बिजली वितरण व्यवस्था के आधुनिकीकरण पर दिया जाएगा प्रशिक्षण; 19 नवंबर को सीपीआरआई नोएडा का करेंगे दौरा
अनप्लग इंडिया। डेस्क
नोएडा। एमिटी विश्वविद्यालय में स्मार्ट मीटरिंग और आधुनिक विद्युत वितरण प्रणाली को मजबूत बनाने की दिशा में तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। एमिटी इंस्टीट्यूट ऑफ ट्रेनिंग एंड डेवलपमेंट की ओर से 18 से 20 नवंबर तक आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न विद्युत वितरण कंपनियों (डिस्कॉम) के 30 अधिकारी हिस्सा ले रहे हैं। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य अधिकारियों को स्मार्ट मीटरिंग और एडवांस्ड मीटरिंग इंफ्रास्ट्रक्चर (AMI) की तकनीकी जानकारी देकर उनकी कार्यक्षमता और कौशल को बेहतर बनाना है।
कार्यक्रम का उद्घाटन पावर फाइनेंस कॉरपोरेशन के चीफ जनरल मैनेजर एवं क्षमता निर्माण प्रमुख अरुण कुमार श्रीवास्तव, एमिटी विश्वविद्यालय की वाइस चांसलर डॉ. बलविंदर शुक्ला, एमिटी स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के निदेशक डॉ. एमके पांडेय तथा एमिटी इंस्टीट्यूट ऑफ ट्रेनिंग एंड डेवलपमेंट के उप निदेशक कर्नल एसके शर्मा ने किया। इस अवसर पर पावर फाइनेंस कॉरपोरेशन के राजा रमेश और एमिटी स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग विभाग के प्रमुख डॉ. पीएम तिवारी भी मौजूद रहे।
डिस्कॉम की तकनीकी क्षमता बढ़ाना प्रशिक्षण का उद्देश्य
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पावर फाइनेंस कॉरपोरेशन के चीफ जनरल मैनेजर अरुण कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि अधिकारियों को पुनरोत्थान वितरण क्षेत्र योजना (RDSS) और क्षमता निर्माण कार्यक्रम के तहत प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य विद्युत वितरण कंपनियों की तकनीकी क्षमता बढ़ाना और डिजिटल मॉनिटरिंग सिस्टम को मजबूत करना है।
उन्होंने कहा कि देश का विद्युत क्षेत्र, विशेषकर बिजली वितरण व्यवस्था, बड़े तकनीकी बदलावों के दौर से गुजर रहा है। स्मार्ट मीटरिंग और एडवांस्ड मीटरिंग इंफ्रास्ट्रक्चर को राष्ट्रीय स्तर पर लागू करने के लिए तकनीकी रूप से दक्ष और कुशल कार्यबल तैयार करना जरूरी है। इसी उद्देश्य से एमिटी विश्वविद्यालय के सहयोग से यह प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया है।
श्रीवास्तव ने बताया कि उपभोक्ता, फीडर और ट्रांसफॉर्मर स्तर पर प्रीपेड स्मार्ट मीटर लगाने से बिलिंग की सटीकता बढ़ाने और बिजली चोरी रोकने में मदद मिलेगी। इसके साथ ही पुराने एवं जर्जर तारों, ट्रांसफॉर्मरों और सब-स्टेशनों का आधुनिकीकरण भी पुनरोत्थान वितरण क्षेत्र योजना का महत्वपूर्ण हिस्सा है। प्रशिक्षण के विभिन्न मॉड्यूल के माध्यम से अधिकारियों को इन पहलुओं की जानकारी दी जाएगी। उन्होंने प्रतिभागियों से अपने अनुभव और ज्ञान को साझा करते हुए नई तकनीकों को समझने का आह्वान किया।
स्मार्ट मीटरिंग से बिजली आपूर्ति में पारदर्शिता और सुधार
एमिटी विश्वविद्यालय की वाइस चांसलर डॉ. बलविंदर शुक्ला ने कहा कि डिजिटल मीटरिंग व्यवस्था लागू होने से बिजली क्षेत्र में महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिले हैं। स्मार्ट मीटर के माध्यम से बिजली चोरी पर नियंत्रण और गुणवत्तापूर्ण बिजली की निर्बाध आपूर्ति जैसे लक्ष्यों को हासिल करने में मदद मिल सकती है।
उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य डिस्कॉम अधिकारियों के कौशल, ज्ञान और कार्यकुशलता को बढ़ाना है, ताकि वे आधुनिक तकनीकों की जानकारी के साथ अपनी जिम्मेदारियों का बेहतर ढंग से निर्वहन कर सकें। यह पहल विकसित भारत के लक्ष्य से भी जुड़ी है, जिसमें कुशल मानव संसाधन राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। एमिटी विश्वविद्यालय लगातार ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों की दक्षता और ज्ञान क्षमता विकसित करने के लिए प्रयासरत है।
पारंपरिक से स्मार्ट विद्युत वितरण व्यवस्था की ओर बढ़ना जरूरी
एमिटी स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के निदेशक डॉ. एमके पांडेय ने कहा कि वर्तमान समय में विद्युत वितरण के पारंपरिक तरीकों के साथ-साथ स्मार्ट तकनीकों को समझना भी आवश्यक है। आज उत्पादन से लेकर वितरण तक हर क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल बढ़ रहा है। ऐसे में तकनीकी बदलावों के अनुरूप खुद को तैयार करना जरूरी है।
उन्होंने प्रतिभागियों से प्रशिक्षण को केवल औपचारिक कार्यक्रम न मानकर संवाद और ज्ञान साझा करने का अवसर बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि अधिकारी विशेषज्ञों से अपने सवाल पूछें और तकनीकी विषयों को गहराई से समझें।
डिजिटल तकनीक से बढ़ेगी कार्यक्षमता और पारदर्शिता
एमिटी इंस्टीट्यूट ऑफ ट्रेनिंग एंड डेवलपमेंट के उप निदेशक कर्नल एसके शर्मा ने अतिथियों और प्रतिभागियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि डिजिटल तकनीकों के कारण बिजली क्षेत्र में तेजी से बदलाव हो रहे हैं। ऐसे में विशेष प्रशिक्षण और निरंतर कौशल विकास आवश्यक हो गया है।
उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटरिंग और एडवांस्ड मीटरिंग इंफ्रास्ट्रक्चर इस बदलाव के महत्वपूर्ण घटक हैं। इनसे कार्यक्षमता और पारदर्शिता बढ़ाने के साथ बेहतर निर्णय लेने में भी मदद मिलती है। प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से अधिकारियों को इन तकनीकों का व्यावहारिक ज्ञान और आवश्यक समझ प्रदान करने का प्रयास किया जा रहा है।
स्मार्ट मीटरिंग की तकनीक समझेंगे अधिकारी, सीपीआरआई का करेंगे दौरा
तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों द्वारा पुनरोत्थान वितरण क्षेत्र योजना, स्मार्ट मीटर उत्पादन श्रृंखला, नेशनल स्मार्ट प्रीपेड मीटरिंग प्रोग्राम, एटीएंडसी (AT&C) हानियों को कम करने में स्मार्ट मीटरिंग एवं एडवांस्ड मीटरिंग इंफ्रास्ट्रक्चर की भूमिका और इनके एकीकृत घटकों की जानकारी दी जाएगी।
प्रशिक्षण के दूसरे दिन यानी 19 नवंबर को प्रतिभागियों को केंद्रीय विद्युत अनुसंधान संस्थान (CPRI), नोएडा का भ्रमण कराया जाएगा। यहां अधिकारियों को स्मार्ट मीटर के उत्पादन, परीक्षण और एडवांस्ड मीटरिंग इंफ्रास्ट्रक्चर (AMI) प्रयोगशालाओं का वास्तविक प्रदर्शन दिखाया जाएगा। इससे उन्हें आधुनिक मीटरिंग तकनीक की कार्यप्रणाली और उसके व्यावहारिक उपयोग को समझने का अवसर मिलेगा।
यह भी पढ़ें