मुख्य सामग्री पर जाएँ
ब्रेकिंग
▪ राजनीति: राहुल गांधी समेत विपक्षी नेताओं ने सुप्रीम कोर्ट में दाखिल किया हलफनामा: CEC ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयुक्तों से पूछना चाहते हैं 48 सवाल ▪ देश: बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान का खतरा: 19-20 नवंबर को आंध्र में बेहद भारी बारिश का अलर्ट, यूपी में 18 तक घना कोहरा ▪ देश: मोदी बोले- नक्सली हिंसा का सबसे ज्यादा नुकसान आदिवासियों को हुआ, हमने खत्म किया माओवाद: जनजातीय समाज के लिए 3,000 करोड़ की 246 विकास परियोजनाएं शुरू ▪ राजनीति: राहुल गांधी महिला गिग वर्कर के स्कूटर पर बैठे, बोले- आपको मजदूर नहीं, पार्टनर बनाना चाहते हैं ▪ देश: पहाड़ों में बर्फबारी से बढ़ी ठंड, मैदानी इलाकों में बारिश का अलर्ट ▪ देश: असम के काजीरंगा में भीषण सड़क हादसा, 24 लोगों की मौत, मिनी बस काटकर निकाले गए शव, मृतकों में ज्यादातर छात्र ▪ देश: दिल्ली-NCR में सांसों पर संकट, पहाड़ों की ठंड ने बदला मैदानी इलाकों का मौसम, यूपी में सुबह-सुबह छाया कोहरा ▪ राजनीति: अखिलेश बोले- अयोध्या के साथ वृंदावन और केदारेश्वर भी जाऊंगा, भाजपा क्यों घबरा रही है?
17 नवंबर 2026 | भरोसेमंद खबरें, सीधे आपके शहर से
अंक: 17 Nov 2026
Unplug India

भरोसेमंद खबरें, सीधे आपके शहर से

आज का अखबार पढ़ें

कानपुर के 5 मंजिला अपार्टमेंट में भीषण आग, 2 की मौत: 15 साल का बच्चा जिंदा जला; जान बचाने के लिए तीसरी मंजिल से कूदी महिला की भी गई जान

Rinku Yadav • • 4 मिनट पढ़ें
कानपुर के 5 मंजिला अपार्टमेंट में भीषण आग, 2 की मौत: 15 साल का बच्चा जिंदा जला; जान बचाने के लिए तीसरी मंजिल से कूदी महिला की भी गई जान

राधिका अपार्टमेंट में तड़के 4:30 बजे लगी आग से मची अफरा-तफरी; 8 से 10 लोग झुलसे या घायल, कई ने बालकनी से कूदकर बचाई जान; शॉर्ट सर्किट की आशंका

अनप्लग इंडिया। डेस्क

कानपुर। शहर के फीलखाना थाना क्षेत्र के पटकापुर चौकी इलाके में सोमवार तड़के पांच मंजिला राधिका अपार्टमेंट में भीषण आग लग गई। हादसे में एक 15 वर्षीय किशोर और एक महिला की मौत हो गई, जबकि 8 से 10 लोग झुलस गए या घायल हो गए। आग इतनी तेजी से फैली कि बिल्डिंग की सीढ़ियों में धुआं भर गया और लोगों के बाहर निकलने का रास्ता बंद हो गया। जान बचाने के लिए कुछ लोग बालकनी से नीचे कूदे, जबकि कई परिवारों ने चादर और साड़ियों के सहारे दूसरी मंजिल तक पहुंचकर बचने की कोशिश की।

अपार्टमेंट में कुल 12 फ्लैट हैं, जिनमें करीब 50 से 60 लोग रहते हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 4:30 बजे निचले फ्लोर के एक फ्लैट में आग लगी। कुछ ही देर में आग और धुआं पूरी इमारत में फैल गया। पार्किंग में खड़ी कई स्कूटी और मोटरसाइकिलें भी जल गईं।

बेटे को बचाने की कोशिश में परिवार से बिछड़ा 15 साल का प्रांजुल

हादसे में पांचवीं मंजिल पर रहने वाले अनिल बाथम के 15 वर्षीय बेटे प्रांजुल की मौत हो गई। अनिल ने बताया कि वह पत्नी मीता, बेटे और आठ साल की बेटी गौरी के साथ अपार्टमेंट में रहते हैं। उन्होंने तीन साल पहले 25 लाख रुपये में 2BHK फ्लैट खरीदा था।

अनिल के मुताबिक, सोमवार तड़के दरवाजे की घंटी बज रही थी। दरवाजा खोलने पर बाहर आग और धुआं दिखाई दिया, जिसके बाद उन्होंने तुरंत दरवाजा बंद कर लिया। उन्होंने बेटे को आग लगने की जानकारी दी। नींद में होने के कारण बेटा घबराकर दरवाजा खोलकर छत की ओर भाग गया।

अनिल ने बताया कि धुएं के कारण कुछ दिखाई नहीं दे रहा था। परिवार बालकनी में खड़ा रहा। फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंचने के बाद उनकी जान बच सकी। बाद में प्रांजुल छत पर सिकुड़ी हुई हालत में मिला। उसकी मौत आग और धुएं की चपेट में आने से हुई।

तीसरी मंजिल से नीचे गिरी महिला, मौके पर मौत

हादसे में राखी साहू की भी जान चली गई। उनके पति जितेंद्र साहू अधिवक्ता हैं और परिवार के साथ अपार्टमेंट की तीसरी मंजिल पर रहता था। उनके दोनों बच्चे स्कूल की छुट्टियों के चलते दो दिन पहले ही सिविल लाइंस स्थित अपने दादा-दादी के घर गए हुए थे।

जितेंद्र ने बताया कि तड़के बाहर से लोगों के चिल्लाने की आवाजें सुनाई दीं। फ्लैट से बाहर देखा तो पूरे अपार्टमेंट में आग फैली हुई थी। उन्होंने दो चादरें निकालकर पत्नी के साथ बालकनी में पहुंचने की कोशिश की। एक चादर नीचे लटकाकर उन्होंने राखी को मजबूती से पकड़ने के लिए कहा।

जितेंद्र के मुताबिक, नीचे उतरते समय राखी घबरा गईं और चादर छोड़ दिया। वह सीधे पहली मंजिल पर रहने वाले वैभव गुप्ता के ऊपर जा गिरीं। गिरने से उनके सिर और रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट आई और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वैभव गुप्ता की रीढ़ की हड्डी भी टूट गई।

चादर और साड़ियों के सहारे लोगों ने बचाई जान

अपार्टमेंट के सामने करीब 5 से 6 फीट चौड़ी गली है और सामने दो मंजिला मकान बना हुआ है। आग के कारण सीढ़ियों में धुआं भरने से लोगों का नीचे उतरना मुश्किल हो गया था। ऐसे में ऊपरी मंजिलों पर फंसे कुछ लोग साड़ी और चादरों के सहारे सामने बने मकान की दूसरी मंजिल तक पहुंचे। वहां से पटरा लगाकर उन्हें मकान की छत पर उतारा गया।

घबराहट में करीब 8 से 10 लोग बालकनी से नीचे कूद गए। इस दौरान कई लोगों को चोटें आईं। आग की चपेट में आने से अपार्टमेंट की पार्किंग में खड़े दोपहिया वाहन भी जल गए।

शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच में जुटी पुलिस

पुलिस के मुताबिक, शुरुआती तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने और इमारत में फंसे लोगों को बाहर निकालने का काम किया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा।

यह भी पढ़ें