सोनिया गांधी की किताब पर सियासी घमासान, शिवसेना ने फाड़े पन्ने; बैन और विवादित अंश हटाने की मांग
वीर सावरकर और मराठी अस्मिता के अपमान का लगाया आरोप; YSR कांग्रेस ने वाईएस राजशेखर रेड्डी की अनदेखी पर जताई नाराजगी, BRS बोली- किताब में तेलंगाना का नाम तक नहीं
अनप्लग इंडिया। डेस्क
मुंबई। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की नई किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ को लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। महाराष्ट्र में एकनाथ शिंदे गुट की शिवसेना ने बुधवार को मुंबई में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर किताब का विरोध किया और उसके पन्ने फाड़कर अपना आक्रोश जताया। पार्टी ने किताब पर प्रतिबंध लगाने और इसमें वीर सावरकर तथा मराठी अस्मिता से जुड़े कथित आपत्तिजनक अंशों को हटाने की मांग की है।
शिवसेना नेताओं का आरोप है कि किताब में स्वतंत्रता सेनानी वीर सावरकर के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई हैं। पार्टी ने विशेष रूप से किताब के पेज नंबर 201 और 443 पर लिखी गई बातों पर आपत्ति जताई है। नेताओं का कहना है कि इन टिप्पणियों से सावरकर की छवि को गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया है और महाराष्ट्र की भावनाओं को ठेस पहुंची है।
इस विवाद में अब आंध्र प्रदेश की YSR कांग्रेस और तेलंगाना की भारत राष्ट्र समिति (BRS) भी शामिल हो गई हैं। दोनों दलों ने किताब में अपने नेताओं और राज्यों के योगदान का उल्लेख नहीं होने पर नाराजगी जताई है।
पेज 201 पर सावरकर और RSS को लेकर टिप्पणी पर विवाद
शिवसेना की नाराजगी की पहली वजह किताब के पेज नंबर 201 पर दिया गया सावरकर और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़ा विवरण है। इस अंश में इंदिरा गांधी की RSS की राजनीति को लेकर नाराजगी का उल्लेख किया गया है।
किताब में लिखा गया है कि स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान जब कांग्रेस के नेता अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष कर रहे थे और जेल जा रहे थे, तब सावरकर अंग्रेजों के सामने दया याचिकाएं लिख रहे थे। इसमें RSS के कुछ सदस्यों पर अंग्रेज अधिकारियों के लिए मुखबिरी करने का भी आरोप लगाया गया है।
इसी अंश में RSS की विचारधारा को लेकर इंदिरा गांधी की चिंताओं का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि वह इसे देश की एकता के लिए खतरा मानती थीं। शिवसेना ने इन टिप्पणियों को सावरकर का अपमान बताते हुए कड़ी आपत्ति जताई है।
पेज 443 पर ‘हिंदू सुप्रीमेसिस्ट’ शब्द को लेकर भी आपत्ति
शिवसेना ने किताब के पेज नंबर 443 पर लिखी गई बातों पर भी विरोध जताया है। पार्टी के अनुसार, इस पेज पर सावरकर को हिंदुत्व विचारधारा का जनक बताते हुए उनकी सोच को ‘हिंदू सुप्रीमेसिस्ट’ के नजरिये से प्रस्तुत किया गया है।
किताब में संघ परिवार और भाजपा की विचारधारा को भी इसी संदर्भ में आगे बढ़ता हुआ बताया गया है। शिवसेना का आरोप है कि इस तरह की टिप्पणियां ऐतिहासिक तथ्यों को गलत तरीके से पेश करने और सावरकर की विचारधारा को बदनाम करने का प्रयास हैं।
YSR कांग्रेस बोली- सोनिया गांधी ने YSR के योगदान को नजरअंदाज किया
सोनिया गांधी की किताब को लेकर YSR कांग्रेस ने भी नाराजगी जताई है। तिरुपति से पार्टी के सांसद मड्डिला गुरुमूर्ति ने सवाल उठाया कि सोनिया गांधी अपनी किताब में आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वाईएस राजशेखर रेड्डी (YSR) के योगदान का उल्लेख करना कैसे भूल गईं।
गुरुमूर्ति के मुताबिक, YSR ने पदयात्रा के जरिए आंध्र प्रदेश में कांग्रेस को दोबारा मजबूत किया था। उनके नेतृत्व में कांग्रेस ने 2004 और 2009 के विधानसभा चुनावों में बड़ी जीत हासिल की। उनके राजनीतिक योगदान ने केंद्र में संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (UPA) की सरकार बनाने और उसे दोबारा सत्ता में लाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
सांसद ने कहा कि YSR के नेतृत्व और पदयात्रा से कांग्रेस को आंध्र प्रदेश में नई राजनीतिक ताकत मिली थी। ऐसे में सोनिया गांधी की आत्मकथा में उनके योगदान का उल्लेख नहीं होना निराशाजनक है।
BRS का आरोप- सोनिया गांधी की किताब में तेलंगाना का नाम तक नहीं
तेलंगाना की भारत राष्ट्र समिति (BRS) ने भी किताब को लेकर सवाल उठाए हैं। पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष और तेलंगाना के पूर्व मंत्री केटी रामा राव (KTR) ने आरोप लगाया कि सोनिया गांधी की किताब में तेलंगाना का जिक्र तक नहीं किया गया है।
उन्होंने कहा कि तेलंगाना राज्य के गठन के लिए लंबे समय तक आंदोलन चला और इस संघर्ष में अनेक लोगों ने अपनी जान गंवाई। वर्ष 2014 में अलग तेलंगाना राज्य का गठन हुआ, लेकिन किताब में इस आंदोलन और राज्य के गठन का उल्लेख नहीं होना निराशाजनक है।
KTR ने कहा कि तेलंगाना का निर्माण किसी एक नेता की उदारता या किसी राजनीतिक दल के उपहार का परिणाम नहीं था, बल्कि यह लाखों लोगों के लंबे संघर्ष का नतीजा था। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व पर तेलंगाना की भावनाओं और उसके राजनीतिक संघर्ष को उचित सम्मान नहीं देने का आरोप लगाया।
10 नवंबर को रिलीज हुई थी किताब, 16 नवंबर को हुआ था औपचारिक विमोचन
सोनिया गांधी की किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ का भारतीय संस्करण 10 नवंबर को बाजार में आया था। इसका औपचारिक विमोचन 16 नवंबर को दिल्ली के ITC मौर्य होटल में आयोजित कार्यक्रम में किया गया था। इस मौके पर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा सहित कई प्रमुख राजनीतिक हस्तियां मौजूद थीं।
किताब में सोनिया गांधी ने अपने जीवन, इटली में बचपन, राजीव गांधी से मुलाकात, गांधी परिवार में प्रवेश और भारतीय राजनीति में अपनी भूमिका से जुड़े अनुभव साझा किए हैं।
अब सावरकर, मराठी अस्मिता, YSR और तेलंगाना को लेकर उठे विवाद के बाद यह किताब राजनीतिक बहस के केंद्र में आ गई है। फिलहाल इन आपत्तियों पर कांग्रेस की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।
यह भी पढ़ें