अतिक्रमण हटने के बाद पुरानी दिल्ली पहुंचे सांसद प्रवीण खंडेलवाल, कई बाजारों का किया निरीक्षण
पुल मिठाई, नया बाजार और खारी बावली समेत प्रभावित इलाकों का लिया जायजा; सांसद बोले- सैकड़ों अवैध कब्जे हटने से यातायात व्यवस्था में हुआ सुधार
अनप्लग इंडिया। डेस्क
नई दिल्ली। पुरानी दिल्ली के प्रमुख बाजारों में अतिक्रमण हटाने के अभियान के बाद दोबारा कब्जे होने की शिकायतों के बीच गुरुवार को चांदनी चौक के सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने विभिन्न इलाकों का दौरा किया। उन्होंने पुल मिठाई, नया बाजार, खारी बावली, लाहौरी गेट और रानी अवंतिकाबाई चौक समेत कई स्थानों पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
इस दौरान उनके साथ निगम पार्षद सुमन कुमार गुप्ता और चांदनी चौक नागरिक मंच के महासचिव प्रवीण शंकर कपूर भी मौजूद रहे। दौरे में एमसीडी उपायुक्त कनिका नागपाल और पुलिस अधिकारी भी शामिल हुए।
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद चला था अतिक्रमण हटाओ अभियान
दरअसल, 20 नवंबर को इंद्रप्रस्थ विरासत पुनर्विकास निगम की बैठक में सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के सामने चांदनी चौक और पुरानी दिल्ली के अन्य इलाकों में अतिक्रमण की समस्या उठाई थी।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को 72 घंटे के भीतर कार्रवाई कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए थे। निर्देश मिलने के बाद एमसीडी और पुलिस ने करीब 48 घंटे तक अभियान चलाया। इस दौरान पुल मिठाई और खारी बावली सहित कई इलाकों से स्थायी अवैध कब्जे हटाए गए।
दोबारा कब्जे होने की शिकायतों पर मौके पर पहुंचे सांसद
अतिक्रमण हटाने के बाद कुछ स्थानों पर दोबारा कब्जे होने की शिकायतें सामने आई थीं। इसी के मद्देनजर सांसद ने अधिकारियों के साथ बाजारों का निरीक्षण किया।
खंडेलवाल ने आरोप लगाया कि कुछ लोग फर्जी वीडियो के माध्यम से दोबारा अतिक्रमण होने का भ्रम फैला रहे हैं। उन्होंने मौके पर स्थिति का जायजा लेते हुए एमसीडी और पुलिस की कार्रवाई की सराहना की।
यातायात और सुरक्षा व्यवस्था में सुधार का दावा
सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि अभियान के तहत सैकड़ों अवैध कब्जे हटाए गए हैं, जिससे बाजारों में यातायात व्यवस्था बेहतर हुई है। उन्होंने यह भी दावा किया कि पुल मिठाई और खारी बावली में जेबतराशी तथा बैग छीनने जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिली है।
अभियान जारी रखने की बात
चांदनी चौक नागरिक मंच के महासचिव प्रवीण शंकर कपूर ने कहा कि बाजारों में दोबारा अतिक्रमण नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने अभियान को लगातार जारी रखने की बात कही।
दौरे के दौरान सांसद ने संबंधित अधिकारियों के साथ विभिन्न स्थानों की स्थिति देखी। अब बाजारों में अतिक्रमण रोकने और हटाए गए स्थानों को खाली बनाए रखने की जिम्मेदारी संबंधित विभागों की होगी।
यह भी पढ़ें