गाजियाबाद में भाई के साथ मारपीट का विरोध करने पर महिला की गोली मारकर हत्या, मौसेरा भाई भी घायल
भाई दूज पर मायके आई थी पूजा, पड़ोसी के घर के बाहर टॉयलेट करने को लेकर शुरू हुआ था विवाद; दो संदिग्ध हिरासत में, इलाके में भारी पुलिस बल तैनात
अनप्लग इंडिया। डेस्क
गाजियाबाद। गाजियाबाद के लोनी स्थित इंदिरापुरी कॉलोनी में मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। भाई के साथ हुई मारपीट का विरोध करने पहुंची 33 वर्षीय महिला पूजा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात में उसका मौसेरा भाई अमित भी गोली लगने से घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया और गुस्साए लोगों ने आरोपियों के घर में तोड़फोड़ की तथा बाहर खड़ी गाड़ियों को नुकसान पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, पूजा भाई दूज के अवसर पर अपने मायके आई हुई थी। शनिवार रात करीब 10 बजे उसका भाई अमन पड़ोसी प्रशांत उर्फ पांचाल के घर के बाहर शौच करने लगा। इस बात को लेकर प्रशांत ने उसे टोका, जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी हो गई।
बताया गया है कि विवाद के बाद अमन वहां से चला गया, लेकिन कुछ दूरी पर 10 से 12 लोगों ने उसे घेर लिया और उसके साथ मारपीट की। घायल अवस्था में घर पहुंचे अमन ने परिवार को पूरी घटना बताई।
भाई के साथ हुई मारपीट की जानकारी मिलने पर पूजा अपने मौसेरे भाई अमित के साथ शिकायत करने प्रशांत के घर पहुंची। आरोप है कि वहां मौजूद लोगों ने दोनों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने पिस्टल से फायरिंग कर दी।
इस दौरान एक गोली पूजा के सिर में लगी, जबकि अमित भी गोली लगने से घायल हो गया। परिजन दोनों को तत्काल दिल्ली के राजीव गांधी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने पूजा को मृत घोषित कर दिया। अमित का उपचार जारी है।
महिला की मौत के बाद भड़का लोगों का गुस्सा
पूजा की हत्या की खबर फैलते ही परिवार और आसपास के लोगों में आक्रोश फैल गया। गुस्साई भीड़ प्रशांत के घर पहुंच गई और वहां तोड़फोड़ शुरू कर दी। घर के बाहर खड़ी कार और स्कूटी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति संभाली। घर के अंदर मौजूद प्रशांत और उसके परिवार को पुलिस ने सुरक्षित बाहर निकाला। अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाकर शांत कराया।
चार थानों की पुलिस तैनात, फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की गंभीरता और इलाके में तनाव को देखते हुए लोनी बॉर्डर, लोनी कोतवाली, अंकुर विहार और ट्रॉनिका सिटी थाने की पुलिस मौके पर तैनात की गई। डीसीपी ग्रामीण और एसीपी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं।
डीसीपी देहात सुरेंद्र नाथ तिवारी के मुताबिक, मामले में दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपियों की भूमिका का पता लगाया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, मामूली विवाद से शुरू हुई इस घटना में एक महिला की जान चली गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल है। फिलहाल इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात है।
यह भी पढ़ें