मुख्य सामग्री पर जाएँ
ब्रेकिंग
▪ देश: मोदी बोले- एक दशक में 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए, भारत में पहली बार ब्लूमबर्ग न्यू इकोनॉमी फोरम ▪ राजनीति: SIR पर विपक्ष की याचिका में 14 कमियां, सुप्रीम कोर्ट रजिस्ट्री ने उठाए सवाल; ₹220 की कोर्ट फीस भी कम ▪ राजनीति: SIR विवाद पर विपक्ष का सुप्रीम कोर्ट तक मार्च, राहुल-अखिलेश समेत 11 नेताओं ने दाखिल की याचिका ▪ राजनीति: CJI सूर्यकांत ने राहुल गांधी-खड़गे से मिलने से किया इनकार, विपक्ष आज सुप्रीम कोर्ट तक निकालेगा मार्च ▪ मेरा शहर: ग्रेटर नोएडा वेस्ट की इको विलेज-2 सोसायटी में पानी का संकट, हजारों निवासियों की दिनचर्या प्रभावित ▪ राजनीति: ओवैसी की योगी और अखिलेश को चुनौती, बोले- ‘बाबा संभल आएं, अखिलेश गोरखपुर जाएं’ ▪ राजनीति: शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों को गैरकानूनी हिरासत में न लें: सुप्रीम कोर्ट ▪ राजनीति: CJP का आज फिर जंतर-मंतर मार्च, दिल्ली में सुरक्षा कड़ी; मेट्रो प्रतिबंध पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई
13 अक्तूबर 2026 | भरोसेमंद खबरें, सीधे आपके शहर से
अंक: 13 Oct 2026
Unplug India

भरोसेमंद खबरें, सीधे आपके शहर से

आज का अखबार पढ़ें

पीलीभीत में रामलीला चंदे के विवाद में तीन लोगों की हत्या, दो कारोबारी भाइयों की भी मौत

न्यूज़रूम डेस्क • • 4 मिनट पढ़ें
पीलीभीत में रामलीला चंदे के विवाद में तीन लोगों की हत्या, दो कारोबारी भाइयों की भी मौत

अमरिया में दो गुटों के बीच विवाद के बाद मारपीट और फायरिंग; 18 वर्षीय राहगीर ने भी गंवाई जान, एक युवक गंभीर घायल, मुख्य आरोपी समेत आठ लोग हिरासत में

अनप्लग इंडिया। डेस्क

पीलीभीत। उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के अमरिया कस्बे में रामलीला कमेटी के चंदे के हिसाब को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। सोमवार रात दो गुटों के बीच मारपीट और अंधाधुंध फायरिंग में दो सगे कारोबारी भाइयों समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत आठ लोगों को हिरासत में लिया है।

पुलिस के अनुसार, घटना सोमवार रात करीब 9:30 बजे अमरिया थाना क्षेत्र में हुई। विवाद की पृष्ठभूमि रामलीला कमेटी के चंदे के हिसाब-किताब को लेकर बताई जा रही है। आरोप है कि कहासुनी के बाद एक पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडों से हमला किया और फिर गोलीबारी शुरू कर दी। इसी दौरान वहां मौजूद लोगों के साथ सड़क से गुजर रहा एक राहगीर भी गोली लगने से घायल हो गया।

कारोबारी भाइयों और राहगीर की मौत

इस घटना में जान गंवाने वालों की पहचान मोहित गुप्ता (38), अंकित गुप्ता (30) और कुणाल श्रीवास्तव (18) के रूप में हुई है। मोहित और अंकित कारोबारी भाई थे, जबकि कुणाल कस्बे में एक बुक डिपो में काम करता था। बताया गया है कि वह घटनास्थल के पास से गुजर रहा था, तभी गोली लगने से घायल हो गया।

गोलीबारी में मोहित के रिश्तेदार रोज गुप्ता (20) भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। अंकित और कुणाल की मौत हो गई, जबकि गंभीर हालत में बरेली रेफर किए गए मोहित ने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घायल रोज गुप्ता का बरेली में इलाज चल रहा है।

दोनों कारोबारी भाइयों की मौत से परिवार में मातम पसरा है। उनकी मां नन्ही देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने आरोपियों के लिए कड़ी सजा की मांग करते हुए कहा कि उन्हें अपने बेटों की हत्या का इंसाफ चाहिए।

चंदे के हिसाब को लेकर पहले भी हुआ था विवाद

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अमरिया कस्बे में रामलीला कमेटी के चंदे को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। कमेटी में कौशल गुप्ता सदस्य बताए गए हैं, जबकि चंद्र प्रकाश गुप्ता के बेटे सूरज गुप्ता कमेटी के अध्यक्ष हैं। कमेटी हर साल कस्बे में रामलीला का आयोजन कराती है।

बताया गया है कि 9 अक्टूबर को कमेटी की बैठक के दौरान कौशल गुप्ता ने सूरज गुप्ता से पिछले चार वर्षों के चंदे का हिसाब मांगा था। इसी मुद्दे पर दोनों के बीच बहस हुई। मौजूद लोगों ने उस समय मामला शांत करा दिया था।

सोमवार शाम करीब छह बजे एक अन्य कार्यक्रम में दोनों पक्षों के लोगों का फिर आमना-सामना हुआ। वहां भी कहासुनी हुई, लेकिन लोगों के समझाने पर विवाद उस समय थम गया।

रात में घर पहुंचने के बाद बढ़ा विवाद

रिपोर्ट के मुताबिक, सोमवार रात करीब 9:30 बजे मोहित और अंकित गुप्ता कुछ साथियों के साथ कौशल गुप्ता के घर पहुंचे। वहां दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज और मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि इसी दौरान कौशल गुप्ता और उसके पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडों के साथ गोलीबारी की।

फायरिंग में मोहित और अंकित को गोली लगी। उनके साथ मौजूद रोज गुप्ता और वहां से गुजर रहे कुणाल श्रीवास्तव भी घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। उपचार के दौरान तीन लोगों की मौत हो गई।

मुख्य आरोपी समेत आठ लोग हिरासत में

घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव मिश्रा सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मुख्य आरोपी कौशल गुप्ता, उसके भाई हर्षित गुप्ता, पिता नरेश गुप्ता, चाचा संतोष गुप्ता और चचेरे भाई रचित गुप्ता समेत कुल आठ लोगों को हिरासत में लिया है।

एसपी के मुताबिक, पुलिस ने एक लाइसेंसी राइफल, एक अवैध तमंचा और लाठी-डंडे बरामद किए हैं। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कस्बे में पुलिस बल तैनात किया गया है।

पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना में किसकी क्या भूमिका रही और गोलीबारी किन परिस्थितियों में हुई, इसका विस्तृत खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।

यह भी पढ़ें