एमिटी यूनिवर्सिटी में HR समिट 2026: विशेषज्ञों ने छात्रों को बताया सफल करियर के लिए कौशल विकास का मंत्र
स्वास्थ्य क्षेत्र के 21 विशेषज्ञों ने साझा किए अनुभव, समस्या समाधान, संवाद, धैर्य और सहानुभूति को बताया करियर की सफलता के लिए जरूरी
अनप्लग इंडिया। डेस्क
नोएडा। एमिटी विश्वविद्यालय में हेल्थ एंड एलाइड साइंसेज डोमेन की ओर से मानव संसाधन सम्मेलन (HR समिट 2026) का आयोजन किया गया। सम्मेलन में फार्मा कंपनियों, अस्पतालों और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े 21 विशेषज्ञों ने हिस्सा लिया। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों के साथ अपने अनुभव साझा करते हुए उन्हें उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप कौशल विकसित करने और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार रहने की सलाह दी।
सम्मेलन का शुभारंभ एमिटी विश्वविद्यालय के एडिशनल प्रो वाइस चांसलर डॉ. चंद्रदीप टंडन, हेल्थ एंड एलाइड साइंसेज डोमेन के डीन डॉ. बीसी दास और डिप्टी डीन डॉ. तनवीर नावेद ने किया।
डिग्री के साथ व्यवहारिक कौशल भी जरूरी
मैक्स हेल्थकेयर, नोएडा की प्रशिक्षण एवं विकास प्रमुख वंदना सोनी ने कहा कि वर्तमान समय में उद्योगों को ऐसे युवाओं की जरूरत है, जिनके पास डिग्री के साथ समस्याओं का समाधान करने की क्षमता भी हो। विशेष रूप से स्वास्थ्य क्षेत्र में करियर बनाने वाले विद्यार्थियों को सुनने की कला, धैर्य, प्रभावी संवाद, सहानुभूति, करुणा और सहयोग जैसे गुण विकसित करने चाहिए।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में लोग अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद लेकर आते हैं। ऐसे में मरीजों की बात समझना और टीम के साथ मिलकर काम करना बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों को व्यवहारिक कौशल पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी।
उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप तैयार होंगे विद्यार्थी
एमिटी विश्वविद्यालय के एडिशनल प्रो वाइस चांसलर डॉ. चंद्रदीप टंडन ने कहा कि सम्मेलन का उद्देश्य अकादमिक संस्थानों और उद्योगों के बीच संबंधों को मजबूत करना तथा युवाओं को भविष्य की जरूरतों के अनुसार तैयार करना है।
उन्होंने कहा कि एमिटी विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए तैयार करता है। इसके लिए जरूरी है कि विद्यार्थियों को उद्योगों की अपेक्षाओं की जानकारी मिले और विशेषज्ञों के मार्गदर्शन से वे अपने कौशल को बेहतर बना सकें। सम्मेलन के माध्यम से विद्यार्थियों और शिक्षकों को उद्योग जगत के अनुभवों से सीखने का अवसर मिला।
मानसिक स्वास्थ्य क्षेत्र में संवाद और सहानुभूति अहम
प्रभाव ट्रस्ट के सीएफओ गर्वित ग्रोवर ने कहा कि अकादमिक शिक्षा और उद्योगों की जरूरतों के बीच कौशल से जुड़ी कमियों को दूर करना आवश्यक है। केवल डिग्री हासिल करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि कार्यस्थल पर बेहतर प्रदर्शन के लिए व्यावहारिक दक्षता भी जरूरी है।
उन्होंने विशेष रूप से मानसिक स्वास्थ्य क्षेत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि मरीजों से संवाद करने, धैर्य रखने और सहानुभूतिपूर्ण व्यवहार करने जैसे कौशल विद्यार्थियों को अभी से विकसित करने चाहिए।
स्वस्थ नागरिकों से ही विकसित राष्ट्र का निर्माण
हेल्थ एंड एलाइड साइंसेज डोमेन के डीन डॉ. बीसी दास ने कहा कि देश को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए स्वस्थ नागरिकों का होना आवश्यक है। इसके लिए शैक्षणिक संस्थानों की जिम्मेदारी है कि वे ऐसे कुशल मानव संसाधन तैयार करें, जो कार्यक्षेत्र में शुरुआत से ही प्रभावी योगदान दे सकें।
उन्होंने कहा कि इस तरह के सम्मेलन उद्योग विशेषज्ञों की अपेक्षाओं को समझने और उसी के अनुरूप पाठ्यक्रम तथा विद्यार्थियों को तैयार करने में मदद करते हैं।
इस अवसर पर डिप्टी डीन डॉ. तनवीर नावेद ने विश्वविद्यालय के पाठ्यक्रम, प्रशिक्षण और अनुसंधान गतिविधियों की जानकारी दी।
सम्मेलन में हाउस ऑफ डायग्नोस्टिक्स की एचआर एक्जीक्यूटिव श्रेया शुक्ला, हेल्थ पार्लियामेंट की डॉ. मनप्रीत कौर, सन फार्मा के प्लांट हेड डॉ. सौरभ पांडेय और वीएक्सएल फार्मास्यूटिकल के एचआर मैनेजर पवन कुमार सहित स्वास्थ्य एवं फार्मा क्षेत्र के अन्य विशेषज्ञ मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें