मुख्य सामग्री पर जाएँ
ब्रेकिंग
▪ देश: महिला आरक्षण पर मोदी ने 7 महीने पुराना वीडियो किया पोस्ट, बोले- वादा पूरा करेंगे; परिसीमन बिल को DMK का भी समर्थन ▪ देश: लोकसभा सीटें 50% बढ़ाने के प्रस्ताव को कैबिनेट की मंजूरी, संख्या 815 होगी ▪ देश: पूर्व CJI बीआर गवई ने जजों की नियुक्ति पर उठाए सवाल, राष्ट्रपति को लिखा पत्र ▪ देश: कश्मीर में जमने लगा पानी, श्रीनगर में सीजन की सबसे ठंडी रात; राजस्थान-MP में शीतलहर का अलर्ट ▪ राजनीति: सपा का चुनावी घोषणापत्र: युवाओं को हर महीने ₹5,000 बेरोजगारी भत्ता, बुजुर्ग महिलाओं को सालाना ₹40 हजार देने का वादा ▪ देश: संविधान दिवस पर मोदी का कांग्रेस पर हमला, बोले- OBC आरक्षण में कटौती कर मुसलमानों को आरक्षण देना चाहती है विपक्षी पार्टी ▪ देश: भागवत बोले- युवा झूठ के खिलाफ, सच का देते हैं साथ; भारत को बाहरी ताकतों से ज्यादा अंदरूनी खतरों से सतर्क रहने की जरूरत ▪ राजनीति: पंजाब में 6 साल बाद फिर साथ आए भाजपा और अकाली दल, मिलकर लड़ेंगे विधानसभा चुनाव
28 नवंबर 2026 | भरोसेमंद खबरें, सीधे आपके शहर से
अंक: 28 Nov 2026
Unplug India

भरोसेमंद खबरें, सीधे आपके शहर से

आज का अखबार पढ़ें

पूर्व CJI चंद्रचूड़ बोले- AI से कराएं अदालतों के रोजमर्रा के काम, लेकिन फैसला जज ही लिखें और उस पर हस्ताक्षर करें

Rinku Yadav • • 6 मिनट पढ़ें
पूर्व CJI चंद्रचूड़ बोले- AI से कराएं अदालतों के रोजमर्रा के काम, लेकिन फैसला जज ही लिखें और उस पर हस्ताक्षर करें

कहा- ट्रांसक्रिप्शन, अनुवाद और दस्तावेजों की जांच में AI उपयोगी; जमानत या गवाह की विश्वसनीयता तय करने में मशीन की भूमिका नहीं होनी चाहिए

अनप्लग इंडिया। डेस्क

नई दिल्ली। भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश (CJI) डीवाई चंद्रचूड़ ने अदालतों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के इस्तेमाल को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव दिए हैं। उन्होंने कहा कि AI का उपयोग अदालतों के रोजमर्रा और समय लेने वाले कामों में किया जा सकता है, लेकिन किसी मामले में फैसला लिखने और उस पर हस्ताक्षर करने की जिम्मेदारी जज की ही रहनी चाहिए।

शनिवार को नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम ‘AI फॉर ऑल: AI गवर्नेंस एंड ट्रस्ट, द केस फॉर जुडिशियल एक्सेस एंड एनपावर्ड इंडिया’ में चंद्रचूड़ ने कहा कि ट्रांसक्रिप्शन, अनुवाद, मामलों की सूची तैयार करने और दस्तावेजों में कमियां खोजने जैसे काम AI से कराए जा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि अदालतों का काफी समय ऐसे कामों में खर्च होता है, जबकि जजों का मुख्य ध्यान मामलों की सुनवाई और समय पर न्याय देने पर होना चाहिए।

AI से बने फर्जी कानूनी हवाले बड़ी चुनौती

पूर्व CJI ने AI के इस्तेमाल से तैयार किए गए फर्जी कानूनी हवाले और गलत जानकारियों को लेकर भी चेतावनी दी। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के दो मामलों का जिक्र किया।

