गिरफ्तारी की आशंका जता रहे CJP संस्थापक अभिजीत दीपके, आज दिल्ली में तिरंगा रैली का ऐलान
दीपके का आरोप—सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी कर रहे पीछा, गिरफ्तारी की जताई आशंका, CJP की आज शाम 5 बजे कनॉट प्लेस में ‘लहरा दो तिरंगा’ रैली
अनप्लग इंडिया। डेस्क
नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने अपनी गिरफ्तारी की आशंका जताई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी उनका पीछा कर रहे हैं। गुरुवार देर रात करीब 12 बजे आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दीपके ने दावा किया कि पुलिस उन्हें गुरुवार रात या शुक्रवार सुबह तक हिरासत में ले सकती है।
दीपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कुछ तस्वीरें साझा करते हुए एक सफेद स्कॉर्पियो से पीछा किए जाने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि वह किसी दबाव से डरने वाले नहीं हैं। उनका कहना था कि यदि तिरंगा फहराने के लिए जेल जाना पड़े, तो वह इसके लिए भी तैयार हैं।
कनॉट प्लेस में रैली का ऐलान
CJP ने शुक्रवार, 16 अक्टूबर को शाम पांच बजे कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में ‘लहरा दो तिरंगा’ रैली आयोजित करने की घोषणा की है। पार्टी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रही है। इसके साथ ही वह आशुतोष रांका और सौरव दास को न्यायिक हिरासत में भेजे जाने के विरोध में भी प्रदर्शन करेगी।
दीपके ने सवाल उठाया कि क्या अब देश में तिरंगा फहराने के लिए भी पुलिस से अनुमति लेनी होगी। उन्होंने आशुतोष रांका और सौरव दास की गिरफ्तारी का उल्लेख करते हुए कहा कि तिरंगा फहराना किसी नागरिक का अपराध नहीं होना चाहिए।
सेंट्रल पार्क दो दिन बंद, निषेधाज्ञा लागू
रैली के मद्देनजर कनॉट प्लेस और आसपास के क्षेत्रों में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू है। नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) ने सेंट्रल पार्क को 16 और 17 अक्टूबर को आम लोगों के लिए बंद रखने का निर्णय लिया है। हालांकि, पार्क बंद रखने के पीछे की वजह परिषद की ओर से स्पष्ट नहीं की गई है।
दिल्ली में सुरक्षा बढ़ाई गई
रैली से पहले कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क और राजीव चौक मेट्रो स्टेशन पर नए CCTV कैमरे लगाए गए हैं। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, नई दिल्ली और आसपास के इलाकों में 25 हजार से अधिक पुलिस तथा अर्धसैनिक बलों के जवान तैनात किए गए हैं।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने भी एडवाइजरी जारी कर लोगों को आगाह किया है कि शुक्रवार दोपहर तीन बजे के बाद कनॉट प्लेस के आसपास यातायात प्रभावित हो सकता है। जरूरत पड़ने पर वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला जा सकता है। यात्रियों को अतिरिक्त समय लेकर चलने, सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।
तीन दिनों में दो बार हिरासत में लिए गए CJP नेता
रिपोर्ट में दी गई जानकारी के मुताबिक, CJP के नेताओं को पिछले तीन दिनों में दो बार हिरासत में लिया जा चुका है। वहीं, अभिजीत दीपके फिलहाल रानी झांसी रोड के मोतिया खान इलाके में रुके हुए हैं।
इसके अलावा, मुंबई पुलिस ने CJP को 16 अक्टूबर को मुंबई के आजाद मैदान में भी तिरंगा प्रदर्शन करने की अनुमति दी है। यह प्रदर्शन पार्टी के ‘लहरा दो तिरंगा’ अभियान का हिस्सा बताया गया है।
यह भी पढ़ें