कैप्टन शशिकांत मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट: पायनियर और खुर्राट-11 फाइनल में पहुंचे
पहले सेमीफाइनल में पायनियर क्रिकेट क्लब ने एस्टर को 30 रन से हराया, दूसरे मुकाबले में खुर्राट-11 ने आखिरी गेंद पर दर्ज की रोमांचक जीत
अनप्लग इंडिया। डेस्क
नोएडा। नोएडा स्टेडियम में नोएडा स्पोर्ट्स ट्रस्ट, मानव सेवा समिति, डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन एवं एनपीडीए की ओर से आयोजित 26वें कैप्टन शशिकांत मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट के दोनों सेमीफाइनल मुकाबले बुधवार को खेले गए। पहले सेमीफाइनल में पायनियर क्रिकेट क्लब ने एस्टर क्रिकेट क्लब को 30 रन से हराकर फाइनल में जगह बनाई। वहीं, दूसरे सेमीफाइनल में खुर्राट-11 ने एम.एस. स्पोर्ट्स को आखिरी गेंद पर एक रन बनाकर रोमांचक जीत दर्ज की। अब शुक्रवार, 16 अक्टूबर को पायनियर क्रिकेट क्लब और खुर्राट-11 के बीच खिताबी मुकाबला खेला जाएगा।
पायनियर क्रिकेट क्लब ने 30 रन से दर्ज की जीत
पहले सेमीफाइनल में एस्टर क्रिकेट क्लब ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी पायनियर क्रिकेट क्लब की टीम ने पांच विकेट के नुकसान पर 170 रन बनाए। इशू शर्मा ने 49 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली, जबकि अंश ने 38 और युवराज ने नाबाद 23 रन का योगदान दिया। एस्टर की ओर से विराट और स्पर्श जैन ने दो-दो विकेट हासिल किए।
171 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी एस्टर क्रिकेट क्लब की टीम 18.2 ओवर में 140 रन पर सिमट गई। एस्टर की ओर से शिवम शर्मा ने 39 और हनी खारी ने 29 रन बनाए। पायनियर की ओर से युवराज, राजेश और तन्मय ने दो-दो विकेट लेकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। पायनियर के युवराज नागर को उनके प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।
खुर्राट-11 ने आखिरी गेंद पर हासिल की जीत
दूसरा सेमीफाइनल एम.एस. स्पोर्ट्स और खुर्राट-11 के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए एम.एस. स्पोर्ट्स ने सात विकेट के नुकसान पर 166 रन बनाए। सार्थक पाल ने 56 रन की शानदार पारी खेली, जबकि सार्थक चतुर्वेदी ने 33 और मौसिफ अजाज ने 32 रन का योगदान दिया। खुर्राट-11 की ओर से निर्देश ने दो विकेट हासिल किए।
167 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी खुर्राट-11 की टीम ने मुकाबले को आखिरी गेंद तक रोमांचक बनाए रखा। टीम ने अंतिम गेंद पर जरूरी एक रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया और फाइनल में प्रवेश किया।
खुर्राट-11 की ओर से अमित नागर ने 38 रन, मनीष भाटी ने 28 रन और निर्देश बैसोया ने 24 रन बनाए। एम.एस. स्पोर्ट्स की ओर से यथार्थ और अर्जुन ने दो-दो विकेट लिए। खुर्राट-11 के अमित नागर को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
शुक्रवार को होगा फाइनल और पुरस्कार वितरण समारोह
दोनों सेमीफाइनल मुकाबलों के नतीजों के बाद अब टूर्नामेंट के खिताब के लिए पायनियर क्रिकेट क्लब और खुर्राट-11 आमने-सामने होंगे। फाइनल मैच और पुरस्कार वितरण समारोह शुक्रवार, 16 अक्टूबर को आयोजित किया जाएगा।
मैचों के दौरान के.एल. तेजवानी, आर.के. शर्मा, एस.के. सरीन, एम.एल. शर्मा, सुभाष शर्मा, अतुल गौड़, सुधीश चौधरी, संदीप शर्मा, शैलेन्द्र सिंह, जोगिंदर परिहार, शुभम भारद्वाज, अमन भारद्वाज, जे.के.एस. चौहान और यू.के. भारद्वाज सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
प्रताप रावत और संतराम ने अंपायरिंग की, जबकि वेद चौधरी ने स्कोरिंग की जिम्मेदारी संभाली।
यह भी पढ़ें