मुख्य सामग्री पर जाएँ
ब्रेकिंग
▪ राजनीति: SIR के विरोध में आज दिल्ली में विपक्ष की बड़ी रैली, रामलीला मैदान में जुटेंगे 20 से अधिक दलों के नेता ▪ देश: 1 नवंबर से बदल गए GST, बैंकिंग, टेलीकॉम और निवेश के नियम: अनजान कॉलर का नाम दिखेगा, कमर्शियल सिलेंडर महंगा, FASTag और पेंशन के लिए भी जरूरी बदलाव ▪ देश: राहुल गांधी बोले- 2024 का लोकसभा चुनाव अवैध, विपक्ष की मॉक संसद में ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जन-महाभियोग प्रस्ताव पास ▪ देश: खड़गे की मांग- मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाया जाए, SIR पर लगे रोक ▪ राजनीति: अमित शाह ने योगी सरकार की तारीफ में पढ़े कसीदे, बोले- माफिया का किया सफाया, 2027 के लिए कार्यकर्ताओं को दिया जीत का मंत्र ▪ देश: जोशीमठ-बद्रीनाथ के बीच हेलिकॉप्टर क्रैश, पायलट समेत 6 लोग थे सवार, टीम रेस्क्यू के लिए रवाना ▪ देश: कैंसर की 397 दवाओं के दाम घटे, ₹80 हजार का इंजेक्शन अब ₹7,150 में; 9 नवंबर से नई कीमतें लागू ▪ देश: केंद्र सरकार ने DA में 3% बढ़ोतरी को दी मंजूरी, अब 63% हुआ महंगाई भत्ता, 48 लाख कर्मचारी और 68 लाख पेंशनर्स होंगे लाभान्वित
1 नवंबर 2026 | भरोसेमंद खबरें, सीधे आपके शहर से
अंक: 01 Nov 2026
Unplug India

भरोसेमंद खबरें, सीधे आपके शहर से

आज का अखबार पढ़ें

12 साल बाद यमुना पुस्ता सड़क की सुध, 34.18 करोड़ से मरम्मत और सफाई का काम शुरू; ग्रामीणों में खुशी

Rinku Yadav • • 4 मिनट पढ़ें
12 साल बाद यमुना पुस्ता सड़क की सुध, 34.18 करोड़ से मरम्मत और सफाई का काम शुरू; ग्रामीणों में खुशी

सेक्टर-94 से सेक्टर-135 तक 11.2 किलोमीटर लंबे मार्ग पर हटाई जा रहीं कंटीली झाड़ियां, कूड़े के ढेरों की भी हो रही सफाई; अशोक चौहान ने 2021 से उठाई थी आवाज

अनप्लग इंडिया। डेस्क

नोएडा। नोएडा में यमुना तट बांध (पुस्ता) की चार लेन सड़क की लंबे समय बाद सुध ली जा रही है। करीब 12 वर्षों से मरम्मत और नियमित रखरखाव की प्रतीक्षा कर रहे इस मार्ग पर अब सफाई और अनुरक्षण का काम तेजी से चल रहा है। सड़क के दोनों किनारों और बीच में उगी कंटीली झाड़ियों को हटाया जा रहा है। साथ ही जगह-जगह जमा कूड़े के ढेरों की भी सफाई की जा रही है। सेक्टर-135 स्थित गांव नंगली वाजिदपुर के सामने भी काम जारी है। कार्य शुरू होने से आसपास के ग्रामीणों और निवासियों में खुशी है।

ग्राम विकास संगठन नोएडा के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अशोक चौहान ने बताया कि नोएडा प्राधिकरण ने यमुना मार्जिनल बांध की चार लेन सड़क की मरम्मत और सफाई के लिए सिंचाई विभाग को 34.18 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया है। इसमें से पहली किस्त के रूप में लगभग 11 करोड़ रुपये उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग के बैंक खाते में भेजे जा चुके हैं।

नोएडा प्राधिकरण ने स्वीकृत किए 34.18 करोड़ रुपये

अशोक चौहान के मुताबिक, यमुना मार्जिनल बांध की चार लेन सड़क का निर्माण वर्ष 2014 में नोएडा प्राधिकरण की वित्तीय सहायता से कराया गया था। इसके बाद नोएडा प्राधिकरण और सिंचाई विभाग के बीच हुए एमओयू की शर्तों के अनुसार सड़क की मरम्मत और अनुरक्षण का कार्य प्राधिकरण की ओर से उपलब्ध कराई जाने वाली धनराशि से कराया जाना प्रस्तावित था।

उन्होंने बताया कि नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी कृष्णा करुणेश के संज्ञान में मामला आने के बाद सड़क की सफाई और मरम्मत के लिए बजट स्वीकृत किया गया। इसके बाद सिंचाई विभाग ने मौके पर काम शुरू कराया है।

11.2 किलोमीटर मार्ग से जुड़े हैं कई गांव और सेक्टर

यह सड़क सेक्टर-94 स्थित गांव रायपुर से सेक्टर-135 स्थित गांव नंगली वाजिदपुर तक लगभग 11.2 किलोमीटर लंबी है। इस मार्ग के आसपास रायपुर, बख्तावरपुर, असगरपुर, गढ़ी शाहपुर, शाहपुर गोवर्धनपुर, नंगली नंगला, नंगली शाखपुर, नंगली वाजिदपुर, छपरौली और दोस्तपुर मंगरौली सहित कई गांव बसे हैं।

इसके अलावा सेक्टर-126 से 135 और सेक्टर-168 के निवासियों के लिए भी यह मार्ग उपयोगी साबित हो सकता है।

2021 से सफाई के लिए कर रहे थे शिकायत

अशोक चौहान ने बताया कि पुस्ता सड़क पर कंटीली झाड़ियां उगने और जगह-जगह कूड़ा जमा होने की समस्या को लेकर वह वर्ष 2021 से लगातार शिकायत कर रहे थे। उनका कहना है कि सड़क की बदहाल स्थिति के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी होती थी।

उन्होंने वर्ष 2023 में मुख्यमंत्री जनसुनवाई एवं आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत संख्या 40014123027859 दर्ज कराई थी। इस पर सिंचाई विभाग की ओर से जवाब दिया गया था कि पुस्ता बांध सड़क की दैनिक सफाई का काम नोएडा प्राधिकरण करता है।

इसके बाद 31 अगस्त 2024 को उन्होंने दोबारा शिकायत संख्या 40014124021755 और 40014124021758 दर्ज कराई। ये शिकायतें नोएडा प्राधिकरण और सिंचाई विभाग में अलग-अलग की गई थीं।

अशोक चौहान के अनुसार, 28 अगस्त 2025 को भी मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत संख्या 40014125031556 दर्ज कराई गई थी। लगातार शिकायतों और संबंधित विभागों का ध्यान आकर्षित करने के बाद अब सफाई और मरम्मत का काम शुरू हुआ है।

एक्सप्रेसवे के जाम से राहत मिलने की उम्मीद

स्थानीय निवासियों को उम्मीद है कि पुस्ता बांध सड़क की सफाई और मरम्मत पूरी होने के बाद इस मार्ग का उपयोग बढ़ेगा। इससे नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर वाहनों का दबाव कम करने में मदद मिल सकती है।

विशेष रूप से आसपास के गांवों और सेक्टरों के लोगों को आवागमन के लिए एक अतिरिक्त मार्ग उपलब्ध हो सकेगा। इसके साथ ही एक्सप्रेसवे पर लगने वाले जाम से होने वाले वाहनों के प्रदूषण को कम करने में भी इस सड़क की उपयोगिता हो सकती है।

ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से लंबित सफाई और मरम्मत का काम शुरू होना राहत की बात है। अब उनकी मांग है कि पूरे 11.2 किलोमीटर मार्ग का काम समय पर पूरा कराया जाए और भविष्य में इसकी नियमित सफाई तथा देखरेख सुनिश्चित की जाए।

यह भी पढ़ें