नोएडा के श्रीजी गौ सदन में गोपाष्टमी महोत्सव धूमधाम से मनाया, गौ-शिशु आश्रय गृह और बाल शिक्षा कक्ष का लोकार्पण
भारत विकास परिषद ने कराया निर्माण, स्वामी दीपांकर जी महाराज और मां गीतेश्वरी जी सहित कई गणमान्य लोग रहे मौजूद; गोवंश संरक्षण और गौसेवा का लिया संकल्प
अनप्लग इंडिया। डेस्क
नोएडा। गोवंश संरक्षण, संवर्धन और गौसेवा के उद्देश्य से मंगलवार को श्रीजी गौ सदन, नोएडा में गोपाष्टमी महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर गौमाता का विधिवत पूजन किया गया। समारोह का प्रमुख आकर्षण भारत विकास परिषद, नोएडा की ओर से निर्मित ‘गौ-शिशु आश्रय गृह’ और ‘बाल शिक्षा कक्ष’ का लोकार्पण रहा। इसके साथ ही श्री सतनारायण गोयल द्वारा कराए गए हवन स्थल के सौंदर्यीकरण का भी उद्घाटन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और गौमाता के पूजन के साथ हुई। समारोह में मुख्य अतिथि स्वामी दीपांकर जी महाराज और मां गीतेश्वरी जी (गीता आश्रम, दिल्ली) उपस्थित रहे। इनके अलावा जे.के. दादू, आईएएस (पूर्व सचिव, भारत सरकार), कैप्टन विकास गुप्ता (अध्यक्ष, कृषि अनुसंधान संस्थान, उत्तर प्रदेश), महेश चौहान (अध्यक्ष, महानगर नोएडा), पूर्व विधायक विमला बाथम और भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गोपाल अग्रवाल सहित कई गणमान्य लोगों ने शिरकत की।
गौसेवा को बताया प्रभुसेवा का माध्यम
स्वामी दीपांकर जी महाराज ने गौसेवा को प्रभुसेवा का माध्यम बताते हुए गौवंश के संरक्षण और सेवा के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। श्रीजी गौ सदन के अध्यक्ष विकास अग्रवाल और महासचिव सुशील भारद्वाज ने बताया कि गौसदन निराश्रित, बीमार और असहाय गोवंश की सेवा, उपचार, पोषण एवं संरक्षण के लिए लगातार काम कर रहा है।
भारत विकास परिषद, नोएडा के अध्यक्ष संजय कुमार गुप्ता ने कहा कि परिषद सेवा, संस्कार, समर्पण और संगठन के मूल मंत्र के साथ समाजहित के कार्यों में सक्रिय है। गौसेवा और गोवंश संरक्षण परिषद की प्राथमिकताओं में शामिल हैं।
नए आश्रय गृह और शिक्षा कक्ष से बढ़ेंगी सुविधाएं
समारोह में गौ-शिशु आश्रय गृह और बाल शिक्षा कक्ष का लोकार्पण किया गया। इन सुविधाओं का निर्माण भारत विकास परिषद, नोएडा की ओर से कराया गया है। वहीं, हवन स्थल का सौंदर्यीकरण श्री सतनारायण गोयल के सहयोग से कराया गया। आयोजन में उपस्थित लोगों ने गोवंश के संरक्षण और गौसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सीए मनोज बंसल ने की। स्वागत अध्यक्ष सीए राकेश अग्रवाल, संयोजक सीए महेश बाबू गुप्ता तथा सह-संयोजक संदीप अग्रवाल और संजय बाली रहे।
इस अवसर पर अल्पेश गर्ग, एन.के. अग्रवाल, राजीव अग्रवाल, प्रमोद शर्मा, डॉ. टी.एन. गोविल, केशव गंगल, अखिलेश भदौरिया, सीए विकास अग्रवाल, सुनीता मित्तल, डी.के. मित्तल, प्रताप मेहता, तुलसीदास थरेजा, महेश चौहान सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
अंत में श्रीजी गौ सदन परिवार की ओर से सभी अतिथियों, दानदाताओं, सहयोगकर्ताओं और गौभक्तों का आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम का समापन गौसेवा और गोवंश संरक्षण के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने के संकल्प के साथ हुआ।
यह भी पढ़ें