इमरान मसूद बोले- सपा-कांग्रेस गठबंधन में मुझे विलेन बनाया जा रहा, फिर हमारी जरूरत क्या है?
सीट बंटवारे को लेकर कांग्रेस सांसद ने सपा पर साधा निशाना, कहा- हमारी हैसियत जीरो बताते हैं और फिर गठबंधन में साथ भी चाहते हैं; मायावती ने सपा के घोषणा पत्र को बताया हवा-हवाई
अनप्लग इंडिया। डेस्क
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच गठबंधन तथा सीटों के बंटवारे को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। सहारनपुर से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने गठबंधन को लेकर नाराजगी जताते हुए कहा कि उन्हें जानबूझकर विलेन बनाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब सपा के नेता कांग्रेस की हैसियत शून्य बता रहे हैं, तो फिर उन्हें गठबंधन में कांग्रेस की जरूरत क्यों है?
इमरान मसूद ने कहा कि उन्हें घेरने और उनके खिलाफ बयानबाजी करने की कोशिश हो रही है, जबकि उन्होंने किसी के लिए गलत शब्दों का इस्तेमाल नहीं किया। अखिलेश यादव का नाम लिए बिना उन्होंने कहा कि उनके आसपास के लोग यह दावा कर रहे हैं कि नेता प्रतिपक्ष का पद भी उनकी वजह से मिला है।
उन्होंने कहा, “अरे भाई, इतना ज्ञान तो होना चाहिए कि एलओपी क्या होता है। आप हमें हमारी हैसियत बताते रहते हो कि आपकी तो जमानत जब्त हो गई थी, तो फिर हमारी जरूरत क्या है आपको?”
इमरान मसूद ने यह सवाल भी उठाया कि भाजपा को सत्ता से हटाने की जिम्मेदारी क्या सिर्फ उनकी है? उनके बयान को सपा-कांग्रेस गठबंधन के भीतर बढ़ती तल्खी के तौर पर देखा जा रहा है।
मायावती ने सपा के घोषणा पत्र पर उठाए सवाल
बसपा प्रमुख मायावती ने समाजवादी पार्टी के घोषणा पत्र को चुनावी छलावा बताया है। उन्होंने लोगों से सावधान रहने की अपील करते हुए सपा की कार्यशैली पर निशाना साधा।
मायावती ने कहा कि सपा की स्थिति ‘थोथा चना बाजे घना’ जैसी है। उनके मुताबिक, पार्टी बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन उन पर अमल नहीं करती।
उन्होंने आरोप लगाया कि सपा का स्वभाव गरीबों, दलितों, पिछड़ों और मुस्लिमों के हितों के खिलाफ रहा है। मायावती ने राज्यसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि जब उच्च सदन में प्रतिनिधि भेजने की बारी आई तो पार्टी ने एक धनी व्यक्ति को टिकट दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा ऐसे धनाढ्य और बाहुबली लोगों को चुनाव मैदान में उतारती है, जो अपने स्वार्थ को प्राथमिकता देते हैं।
मंत्री दानिश आजाद ने सपा के घोषणा पत्र को बताया ‘फरेबी लेटर’
उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने भी समाजवादी पार्टी के घोषणा पत्र पर निशाना साधा। ललितपुर पहुंचे मंत्री ने इसे ‘फरेबी लेटर’ बताते हुए आरोप लगाया कि सपा ने झूठ का पुलिंदा जारी किया है।
वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि घोषणा पत्र में सुशासन लिख देने से इतिहास नहीं बदलता। अखिलेश यादव को अपनी सरकार के पुराने कामों का हिसाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि केवल वादे करने से नहीं, बल्कि उन पर अमल करने से जनता का भरोसा बनता है।
परिसीमन बिल पर सपा सांसद ने सरकार को घेरा
सपा सांसद रमाशंकर राजभर ने परिसीमन विधेयक को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा जल्दबाजी में संसद का विशेष सत्र बुलाकर राजनीतिक रणनीति के तहत विधेयक पारित कराना चाहती है।
राजभर ने कहा कि देश में कई अन्य महत्वपूर्ण मुद्दे हैं, लेकिन सरकार तीन दिन का विशेष सत्र बुलाकर परिसीमन विधेयक को पारित कराने की कोशिश कर रही है। उन्होंने इस प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए इसे सरकार की राजनीतिक चाल बताया।
ओवैसी ने सपा के चुनावी प्रदर्शन पर कसा तंज
AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने सपा नेता आजम खान के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए समाजवादी पार्टी के पिछले चुनावी प्रदर्शन पर सवाल उठाए। उन्होंने 2014, 2017, 2019, 2022 और 2024 के चुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि सपा भाजपा को रोकने में सफल नहीं रही।
ओवैसी ने तंज कसते हुए पूछा कि क्या सपा को इसके लिए ओलंपिक का गोल्ड मेडल दिया जाना चाहिए? उन्होंने कहा कि भाजपा की जीत के लिए सपा भी जिम्मेदार है।
भाजपा बोली- सहयोगियों के साथ मिलकर तय करेंगे सीटें
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने NDA में सीटों के बंटवारे को लेकर कहा कि सहयोगी दलों के साथ बैठकर बातचीत के बाद सीटें तय कर ली जाएंगी। उन्होंने कहा कि RLD को छोड़कर बाकी सहयोगी पुराने हैं और सभी के साथ मिलकर चुनावी रणनीति बनाई जाएगी।
वहीं, असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद की संयुक्त रैली पर उन्होंने कहा कि चुनाव लड़ना सभी का अधिकार है और राजनीतिक दलों के बीच नए गठबंधन बनते रहते हैं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा 2027 के विधानसभा चुनाव में सरकार के काम और कार्यकर्ताओं के दम पर फिर बहुमत हासिल करेगी।
दिव्या मित्तल ने भाजपा विधायक को दिया जवाब
देवरिया की पूर्व जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने भाजपा विधायक शलभ मणि त्रिपाठी के बयान पर पलटवार किया। मजार से जुड़े विवाद पर उन्होंने कहा कि मजार पहले भी थीं और आज भी हैं। वहां चादर चढ़ाने की परंपरा जारी है।
मित्तल ने स्पष्ट किया कि कार्रवाई मजार पर नहीं, बल्कि वहां हुए कथित अवैध निर्माण पर की गई थी। उन्होंने कहा कि वह तुष्टीकरण की राजनीति नहीं करतीं। नौकरी बचाने के लिए कार्रवाई किए जाने के आरोप पर उन्होंने कहा कि नौकरी की गारंटी उन्हें संविधान से मिली थी, किसी व्यक्ति के कहने से नहीं।
मंत्री दयाशंकर सिंह के खिलाफ दोबारा गिरफ्तारी वारंट
बलिया की अदालत ने सदर विधायक और उत्तर प्रदेश सरकार में परिवहन राज्य मंत्री दयाशंकर सिंह के खिलाफ दोबारा गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। मामला 4 दिसंबर 2003 का बताया गया है।
आरोप है कि दयाशंकर सिंह अपने करीब 20 समर्थकों के साथ कोतवाली परिसर पहुंचे थे। इस दौरान तत्कालीन थाना प्रभारी सर्वजीत शाही के साथ गाली-गलौज और अभद्रता की गई थी। उनका कॉलर पकड़ने का आरोप भी लगाया गया था। मामला एक कार्यकर्ता की गिरफ्तारी से जुड़ा बताया गया है।
यह भी पढ़ें