CDS बोले- युद्ध और शांति के बीच की रेखा धुंधली हुई, भारत को अपना युद्ध मॉडल विकसित करना होगा
जनरल एनएस राजा सुब्रमण्यम ने ऑपरेशन सिंदूर को इंटीग्रेशन और मल्टी-डोमेन ऑपरेशन का बेहतरीन उदाहरण बताया; कहा- तकनीक में लगातार सुधार जरूरी, पुराने हथियार और रणनीतियां भविष्य की चुनौतियों के लिए पर्याप्त नहीं
अनप्लग इंडिया। डेस्क
नई दिल्ली। चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल एनएस राजा सुब्रमण्यम ने कहा है कि आधुनिक दौर में युद्ध और शांति के बीच का अंतर लगातार धुंधला होता जा रहा है। अब टकराव केवल हथियारों और सीमाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि तकनीक और मानसिक स्तर पर भी चुनौतियां बढ़ रही हैं। उन्होंने भारतीय सेना को भविष्य के युद्धों के लिए लगातार तकनीकी रूप से मजबूत बनने और अपनी अलग युद्ध रणनीति विकसित करने की जरूरत बताई।
दिल्ली में विवेकानंद फाउंडेशन की ओर से आयोजित एक व्याख्यान में CDS ने मल्टी-डोमेन ऑपरेशन की अवधारणा समझाई। उन्होंने कहा कि इसका मतलब अलग-अलग सैन्य क्षमताओं को एक साथ जोड़कर दुश्मन के सामने कई तरह की चुनौतियां और दुविधाएं खड़ी करना है।
ऑपरेशन सिंदूर को बताया इंटीग्रेशन का बेहतरीन उदाहरण
जनरल सुब्रमण्यम ने ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए इसे इंटीग्रेशन, जॉइंटनेस और मल्टी-डोमेन ऑपरेशन का बेहतरीन उदाहरण बताया।
उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर केवल एक बार की सैन्य कार्रवाई नहीं था, बल्कि यह भविष्य के युद्धों के लिए एक मॉडल पेश करता है। उनके मुताबिक, अलग-अलग सैन्य क्षमताओं के बेहतर तालमेल से किसी भी अभियान की प्रभावशीलता बढ़ाई जा सकती है।
युद्ध का स्वरूप बदलने के पीछे तीन बड़े कारण
CDS ने आधुनिक युद्ध के बदलते स्वरूप के पीछे तीन प्रमुख कारण बताए।
1. तकनीक लगातार बदल रही है
जनरल सुब्रमण्यम के मुताबिक, युद्ध के चरित्र में बदलाव की सबसे बड़ी वजह तेजी से विकसित होती तकनीक है। किसी देश को मिली तकनीकी बढ़त स्थायी नहीं होती। आज का सबसे आधुनिक हथियार या सिस्टम कुछ समय बाद पुराना पड़ सकता है।
उन्होंने कहा कि भारत को लगातार नई तकनीक विकसित करने और मौजूदा क्षमताओं में सुधार करते रहने की जरूरत है। जो देश तकनीकी विकास की रफ्तार बनाए नहीं रखेंगे, वे भविष्य की चुनौतियों में पीछे रह सकते हैं।
2. युद्ध और शांति के बीच का अंतर कम हो रहा है
CDS ने कहा कि दुनिया लगातार टकराव की स्थिति में है और युद्ध तथा शांति के बीच की पारंपरिक सीमा धुंधली होती जा रही है।
उन्होंने कॉग्निटिव वारफेयर यानी दिमागी युद्ध का जिक्र करते हुए कहा कि विरोधी देश धीरे-धीरे और रणनीतिक तरीके से लोगों की सोच तथा धारणाओं को प्रभावित करने की कोशिश कर सकते हैं। इस तरह का टकराव बिना गोली चलाए भी जारी रह सकता है और कई बार लोगों को इसका एहसास तक नहीं होता।
3. भारत को अपनी परिस्थितियों के अनुसार रणनीति बनानी होगी
जनरल सुब्रमण्यम ने कहा कि भारत को किसी दूसरे देश की सैन्य रणनीति की नकल करने के बजाय अपना युद्ध मॉडल विकसित करना चाहिए।
उन्होंने अमेरिका, चीन और रूस की रणनीतियों का उदाहरण देते हुए कहा कि भारत की भौगोलिक परिस्थितियां, सुरक्षा चुनौतियां, विरोधी और आर्थिक संसाधन अलग हैं। इसलिए भारत को अपनी जरूरतों और परिस्थितियों के मुताबिक सैन्य रणनीति तैयार करनी होगी।
भविष्य के युद्ध के लिए लगातार तैयारी जरूरी
CDS के संबोधन का मुख्य संदेश यह रहा कि भविष्य के युद्ध केवल पारंपरिक हथियारों से नहीं लड़े जाएंगे। तकनीकी क्षमता, अलग-अलग सैन्य बलों के बीच तालमेल और बदलती परिस्थितियों के अनुरूप रणनीति तैयार करना महत्वपूर्ण होगा।
उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर को इसी दिशा में एक उदाहरण बताते हुए भारतीय सैन्य व्यवस्था में निरंतर तकनीकी सुधार और संयुक्त सैन्य क्षमताओं को मजबूत करने पर जोर दिया।
यह भी पढ़ें