महर्षि नगर की रामलीला में श्रीराम-सीता की प्रथम भेंट का मनमोहक मंचन
जनकपुर भ्रमण, पुष्प वाटिका प्रसंग और माता सीता के गौरी पूजन ने मोहा श्रद्धालुओं का मन
अनप्लग इंडिया। डेस्क
नोएडा। शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर नोएडा के सेक्टर-110 स्थित महर्षि नगर में आयोजित दुर्गा पूजा एवं श्रीरामलीला महोत्सव के तीसरे दिन भगवान श्रीराम और माता सीता की प्रथम भेंट के प्रसंग का मनोहारी मंचन किया गया। मंगलवार, को रामलीला में भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और महर्षि विश्वामित्र के जनकपुर पहुंचने, श्रीराम-लक्ष्मण द्वारा जनकपुर बाजार का भ्रमण करने, पुष्प वाटिका में माता सीता से भेंट होने तथा माता सीता द्वारा मां गौरी का पूजन करने के प्रसंगों को सुंदर ढंग से प्रस्तुत किया गया। इन दृश्यों ने श्रद्धालुओं को रामायण की पावन कथा से जोड़ते हुए वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
ए के लाल मीडिया प्रभारी ने बताया की रामलीला में जनकपुर की सुंदरता, वहां के बाजारों की रौनक और पुष्प वाटिका के मनमोहक वातावरण को जीवंत रूप में दर्शाया गया। पुष्प वाटिका में भगवान श्रीराम और माता सीता की प्रथम भेंट का प्रसंग विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। वहीं, माता सीता द्वारा मां गौरी की आराधना और मनोकामना पूर्ति के लिए प्रार्थना करने के दृश्य ने श्रद्धा और भक्ति का भाव जागृत किया। भगवान श्रीराम और माता सीता के इस प्रसंग ने प्रेम, मर्यादा और भारतीय सांस्कृतिक परंपरा की सुंदर झलक प्रस्तुत की।
महर्षि नगर में चल रहे इस महोत्सव के दौरान श्रीरामलीला के साथ दुर्गा पूजन, वेद पाठ, भजन-कीर्तन, प्रवचन और आरती सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। प्रतिदिन सुबह मां दुर्गा की पूजा-अर्चना और शाम को भक्ति संगीत एवं वैदिक अनुष्ठानों से वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से भर उठता है।
आयोजकों के अनुसार, रामलीला मंचन का उद्देश्य भगवान श्रीराम के जीवन आदर्शों, भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं को जन-जन तक पहुंचाना है। रामलीला के माध्यम से श्रद्धालुओं को प्रेम, त्याग, कर्तव्य, मर्यादा और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा मिल रही है।
इस अवसर पर श्री दुर्गा पूजा,विजयादशमी एवं श्री रामलीला महोत्सव के संयोजक रामेंद्र सचान, विनोद श्रीवास्तव, शिशिर कांत श्रीवास्तव विनीत श्रीवास्तव, विनोद दीक्षित, एस पी गर्ग,श्रीकांत ओझा मनोज श्रीवास्तव, संतोष श्रीवास्तव, लल्लन पाठक, दयाशंकर गुप्ता, राजेंद्र शुक्ला, राजेंद्र खंतवाल, और नरेंद्र सिंह सहित अनेक भक्त उपस्थित थे।
यह भी पढ़ें