पहले मामले में आंध्र प्रदेश की एक ट्रायल कोर्ट ने सुप्रीम कोर्ट के ऐसे चार फैसलों पर भरोसा किया, जिनका वास्तव में कोई अस्तित्व नहीं था। सुप्रीम कोर्ट ने बाद में कहा कि ऐसे फैसलों के आधार पर निर्णय देना केवल गलती नहीं, बल्कि कदाचार है।

दूसरे मामले में एक ट्रिब्यूनल के आदेश में सुप्रीम कोर्ट के वास्तविक फैसलों के साथ ऐसे पैराग्राफ जोड़ दिए गए थे, जो मूल फैसलों में मौजूद ही नहीं थे।

चंद्रचूड़ ने कहा कि फर्जी लॉ रिपोर्ट को पकड़ना अपेक्षाकृत आसान हो सकता है, लेकिन किसी वास्तविक फैसले में गलत पैराग्राफ जोड़ दिए जाएं तो सामान्य जांच में भी उनका पता लगाना मुश्किल हो सकता है। इसलिए AI से तैयार हर साइटेशन और अनुवाद की इंसान द्वारा जांच जरूरी है। इसके साथ ही AI के इस्तेमाल का रिकॉर्ड भी रखा जाना चाहिए।

अदालतों में AI के इस्तेमाल के लिए ड्राफ्ट नियम

चंद्रचूड़ ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट की AI कमेटी ने 3 जून को अदालतों में AI के इस्तेमाल को लेकर ड्राफ्ट नियम जारी किए थे। ये प्रस्ताव सुप्रीम कोर्ट से लेकर ट्रायल कोर्ट और ट्रिब्यूनल तक लागू करने के लिए तैयार किए गए हैं।

इनका आधार मानव की प्राथमिकता, पारदर्शिता, जवाबदेही, डेटा सुरक्षा और न्यायिक स्वतंत्रता है। प्रस्तावित नियमों के तहत केस मैनेजमेंट, ट्रांसक्रिप्शन, अनुवाद और कानूनी रिसर्च में AI का इस्तेमाल किया जा सकता है।

हालांकि, किसी व्यक्ति के जमानत जोखिम का आकलन करने या गवाह की विश्वसनीयता तय करने में AI के इस्तेमाल पर रोक का प्रस्ताव है। चंद्रचूड़ ने कहा कि जहां किसी व्यक्ति के अधिकार या स्वतंत्रता का सवाल हो, वहां अपारदर्शी तकनीकी सिस्टम को अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।

उन्होंने अदालतों में इस्तेमाल होने वाले AI टूल्स का रजिस्टर रखने और तकनीकी गड़बड़ियों से जुड़ी घटनाओं का डेटाबेस तैयार करने की जरूरत भी बताई। प्रस्ताव के मुताबिक, अपनी दलीलों में AI का इस्तेमाल करने वाले पक्षों को इसकी जानकारी देनी होगी।

AI के इस्तेमाल के लिए बताए पांच अहम टेस्ट

पूर्व CJI ने न्याय व्यवस्था में AI के इस्तेमाल के लिए पांच प्रमुख कसौटियां बताईं।

1. फैसला और हस्ताक्षर जज के ही हों: AI दस्तावेज खोजने, अनुवाद करने और सारांश तैयार करने में मदद कर सकता है, लेकिन फैसले और उसके कारणों की जिम्मेदारी जज की ही होनी चाहिए।

2. आजादी का फैसला रिस्क स्कोर से नहीं: जमानत जैसे मामलों में किसी व्यक्ति की स्वतंत्रता का निर्णय केवल AI के जोखिम आकलन के आधार पर नहीं होना चाहिए। अदालत को मामले के तथ्यों और परिस्थितियों पर विचार करना होगा।

3. AI के इस्तेमाल की जानकारी दी जाए: यदि किसी पक्ष के सबूत का अनुवाद या अपील का सारांश AI टूल से तैयार किया गया है, तो संबंधित पक्ष को इसकी जानकारी होनी चाहिए। उसे गलत अनुवाद या जानकारी को चुनौती देने का अधिकार भी मिलना चाहिए।

4. तकनीक आम लोगों तक पहुंचे: AI का फायदा उन लोगों तक भी पहुंचना चाहिए, जिन्हें भाषा और तकनीकी सुविधाओं की परेशानी है। फैसलों का स्थानीय भाषाओं में अनुवाद और मोबाइल फोन के जरिए अगली तारीख की जानकारी जैसी सुविधाएं इसमें मददगार हो सकती हैं।

5. डेटा सुरक्षा सुनिश्चित हो: न्यायिक दस्तावेजों और नागरिकों की जानकारी की सुरक्षा जरूरी है। इसके लिए सुरक्षित डेटाबेस और भारत में विकसित AI मॉडल पर ध्यान देने की जरूरत है।

देश की अदालतों में 5.64 करोड़ मामले लंबित

चंद्रचूड़ ने न्याय व्यवस्था में तकनीकी मदद की जरूरत बताते हुए अदालतों में लंबित मामलों का भी जिक्र किया। उन्होंने कानून मंत्री के राज्यसभा में जुलाई में दिए गए बयान का हवाला देते हुए कहा कि देश की अदालतों में करीब 5.64 करोड़ मामले लंबित हैं।

उन्होंने बताया कि भारत में प्रति 10 लाख आबादी पर करीब 15 जज हैं, जबकि 1987 में लॉ कमीशन ने प्रति 10 लाख लोगों पर 50 जजों की सिफारिश की थी। उनके मुताबिक, जिला अदालत का एक जज औसतन करीब 2,200 मामलों को संभालता है।

उन्होंने इंडिया जस्टिस रिपोर्ट के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि कानूनी सहायता पर प्रति व्यक्ति सालाना खर्च केवल 6.46 रुपये है।

अदालतों में पहले से हो रहा AI का इस्तेमाल

चंद्रचूड़ ने अदालतों में चल रही तकनीकी पहलों का भी उल्लेख किया। इनमें सुनवाई के दौरान हुई दलीलों का AI के जरिए ट्रांसक्रिप्शन और सुप्रीम कोर्ट का अनुवाद टूल ‘सुवास’ शामिल है। उनके अनुसार, सुवास के जरिए फैसलों का 18 भारतीय भाषाओं में अनुवाद किया जा चुका है।

उन्होंने बताया कि केरल की सभी ट्रायल कोर्ट में 1 नवंबर 2025 से गवाहों के बयान दर्ज करने के लिए स्पीच-टू-टेक्स्ट तकनीक का इस्तेमाल हो रहा है।

इसके अलावा IIT मद्रास के साथ मिलकर एक ऐसे टूल का परीक्षण किया जा रहा है, जो अदालतों में नई दाखिल अर्जियों और दस्तावेजों की कमियां पहचानने में मदद करेगा।

वकील फैसले का हवाला देने से पहले पूरा पढ़ें

पूर्व CJI ने वकीलों को भी सलाह दी कि किसी फैसले का कानूनी हवाला देने से पहले उसे पूरा पढ़ना चाहिए। उन्होंने बार काउंसिल ऑफ इंडिया के रुख का उल्लेख करते हुए कहा कि वकील अपनी दलीलों में हुई गलतियों के लिए तकनीक को जिम्मेदार नहीं ठहरा सकते।

चंद्रचूड़ के मुताबिक, AI न्याय व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने में मदद कर सकता है, लेकिन तकनीक के इस्तेमाल के साथ मानवीय जांच, जवाबदेही और न्यायिक स्वतंत्रता बनाए रखना जरूरी है।

यह भी पढ़ें