दादरी में कांग्रेस का ‘वोट बचाओ–लोकतंत्र बचाओ’ आक्रोश मार्च, गूंजे ‘वोट चोर–गद्दी छोड़’ के नारे
रेलवे रोड से नगर पालिका तक निकले कांग्रेस कार्यकर्ता, जिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग दोहराई
दादरी। जिला कांग्रेस कमेटी गौतमबुद्ध नगर की ओर से पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत दादरी नगर में ‘वोट बचाओ–लोकतंत्र बचाओ’ आक्रोश मार्च निकाला गया। रेलवे रोड से शुरू हुआ मार्च जीटी रोड होते हुए नगर पालिका दादरी पहुंचा। मार्च में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ महिलाओं, छात्रों तथा आम नागरिकों ने भी भाग लिया।
मार्च के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ‘वोट चोर–गद्दी छोड़’, ‘वोट चोरी नहीं चलेगी’, ‘लोकतंत्र की हत्या बंद करो’, ‘संविधान का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान’ और ‘ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो’ जैसे नारे लगाए। कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां और कांग्रेस के झंडे लेकर आगे बढ़े।
बाजार में लोगों ने बनाया वीडियो, कई ने जताया समर्थन
मार्च के दौरान दादरी के रेलवे रोड और जीटी रोड पर स्थानीय सब्जी विक्रेताओं, रेहड़ी-पटरी वालों, छोटे दुकानदारों और व्यापारियों ने भी मार्च को देखा। प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, कई लोगों ने मुट्ठी उठाकर प्रदर्शन के प्रति समर्थन जताया, जबकि कुछ राहगीर और व्यापारी अपने मोबाइल फोन से मार्च के वीडियो और रील बनाते दिखाई दिए।
‘वोट की पवित्रता पर सवाल पूरे देश का मुद्दा’
जिला कांग्रेस कमेटी गौतमबुद्ध नगर के अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने कहा कि लोकतंत्र में नागरिक की सबसे बड़ी ताकत उसका वोट है। यदि वोट की पवित्रता और निष्पक्षता पर सवाल उठते हैं तो यह केवल किसी राजनीतिक दल का मुद्दा नहीं रह जाता, बल्कि प्रत्येक नागरिक के लोकतांत्रिक अधिकार से जुड़ा प्रश्न बन जाता है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की यह लड़ाई सत्ता के लिए नहीं, बल्कि जनता के वोट और लोकतंत्र की रक्षा के लिए है। उन्होंने कहा कि चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब आरोप-प्रत्यारोप से नहीं, बल्कि तथ्यों और पूरी पारदर्शिता के साथ दिया जाना चाहिए।
दीपक भाटी चोटीवाला ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग दोहराते हुए कहा कि चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था के प्रति जनता का विश्वास सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि चुनावी प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों का संतोषजनक और पारदर्शी जवाब देश के सामने आना चाहिए।
गांव-कस्बों तक अभियान ले जाने की बात
महानगर अध्यक्ष मुकेश यादव ने कहा कि ‘वोट बचाओ–लोकतंत्र बचाओ’ अभियान केवल एक दिन का प्रदर्शन नहीं है, बल्कि लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए व्यापक जनसंघर्ष है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता गांव, कस्बे और शहरों तक यह संदेश पहुंचाएंगे और लोगों को लोकतंत्र तथा मताधिकार की रक्षा के लिए जागरूक करेंगे।
मार्च नगर पालिका दादरी पहुंचकर नारेबाजी और लोकतंत्र एवं संविधान की रक्षा के संकल्प के साथ संपन्न हुआ।
प्रदर्शन में मुकेश यादव, अजय चौधरी, मुकेश शर्मा, अशोक पंडित, राधा रानी, निशा शर्मा, रिजवान चौधरी, सुरेंद्र प्रताप, पुनीत मावी, नीरज लोहिया, भगवती शर्मा, गौतम अवाना, संदीप नागर, बिन्नू भाटी, धर्म सिंह, अरुण गुर्जर, गीता देवी, सुबोध भट्ट, रमेश वाल्मीकि, विपिन त्यागी, नीतीश चौधरी, महाराज सिंह नागर, विजय नागर, सचिन शर्मा, कपिल भाटी, आरके प्रथम, तनवीर, अजब सिंह, जय प्रसाद, निक्की, अरविंद रेक्सवाल, देवेश चौधरी, मोहित एडवोकेट, प्रिंस सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें