कन्नौज में स्कूल बस को ट्रक ने मारी टक्कर, 4 बच्चों की मौत; 25 घायल
आगरा से पिकनिक मनाकर कौशांबी लौट रहे थे छात्र; एक्सप्रेसवे पर टॉयलेट के लिए रोकी गई थी बस, पीछे से टकराया तेज रफ्तार ट्रक
अनप्लग इंडिया। डेस्क
कन्नौज। उत्तर प्रदेश के कन्नौज में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर बुधवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। पिकनिक से लौट रही स्कूली बच्चों से भरी बस को तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में चार छात्रों की मौत हो गई, जबकि 25 लोग घायल हो गए। बस में करीब 50 विद्यार्थियों समेत कुल 60 लोग सवार थे।
हादसा ठठिया थाना क्षेत्र में सुबह करीब 6 बजे हुआ। कौशांबी के ओरिएंटल पब्लिक स्कूल की बस आगरा से पिकनिक मनाकर वापस लौट रही थी। पुलिस के मुताबिक, मंगलवार रात करीब 12 बजे बस आगरा से रवाना हुई थी। सुबह बच्चों को शौचालय जाने के लिए एक्सप्रेसवे पर बस रोकी गई थी। इसी दौरान पीछे से आए ट्रक ने बस में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि बस का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कई सीटें उखड़ गईं और कुछ बच्चे सीटों के बीच फंस गए। घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
मृतकों में कौशांबी और फतेहपुर के छात्र शामिल
हादसे में जान गंवाने वाले चार छात्रों की पहचान कौशांबी निवासी आर्यन चौरसिया (14) और रजीउल्ला (16) तथा फतेहपुर निवासी जैद अहमद (17) और अरमान (17) के रूप में हुई है। इनमें आर्यन और अरमान आठवीं, जैद दसवीं और रजीउल्ला 11वीं कक्षा में पढ़ते थे।
चारों की मौत से उनके परिवारों में मातम पसरा है। हादसे में घायल अन्य विद्यार्थियों और लोगों का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
आगरा और मथुरा घूमने गए थे छात्र
स्कूल प्रबंधन के अनुसार, कक्षा छह से दसवीं तक के विद्यार्थियों को पिकनिक के लिए आगरा और मथुरा ले जाया गया था। बस शनिवार को कौशांबी से रवाना हुई थी। विद्यार्थियों ने रविवार और सोमवार को पर्यटन स्थलों का भ्रमण किया। इसके बाद सोमवार देर रात वापसी के लिए बस रवाना हुई थी।
छात्र बोले- दोस्त की तबीयत खराब थी, इसलिए रोकी गई थी बस
घायल छात्र प्रिंस प्रजापति ने बताया कि वे आगरा में ताजमहल देखने गए थे। उनके दोस्त नौशाद की तबीयत खराब थी और उसे शौचालय जाना था। इसी वजह से बस रोकी गई थी। इसके कुछ ही देर बाद ट्रक ने बस को टक्कर मार दी।
एक अन्य घायल छात्र शक्ति यादव ने बताया कि टक्कर के बाद बस काफी दूर तक घिसटती चली गई। हादसे में प्रिंसिपल भी बस के गेट में फंस गए थे। कई विद्यार्थी घायल हो गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
ट्रक चालक की तलाश में जुटी पुलिस
कन्नौज के एसपी विनोद कुमार ने बताया कि हादसे में चार बच्चों की मौत हुई है और 25 लोग घायल हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, ट्रक चालक को झपकी आने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। दुर्घटनाग्रस्त बस और ट्रक से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें