सुप्रीम कोर्ट में CJI सूर्यकांत और वकील के बीच तीखी बहस: वकील बोला- आप इस कुर्सी पर बैठने के योग्य नहीं; सुरक्षाकर्मी कोर्टरूम से बाहर ले गए
अपने खिलाफ चल रहे अवमानना मामले को लेकर नाराज था वकील; CJI ने कहा- हम देखेंगे, थोड़ा इंतजार कीजिए, लेकिन वकील ने इंतजार करने से इनकार किया
अनप्लग इंडिया। डेस्क
नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट में सोमवार को सुनवाई के दौरान चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (CJI) सूर्यकांत और एक वकील के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। सुनवाई के दौरान वकील ने CJI के पद और उनकी निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए कहा कि वे इस कुर्सी पर बैठने के योग्य नहीं हैं और उनमें इस पद के लिए जरूरी ईमानदारी नहीं है। वकील के इस व्यवहार से कोर्टरूम में तनावपूर्ण स्थिति बन गई।
मामले के अनुसार, संबंधित वकील अपने खिलाफ चल रहे अवमानना के एक मामले को लेकर नाराज थे। उन्होंने अदालत में अपनी बात रखते हुए पहले माफी मांगने की बात कही और अपने मामले पर जल्द सुनवाई करने का अनुरोध किया। इस दौरान उन्होंने बेंच में मौजूद जस्टिस बागची और जस्टिस मोहना के प्रति सम्मान भी जताया।
CJI ने इंतजार करने को कहा, वकील ने किया इनकार
सुनवाई के दौरान वकील ने CJI सूर्यकांत से कहा कि वे इस पद पर बैठने के योग्य नहीं हैं। इस पर जस्टिस मोहना ने उन्हें ऐसी टिप्पणी नहीं करने की हिदायत दी।
वकील ने कहा कि वे आपात स्थिति के कारण अदालत पहुंचे हैं और सबसे पहले माफी मांगना चाहते हैं। उन्होंने अपना केस देखने का अनुरोध किया। इस पर CJI सूर्यकांत ने कहा, “हम देखेंगे, आप थोड़ा इंतजार कीजिए।”
हालांकि, वकील ने इंतजार करने से इनकार कर दिया। उन्होंने दोबारा CJI की कुर्सी और पद की गरिमा पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनमें इस पद के लिए जरूरी ईमानदारी नहीं है।
कोर्ट की ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग बंद, सुरक्षाकर्मी बाहर ले गए
वकील के लगातार हंगामे के बाद कोर्टरूम की सुनवाई का ऑडियो-वीडियो बंद कर दिया गया। अदालत में मौजूद वकीलों के अनुसार, कुछ देर बाद सुरक्षाकर्मी संबंधित वकील को कोर्टरूम से बाहर ले गए।
बताया गया कि इस घटना से नाराज कोर्ट में मौजूद अन्य वकीलों ने संबंधित वकील के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
जुलाई में भी CJI सूर्यकांत के खिलाफ हुआ था हंगामा
सुप्रीम कोर्ट में जुलाई के दौरान भी CJI सूर्यकांत से जुड़ी एक ऐसी घटना सामने आई थी। उस समय याचिकाकर्ता प्रबल प्रताप ने अदालत में हंगामा करते हुए CJI के खिलाफ अपशब्द कहे थे। हालांकि, उस मामले की सुनवाई कर रही बेंच में CJI सूर्यकांत शामिल नहीं थे।
उस घटना में बेंच ने अवमानना की कार्रवाई शुरू करने से इनकार कर दिया था। अदालत ने कहा था कि याचिकाकर्ता परेशान दिखाई दे रहा था और उसे कुछ स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं थीं।
इसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए होने वाली सुनवाई में व्यक्तिगत रूप से पेश होने वाले याचिकाकर्ताओं की आवाज और वीडियो बंद करने की व्यवस्था शुरू की थी।
अक्टूबर 2025 में तत्कालीन CJI बीआर गवई की ओर जूता फेंकने की कोशिश
सुप्रीम कोर्ट में इससे पहले 6 अक्टूबर 2025 को भी अदालत की गरिमा से जुड़ी एक गंभीर घटना हुई थी। सुनवाई के दौरान 71 वर्षीय वकील राकेश किशोर ने तत्कालीन चीफ जस्टिस बीआर गवई की तरफ जूता फेंकने की कोशिश की थी।
बताया गया था कि वकील भगवान विष्णु की मूर्ति से जुड़े एक मामले में CJI की टिप्पणी से नाराज थे। घटना के दौरान उन्होंने धार्मिक नारे भी लगाए थे। सुरक्षाकर्मियों ने तत्काल उन्हें कोर्टरूम से बाहर कर दिया था।
CJI बीआर गवई ने उस घटना पर संयम दिखाते हुए सुनवाई जारी रखने को कहा था। बाद में बार काउंसिल ऑफ इंडिया ने संबंधित वकील को वकालत के पेशे से निलंबित कर दिया था।
यह भी पढ़ें