बाराबंकी में भीषण हादसा: स्क्रैप लदे ट्रक में लगी आग, ड्राइवर-कंडक्टर की जिंदा जलकर मौत
किसान पथ पर खड़े अनाज लदे ट्रक में पीछे से घुसा स्क्रैप से भरा ट्रक; करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद बुझाई गई आग, केबिन से मिले दो शव
अनप्लग इंडिया। डेस्क
बाराबंकी। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में शनिवार सुबह किसान पथ पर भीषण सड़क हादसा हो गया। माती इलाके में स्क्रैप से लदा एक ट्रक आगे खड़े अनाज लदे ट्रक में जा घुसा। टक्कर के बाद स्क्रैप लदे ट्रक के केबिन में आग लग गई। हादसे में ट्रक चालक और कंडक्टर की जिंदा जलकर मौत हो गई। आग इतनी भीषण थी कि केबिन पूरी तरह जलकर राख हो गया।
हादसा सुबह करीब 9:30 बजे बाराबंकी जिला मुख्यालय से लगभग 20 किलोमीटर दूर हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद केबिन की तलाशी में दो जले हुए शव मिले।
खराब होने के कारण सड़क पर खड़ा था अनाज लदा ट्रक
मौके पर पहुंचे एआरटीओ अमिताभ राय के मुताबिक, किसान पथ पर अनाज की बोरियों से लदा एक ट्रक (UP21 CT 9128) खराब होने के कारण पहले से खड़ा था। सुरक्षा के लिए उसके पीछे रेडियम कोन भी रखा गया था।
इसी दौरान पीछे से आ रहा स्क्रैप लदा ट्रक (PB11 CX 6901) अनियंत्रित होकर खड़े ट्रक में जा घुसा। टक्कर के बाद स्क्रैप लदे ट्रक में आग लग गई। आग की चपेट में आने से केबिन में मौजूद चालक और एक अन्य व्यक्ति की मौत हो गई।
दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू
राहगीरों की सूचना पर पुलिस और दमकल विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची। आग बुझाने के बाद केबिन से दो शव बरामद किए गए। दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
हादसे के बाद ट्रक में लदा स्क्रैप सड़क पर फैल गया, जिससे यातायात भी प्रभावित हुआ।
केबिन में कितने लोग थे, पुलिस कर रही जांच
सीओ सिटी आफताब आलम ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दुर्घटना के समय ट्रक के केबिन में कुल कितने लोग सवार थे। ट्रक के नंबर के आधार पर उसके मालिक और चालक से जुड़ी जानकारी जुटाई जाएगी।
फिलहाल बरामद दोनों शवों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें