गौतमबुद्ध नगर में कांग्रेस ने शुरू की ‘वोट रक्षक’ अभियान की तैयारी, हर बूथ पर तैनात होगा प्रशिक्षित कार्यकर्ता
मतदाता सूची से हटाए गए नामों का 22 से 30 नवंबर तक होगा भौतिक सत्यापन; मंडल अध्यक्षों को ऑनलाइन रिपोर्टिंग और केंद्रीय कंट्रोल रूम तक जानकारी पहुंचाने का दिया गया प्रशिक्षण, 26 नवंबर को संविधान रक्षा मार्च की तैयारी
अनप्लग इंडिया। डेस्क
ग्रेटर नोएडा। आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए जिला कांग्रेस कमेटी गौतमबुद्ध नगर ने बूथ स्तर पर संगठन को सक्रिय करने की तैयारी शुरू कर दी है। इसी क्रम में जिला कांग्रेस कार्यालय, ग्रेटर नोएडा वेस्ट में संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। जिला अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला के नेतृत्व में हुई बैठक में मंडल अध्यक्षों को बूथवार वोट रक्षकों की नियुक्ति, मतदाता सूची से हटाए गए नामों के भौतिक सत्यापन और ऑनलाइन रिपोर्टिंग का प्रशिक्षण दिया गया।
बैठक में बताया गया कि 22 नवंबर से 30 नवंबर तक वोट रक्षक अभियान के तहत मतदाता सूचियों से हटाए गए नामों की बूथ स्तर पर जांच की जाएगी। पार्टी की योजना है कि प्रत्येक मतदान केंद्र के हर बूथ पर कम से कम एक प्रशिक्षित वोट रक्षक नियुक्त किया जाए। इस जिम्मेदारी के लिए बूथ लेवल एजेंट, बूथ कमेटियों, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, सेवादल और अन्य अग्रिम संगठनों के सक्रिय कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी जाएगी।
घर-घर जाकर हटाए गए नामों का करेंगे सत्यापन
कांग्रेस के अनुसार, वोट रक्षकों को अपने बूथ की मतदाता सूची का अध्ययन करना होगा और उन मतदाताओं की जानकारी जुटानी होगी, जिनके नाम सूची से हटाए गए हैं। वे संबंधित मतदाताओं के घर जाकर यह पता करेंगे कि व्यक्ति दिए गए पते पर रह रहा है या नहीं और उसका नाम किन परिस्थितियों में मतदाता सूची से हटाया गया।
सत्यापन के दौरान उपलब्ध तथ्यों और संबंधित मतदाता के बयान को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार दर्ज किया जाएगा। अभियान की निगरानी ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष करेंगे और दैनिक रिपोर्ट जिला कांग्रेस कार्यालय को भेजेंगे।
ऑनलाइन पोर्टल से केंद्रीय कंट्रोल रूम तक पहुंचेगी रिपोर्ट
बैठक में मंडल अध्यक्षों को www.iamvoterakshak.in पोर्टल पर वोट रक्षकों की नियुक्ति, बूथवार सत्यापन, मतदाताओं से मिली जानकारी और दैनिक प्रगति रिपोर्ट दर्ज करने की प्रक्रिया समझाई गई।
निर्धारित व्यवस्था के अनुसार, मंडल अध्यक्ष अपने क्षेत्र में अभियान की नियमित समीक्षा करेंगे। उन्हें प्रतिदिन यह जानकारी जुटानी होगी कि कितने बूथों पर सत्यापन हुआ, कितने मतदाताओं से संपर्क किया गया और कितने बयान दर्ज किए गए। मंडल स्तर से रिपोर्ट ब्लॉक अध्यक्ष और जिला कांग्रेस कमेटी तक पहुंचेगी। जिला स्तर पर इनका संकलन कर प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भेजा जाएगा, जहां से जानकारी अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के केंद्रीय कंट्रोल रूम तक पहुंचेगी।
26 नवंबर को संविधान रक्षा मार्च की तैयारी
बैठक में संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर को आयोजित होने वाले ‘संविधान रक्षा मार्च’ और ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य संविधान में निहित लोकतांत्रिक मूल्यों, समानता, स्वतंत्रता और न्याय के साथ नागरिकों के मताधिकार की रक्षा के प्रति प्रतिबद्धता जताना है।
जिला अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदान का अधिकार लोकतंत्र की बुनियाद है। मतदाता सूची से किसी पात्र व्यक्ति का नाम गलत तरीके से हटाया जाना गंभीर विषय है। कांग्रेस इस अभियान को चुनावी राजनीति तक सीमित न रखकर नागरिकों के संवैधानिक और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के रूप में देखती है।
उन्होंने कहा कि ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान गांव, मोहल्ले और प्रत्येक मतदान बूथ तक पहुंचाया जाएगा। पार्टी कार्यकर्ता हटाए गए नामों की तथ्यात्मक जांच करेंगे और संबंधित नागरिकों से संवाद कर जानकारी संगठन तक पहुंचाएंगे। उनका कहना था कि उद्देश्य केवल आंकड़े जुटाना नहीं, बल्कि उन नागरिकों की आवाज सामने लाना है जिनके मतदान के अधिकार पर प्रशासनिक त्रुटि या अनुचित कार्रवाई का असर पड़ा हो सकता है।
दीपक भाटी चोटीवाला ने कार्यकर्ताओं से बैठकों और आयोजनों से आगे बढ़कर बूथ स्तर पर सक्रिय और जवाबदेह भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बूथ पर जिम्मेदार और प्रशिक्षित वोट रक्षक की मौजूदगी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।
बैठक में ये कार्यकर्ता रहे मौजूद
बैठक में मुकेश शर्मा, भगवती शर्मा, हरेंद्र शर्मा, महाराज सिंह नागर, रिजवान चौधरी, धर्मवीर प्रधान, सतीश शर्मा, चरण सिंह, किशन शर्मा, पुनीत मावी, धर्म सिंह, सचिन शर्मा, सुरेंद्र प्रताप सिंह, सुबोध भट्ट, रमा नैय्यर, तीरथराम वाल्मीकि, कुलवीर राणा, तनवीर अहमद, राजू राव, सूबेदार सतपाल सिंह, मोहम्मद तकी, विजय नागर, शीबा राय, गीता देवी, अरुण भाटी, अरविंद रेक्सवाल, नीरज शर्मा, तेजपाल शर्मा, नरेश शर्मा, गौतम सिंह, नीतिश चौधरी, सुनील भाटी और मास्टर हबीब सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें