मुख्य सामग्री पर जाएँ
ब्रेकिंग
▪ राजनीति: राहुल गांधी समेत विपक्षी नेताओं ने सुप्रीम कोर्ट में दाखिल किया हलफनामा: CEC ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयुक्तों से पूछना चाहते हैं 48 सवाल ▪ देश: बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान का खतरा: 19-20 नवंबर को आंध्र में बेहद भारी बारिश का अलर्ट, यूपी में 18 तक घना कोहरा ▪ देश: मोदी बोले- नक्सली हिंसा का सबसे ज्यादा नुकसान आदिवासियों को हुआ, हमने खत्म किया माओवाद: जनजातीय समाज के लिए 3,000 करोड़ की 246 विकास परियोजनाएं शुरू ▪ राजनीति: राहुल गांधी महिला गिग वर्कर के स्कूटर पर बैठे, बोले- आपको मजदूर नहीं, पार्टनर बनाना चाहते हैं ▪ देश: पहाड़ों में बर्फबारी से बढ़ी ठंड, मैदानी इलाकों में बारिश का अलर्ट ▪ देश: असम के काजीरंगा में भीषण सड़क हादसा, 24 लोगों की मौत, मिनी बस काटकर निकाले गए शव, मृतकों में ज्यादातर छात्र ▪ देश: दिल्ली-NCR में सांसों पर संकट, पहाड़ों की ठंड ने बदला मैदानी इलाकों का मौसम, यूपी में सुबह-सुबह छाया कोहरा ▪ राजनीति: अखिलेश बोले- अयोध्या के साथ वृंदावन और केदारेश्वर भी जाऊंगा, भाजपा क्यों घबरा रही है?
17 नवंबर 2026 | भरोसेमंद खबरें, सीधे आपके शहर से
अंक: 17 Nov 2026
Unplug India

भरोसेमंद खबरें, सीधे आपके शहर से

आज का अखबार पढ़ें

अन्तरराष्ट्रीय छात्र दिवस विशेष – युवा चेतना से ही बनेगा उज्ज्वल भविष्य

Rinku Yadav • • 9 मिनट पढ़ें
अन्तरराष्ट्रीय छात्र दिवस विशेष –  युवा चेतना से ही बनेगा उज्ज्वल भविष्य

वर्ष 1939 में वहां के विद्यार्थी विदेशी शासन के विरोध में आवाज उठा रहे थे। 28 अक्टूबर को चेकोस्लोवाकिया की स्वतंत्रता की वर्षगांठ के अवसर पर हुए विरोध प्रदर्शनों के दौरान युवा श्रमिक वाक्लाव सेद्लाचे़क और चिकित्सा के विद्यार्थी जान ओप्लेताल घायल हुए। बाद में जान ओप्लेताल की मृत्यु हो गई। 15 नवंबर को उनके अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में विद्यार्थी शामिल हुए

महेन्द्र तिवारी
साहित्यकार एवं लेखक
पूर्व वायुसैनिक | नई दिल्ली

विद्यार्थी किसी भी समाज और राष्ट्र की सबसे बड़ी पूँजी होते हैं। उनके भीतर भविष्य के सपने होते हैं, वर्तमान को समझने की जिज्ञासा होती है और व्यवस्था को बेहतर बनाने का साहस भी होता है। विद्यार्थी केवल पुस्तकों में लिखे पाठों को याद करने वाला व्यक्ति नहीं होता, बल्कि वह अपने समय, समाज और परिस्थितियों को समझने वाला जागरूक नागरिक भी होता है। उसकी सोच में नए विचारों के बीज होते हैं और उसके संकल्प में आने वाले कल की संभावनाएँ छिपी होती हैं। इसी महत्त्व को रेखांकित करने के लिए प्रत्येक वर्ष 17 नवंबर को अन्तरराष्ट्रीय छात्र दिवस मनाया जाता है। यह दिवस विद्यार्थियों के संघर्ष, साहस, अधिकारों, स्वतंत्रता और शिक्षा के प्रति उनके समर्पण को स्मरण करने का अवसर प्रदान करता है।
अन्तरराष्ट्रीय छात्र दिवस का इतिहास अत्यंत मार्मिक और प्रेरणादायक है। इसकी पृष्ठभूमि द्वितीय विश्वयुद्ध के दौरान यूरोप में घटित उन घटनाओं से जुड़ी है, जब जर्मनी के नाजी शासन ने चेकोस्लोवाकिया पर अधिकार कर लिया था। वर्ष 1939 में वहां के विद्यार्थी विदेशी शासन के विरोध में आवाज उठा रहे थे। 28 अक्टूबर को चेकोस्लोवाकिया की स्वतंत्रता की वर्षगांठ के अवसर पर हुए विरोध प्रदर्शनों के दौरान युवा श्रमिक वाक्लाव सेद्लाचे़क और चिकित्सा के विद्यार्थी जान ओप्लेताल घायल हुए। बाद में जान ओप्लेताल की मृत्यु हो गई। 15 नवंबर को उनके अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में विद्यार्थी शामिल हुए। यह शोक यात्रा धीरे-धीरे नाजी शासन के विरुद्ध विरोध प्रदर्शन में बदल गई।
विद्यार्थियों के इस साहस से भयभीत होकर नाजी शासन ने 17 नवंबर 1939 को कठोर दमनात्मक कार्रवाई की। प्राग और अन्य स्थानों के विद्यार्थी छात्रावासों तथा शिक्षण संस्थानों से गिरफ्तार किए गए। नौ विद्यार्थी नेताओं और शिक्षकों को बिना मुकदमे के मृत्युदंड दे दिया गया। एक हजार से अधिक विद्यार्थियों को यातना शिविरों में भेज दिया गया और चेक विश्वविद्यालयों को बंद कर दिया गया। यह घटना केवल विद्यार्थियों पर किया गया अत्याचार नहीं थी, बल्कि विचारों की स्वतंत्रता, शिक्षा के अधिकार और मानवीय गरिमा पर किया गया आघात भी थी। इन बलिदानों की स्मृति में 1941 में लंदन में 17 नवंबर को अन्तरराष्ट्रीय छात्र दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की गई। तब से यह दिन दुनिया भर में विद्यार्थी एकता और स्वतंत्रता के संघर्ष का प्रतीक बन गया।
इस दिवस का महत्त्व केवल इतिहास को याद करने तक सीमित नहीं है। यह हमें बताता है कि विद्यार्थी समाज के मूक दर्शक नहीं होते। जब अन्याय बढ़ता है, जब अधिकारों का हनन होता है और जब लोकतांत्रिक मूल्यों पर संकट आता है, तब विद्यार्थियों की जागरूकता समाज को नई दिशा दे सकती है। इतिहास में अनेक ऐसे अवसर आए हैं, जब विद्यार्थियों ने अपने साहस और संगठन शक्ति से बड़े सामाजिक तथा राजनीतिक बदलावों का मार्ग प्रशस्त किया है। वर्ष 1973 में यूनान के विद्यार्थियों ने सैनिक शासन के विरुद्ध आवाज उठाई। वर्ष 1989 में प्राग में विद्यार्थियों के शांतिपूर्ण प्रदर्शन ने वहां लोकतांत्रिक परिवर्तन की प्रक्रिया को गति दी। इन घटनाओं से स्पष्ट होता है कि विद्यार्थी चेतना किसी भी दमनकारी व्यवस्था के सामने उम्मीद की किरण बन सकती है।
भारत के संदर्भ में विद्यार्थियों की भूमिका और भी व्यापक रही है। भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में विद्यार्थियों ने उल्लेखनीय योगदान दिया। असहयोग आंदोलन, सविनय अवज्ञा आंदोलन और भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने विदेशी शासन के विरुद्ध संघर्ष किया। अनेक विद्यार्थियों ने पढ़ाई छोड़कर स्वतंत्रता आंदोलन में भाग लिया, जेल गए और यातनाएँ सहीं। भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद, सुखदेव और राजगुरु जैसे क्रांतिकारियों का जीवन युवाओं के साहस, देशप्रेम और त्याग की प्रेरक मिसाल है। उन्होंने यह सिद्ध किया कि उम्र छोटी हो सकती है, लेकिन विचार और संकल्प कभी छोटे नहीं होते।
स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद भी विद्यार्थियों की भूमिका समाप्त नहीं हुई। देश के निर्माण, वैज्ञानिक अनुसंधान, सामाजिक सुधार, लोकतांत्रिक चेतना और सांस्कृतिक विकास में विद्यार्थियों ने अपनी सक्रिय भागीदारी निभाई है। भारत के अनेक वैज्ञानिक, चिकित्सक, शिक्षक, प्रशासक, साहित्यकार और समाजसेवी कभी विद्यार्थी ही थे। आज देश के विद्यालयों, महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में अध्ययनरत लाखों युवा भारत की भविष्य की दिशा तय कर रहे हैं। उनकी प्रतिभा और परिश्रम का उचित उपयोग देश को ज्ञान, विज्ञान और तकनीकी विकास के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकता है।
हालांकि आज का विद्यार्थी अनेक चुनौतियों से भी जूझ रहा है। शिक्षा का बढ़ता खर्च, महंगी पुस्तकें, निजी शिक्षण संस्थानों की भारी फीस, प्रतियोगी परीक्षाओं का दबाव और रोजगार की अनिश्चितता उसके सामने गंभीर समस्याएं हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी अनेक विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, पुस्तकालय, प्रयोगशाला और इंटरनेट जैसी सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों के लिए उच्च शिक्षा प्राप्त करना अब भी आसान नहीं है। कई प्रतिभाशाली विद्यार्थी केवल आर्थिक अभाव के कारण अपनी पढ़ाई बीच में छोड़ने को विवश हो जाते हैं। यह स्थिति किसी भी संवेदनशील समाज के लिए चिंता का विषय होनी चाहिए।
शिक्षा का उद्देश्य केवल नौकरी प्राप्त करना नहीं होना चाहिए। शिक्षा व्यक्ति को विवेकशील, संवेदनशील, आत्मनिर्भर और जिम्मेदार बनाती है। वह सही और गलत के बीच अंतर करना सिखाती है। एक शिक्षित विद्यार्थी अपने अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों को भी समझता है। वह समाज में फैली कुरीतियों, अंधविश्वास, भेदभाव, जातिगत संकीर्णता और लैंगिक असमानता के विरुद्ध तार्किक दृष्टिकोण विकसित कर सकता है। इसलिए शिक्षा को केवल परीक्षा और अंकों तक सीमित कर देना उसके व्यापक उद्देश्य को कमजोर करना है।
वर्तमान समय में विद्यार्थियों के सामने एक नई चुनौती सामाजिक संचार माध्यमों और आभासी दुनिया का बढ़ता प्रभाव भी है। सूचना और ज्ञान के अनेक साधन उपलब्ध होने के बावजूद भ्रामक समाचार, अफवाहें, दिखावे की संस्कृति और अनावश्यक प्रतिस्पर्धा विद्यार्थियों की एकाग्रता को प्रभावित कर रही हैं। कई बार वे अपनी वास्तविक प्रतिभा और रुचि को पहचानने के बजाय दूसरों की उपलब्धियों से अपनी तुलना करने लगते हैं। ऐसे समय में उन्हें विवेकपूर्ण सोच, समय प्रबंधन और आत्मविश्वास की आवश्यकता है। तकनीक का उपयोग ज्ञान अर्जित करने, नए कौशल सीखने और रचनात्मकता विकसित करने के लिए होना चाहिए, न कि समय और ऊर्जा नष्ट करने के लिए।
विद्यार्थी जीवन अनुशासन, परिश्रम, धैर्य और निरंतर सीखने का समय है। इस अवस्था में विकसित आदतें व्यक्ति के पूरे जीवन को प्रभावित करती हैं। विद्यार्थियों को चाहिए कि वे पाठ्य पुस्तकों के साथ साहित्य, इतिहास, विज्ञान और समसामयिक विषयों का भी अध्ययन करें। खेलकूद, कला, संगीत, सामाजिक सेवा और पर्यावरण संरक्षण जैसी गतिविधियों में भाग लें। इससे उनका व्यक्तित्व संतुलित और व्यापक बनेगा। उन्हें प्रश्न पूछने, तर्क करने और नए विचारों को स्वीकार करने की स्वतंत्रता मिलनी चाहिए। शिक्षक और अभिभावक भी विद्यार्थियों पर केवल अच्छे अंक लाने का दबाव डालने के बजाय उनकी रुचियों, क्षमताओं और मानसिक आवश्यकताओं को समझें।
शिक्षा व्यवस्था की भी यह जिम्मेदारी है कि वह प्रत्येक विद्यार्थी को समान अवसर प्रदान करे। आर्थिक स्थिति, जाति, भाषा, क्षेत्र और सामाजिक पृष्ठभूमि के आधार पर किसी प्रतिभा को आगे बढ़ने से रोका नहीं जाना चाहिए। विद्यालयों और विश्वविद्यालयों में ऐसा वातावरण होना चाहिए, जहां विद्यार्थी बिना भय के अपने विचार रख सकें। शिक्षण संस्थान केवल प्रमाणपत्र देने के केंद्र न बनें, बल्कि स्वतंत्र चिंतन, अनुसंधान, नवाचार और मानवीय मूल्यों के विकास के केंद्र बनें। शिक्षकों को भी विद्यार्थियों के भीतर छिपी संभावनाओं को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना चाहिए।
अन्तरराष्ट्रीय छात्र दिवस हमें यह संदेश देता है कि विद्यार्थी केवल अपने परिवार का भविष्य नहीं, बल्कि राष्ट्र और मानवता की आशा भी हैं। उनकी आवाज में समाज को बदलने की शक्ति है और उनके विचारों में नई सभ्यता के निर्माण की संभावना है। लेकिन इस शक्ति का सकारात्मक उपयोग तभी संभव है, जब विद्यार्थी ज्ञान के साथ विवेक, अधिकारों के साथ जिम्मेदारी और महत्वाकांक्षा के साथ संवेदनशीलता को भी अपनाएं।
आज आवश्यकता इस बात की है कि हम विद्यार्थियों को केवल भविष्य का नागरिक न मानें, बल्कि वर्तमान का सक्रिय और जिम्मेदार भागीदार भी समझें। उनकी समस्याओं को सुनें, उनकी प्रतिभा को अवसर दें और उनके प्रश्नों का सम्मान करें। किसी राष्ट्र की वास्तविक प्रगति उसके भवनों, सड़कों और आर्थिक आंकड़ों से ही नहीं, बल्कि उसकी युवा पीढ़ी की शिक्षा, सोच और चरित्र से भी मापी जाती है। 17 नवंबर का यह दिवस हमें याद दिलाता है कि शिक्षा का दीपक कभी बुझना नहीं चाहिए और स्वतंत्र विचारों की आवाज कभी दबनी नहीं चाहिए। क्योंकि आज का जागरूक विद्यार्थी ही कल के सशक्त, समतामूलक और प्रगतिशील समाज का निर्माता है।

यह भी पढ़ें