लखनऊ में सपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प, कई हिरासत में
चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान हंगामा, पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर ईको गार्डन पहुंचाया
‘भ्रम में मत रहो, तुम्हारे बुलडोजर से डर जाएंगे’:लखनऊ में फूटकर रोए एंबुलेंस ड्राइवर, बोले- हमारे घरों का चूल्हा बुझाने वाले, मिट्टी में मिल जाएंगे
अनप्लग इंडिया। डेस्क
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच जमकर हंगामा हुआ। सपा कार्यकर्ता चुनाव आयोग के खिलाफ प्रतीकात्मक अस्थिकलश यात्रा निकाल रहे थे। पुलिस ने उन्हें विधानसभा की ओर जाने से रोकने का प्रयास किया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई।
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को मौके से हटाने और हिरासत में लेने की कार्रवाई शुरू की। इस दौरान कई महिला और पुरुष कार्यकर्ता सड़क पर बैठ गए और कुछ जमीन पर लेट गए। पुलिसकर्मियों ने उन्हें उठाकर पुलिस वाहन तक पहुंचाया। कुछ प्रदर्शनकारियों को हाथ-पैर पकड़कर ले जाते हुए भी देखा गया। बाद में हिरासत में लिए गए कार्यकर्ताओं को ईको गार्डन ले जाया गया।
जनपथ मार्केट से विधानसभा की ओर बढ़ रहे थे कार्यकर्ता
प्रदर्शनकारी शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे जनपथ मार्केट के पास एकत्र हुए थे। यहां से वे विधानसभा की ओर बढ़ रहे थे। हजरतगंज पहुंचने पर पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इसके बाद मौके पर काफी देर तक हंगामा चलता रहा। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर अभद्र व्यवहार करने और कपड़े फाड़ने के आरोप लगाए। वहीं, पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए उन्हें हिरासत में लिया।
चुनाव आयोग पर लगाए गंभीर आरोप
प्रदर्शन में बाराबंकी से पहुंचे अभिषेक यादव ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उन पर लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि बड़ी संख्या में वोटों में अनियमितता हुई है और इसके जरिए अलग-अलग राज्यों में भाजपा को राजनीतिक लाभ पहुंचाया गया।
अभिषेक यादव ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग भाजपा के पक्ष में काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त अपने पद से नहीं हटते, तब तक सपा कार्यकर्ता लोकतंत्र से जुड़े मुद्दों को लेकर आंदोलन जारी रखेंगे।

‘चुनाव आयोग का अस्थि विसर्जन करने जा रहे हैं’
प्रदर्शन में अस्थिकलश लेकर पहुंचे छोटू ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रतीकात्मक रूप से चुनाव आयोग की अस्थिकलश यात्रा निकाली जा रही है। प्रदर्शनकारी चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं का विरोध कर रहे हैं। छोटू ने आरोप लगाया कि बिहार और पश्चिम बंगाल के बाद उत्तर प्रदेश में भी चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाए जाने तक उनका विरोध जारी रहेगा।
सपा कार्यकर्ताओं ने फिर उठाया ‘वोट चोरी’ का मुद्दा
प्रदर्शन में शामिल रिंकी सिंह ने कहा कि समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव लंबे समय से चुनाव में कथित ‘वोट चोरी’ का मुद्दा उठा रहे हैं। उनके मुताबिक पार्टी की ओर से इस संबंध में कई बार सवाल और दावे सामने रखे गए हैं। रिंकी सिंह ने एक अंग्रेजी अखबार में प्रकाशित रिपोर्ट का हवाला देते हुए चुनाव आयोग की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली से भाजपा को लाभ मिल रहा है। प्रदर्शन के दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की और अपनी मांगों को लेकर विरोध जताया। पुलिस की कार्रवाई के बाद प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर ईको गार्डन भेज दिया गया।
यह भी पढ़ें