JSW मोटर्स की आधिकारिक रजिस्ट्रेशन वेबसाइट लॉन्च, दिसंबर में बाजार में उतरेगा कंपनी का पहला वाहन
कंपनी ने संभावित ग्राहकों से रुचि दर्ज कराने को कहा; JSW ने फर्जी वेबसाइटों से सावधान रहने और निजी व वित्तीय जानकारी साझा नहीं करने की दी सलाह
अनप्लग इंडिया। डेस्क
मुंबई। JSW ग्रुप की पैसेंजर मोबिलिटी क्षेत्र में नई पहल JSW मोटर्स लिमिटेड ने अपनी आधिकारिक रजिस्ट्रेशन वेबसाइट लॉन्च कर दी है। कंपनी ने सोमवार को www.jswmotors.com वेबसाइट को लाइव करने की घोषणा की। इसके माध्यम से संभावित ग्राहक कंपनी के आगामी वाहन में अपनी रुचि दर्ज करा सकेंगे। कंपनी का बाजार में प्रवेश दिसंबर 2026 में प्रस्तावित है।
कंपनी के मुताबिक, नई वेबसाइट को आगामी वाहन के बारे में रुचि रखने वाले ग्राहकों के लिए एक आधिकारिक प्लेटफॉर्म के रूप में तैयार किया गया है। JSW मोटर्स ने स्पष्ट किया है कि ग्राहकों का रजिस्ट्रेशन केवल उसकी आधिकारिक वेबसाइट के जरिए ही स्वीकार किया जाएगा।
फर्जी वेबसाइटों से सावधान रहने की अपील
JSW मोटर्स ने ग्राहकों, संभावित डीलरों, विक्रेताओं और आम लोगों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। कंपनी ने कहा है कि JSW मोटर्स के नाम या पहचान का इस्तेमाल करने वाली कोई भी अनधिकृत थर्ड-पार्टी वेबसाइट या डिजिटल प्लेटफॉर्म कंपनी अथवा JSW ग्रुप का आधिकारिक प्लेटफॉर्म नहीं है।
कंपनी ने लोगों को ऐसी अनधिकृत वेबसाइटों पर अपनी निजी या वित्तीय जानकारी साझा करने से बचने की सलाह दी है। ग्राहकों से अपील की गई है कि वे वाहन से संबंधित जानकारी और रजिस्ट्रेशन के लिए केवल आधिकारिक वेबसाइट www.jswmotors.com का ही इस्तेमाल करें।
इलेक्ट्रिक मोबिलिटी पर कंपनी का फोकस
JSW मोटर्स लिमिटेड की स्थापना 2024 में हुई थी। कंपनी भारतीय बाजार की जरूरतों के अनुसार नई पीढ़ी के पैसेंजर वाहनों के डिजाइन और निर्माण पर काम कर रही है। कंपनी ने टिकाऊ और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी समाधान विकसित करने को अपनी रणनीति का हिस्सा बताया है।
JSW मोटर्स महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में अत्याधुनिक ग्रीनफील्ड मैन्युफैक्चरिंग प्लांट स्थापित कर रही है। कंपनी के अनुसार, इस परियोजना का उद्देश्य इलेक्ट्रिक वाहन निर्माण की क्षमता विकसित करना और भारत में स्वच्छ एवं आधुनिक परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा देना है।
JSW ग्रुप का कहना है कि वह तकनीक, इंजीनियरिंग और टिकाऊ मोबिलिटी समाधानों के जरिए भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में अपनी नई पहचान बनाने की दिशा में काम कर रहा है।
यह भी पढ़ें