सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला: हिरासत में लेने के 24 घंटे के भीतर मजिस्ट्रेट के सामने पेश करना अनिवार्य, देरी पर रिहाई का आदेश
अदालत ने स्पष्ट किया कि 24 घंटे की समयसीमा पुलिस की ओर से औपचारिक गिरफ्तारी दर्ज करने के समय से नहीं, बल्कि व्यक्ति को वास्तविक रूप से हिरासत में लेने के वक्त से शुरू होगी। जांच एजेंसियां हिरासत और गिरफ्तारी के बीच समय का अंतर रखकर कानूनी प्रक्रिया से बच नहीं सकतीं
अनप्लग इंडिया। डेस्क
नई दिल्ली। किसी व्यक्ति को पुलिस हिरासत में लेने के बाद अदालत के सामने पेश करने में देरी अब जांच एजेंसियों के लिए भारी पड़ सकती है। सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को एक महत्वपूर्ण फैसले में स्पष्ट किया कि हिरासत में लिए गए व्यक्ति को 24 घंटे के भीतर मजिस्ट्रेट के सामने पेश करना अनिवार्य है। इस अवधि की गणना पुलिस द्वारा गिरफ्तारी की औपचारिक कार्रवाई दर्ज करने के समय से नहीं, बल्कि वास्तविक हिरासत शुरू होने के समय से की जाएगी।
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि जांच एजेंसियां पहले किसी व्यक्ति को अपनी हिरासत में रखकर पूछताछ नहीं कर सकतीं और बाद में गिरफ्तारी का समय दर्ज करके 24 घंटे की संवैधानिक समयसीमा को अपने हिसाब से निर्धारित नहीं कर सकतीं। निर्धारित समय के भीतर मजिस्ट्रेट के सामने पेश नहीं किए जाने पर हिरासत की वैधता पर सवाल उठेगा और व्यक्ति की रिहाई का आदेश देना पड़ सकता है।
यह फैसला त्रिपुरा के चार आरोपियों की याचिका पर सुनवाई के दौरान आया। मामले की सुनवाई जस्टिस उज्ज्वल भुइयां और जस्टिस अतुल एस. चंदुरकर की पीठ ने की।
क्या है सुप्रीम कोर्ट का फैसला?
अदालत ने हिरासत और औपचारिक गिरफ्तारी के बीच अंतर को स्पष्ट करते हुए कहा कि 24 घंटे की गणना वास्तविक हिरासत शुरू होने से होगी। पुलिस गिरफ्तारी का मेमो बाद में तैयार करके इस अवधि को आगे नहीं बढ़ा सकती।
इसका मतलब है कि यदि किसी व्यक्ति को पुलिस अपने नियंत्रण में लेकर उसकी स्वतंत्र आवाजाही रोक देती है, तो उस समय को हिरासत की शुरुआत माना जा सकता है। पुलिस रिकॉर्ड में गिरफ्तारी का समय बाद में दर्ज होने से वास्तविक हिरासत का समय नहीं बदलेगा।
पांच सवालों में समझिए सुप्रीम कोर्ट के फैसले का मतलब
सवाल 1: पहले 24 घंटे की गणना किस समय से की जाती थी?
जवाब: इस मामले में पुलिस की ओर से औपचारिक गिरफ्तारी दर्ज किए जाने के समय को आधार बनाया गया था। इससे ऐसी स्थिति बन सकती थी, जिसमें व्यक्ति को पहले कई घंटे हिरासत में रखा जाए और गिरफ्तारी का रिकॉर्ड बाद में तैयार किया जाए। सुप्रीम कोर्ट ने इसी प्रक्रिया पर स्पष्टता दी है।
सवाल 2: अब 24 घंटे की समयसीमा कब से शुरू होगी?
जवाब: अब वास्तविक हिरासत शुरू होने के समय से 24 घंटे की गणना होगी। पुलिस किसी व्यक्ति को अपने नियंत्रण में लेने के बाद गिरफ्तारी दर्ज करने में देरी करके अतिरिक्त समय नहीं ले सकती।
सवाल 3: हिरासत और गिरफ्तारी में क्या अंतर है?
जवाब: जब किसी व्यक्ति की स्वतंत्र आवाजाही रोक दी जाती है और वह पुलिस या किसी अन्य कानूनी प्राधिकरण के नियंत्रण में होता है, तो उसे हिरासत की स्थिति माना जा सकता है।
हर गिरफ्तारी में हिरासत शामिल होती है, लेकिन हर हिरासत औपचारिक गिरफ्तारी नहीं होती। उदाहरण के लिए, पुलिस किसी व्यक्ति को पूछताछ के लिए अपने साथ ले जाकर उसे स्वतंत्र रूप से जाने से रोकती है, तो परिस्थितियों के आधार पर यह हिरासत मानी जा सकती है।
सवाल 4: हिरासत शुरू होने का समय कैसे तय किया जाएगा?
जवाब: पुलिस को गिरफ्तारी मेमो और केस डायरी में संबंधित समय दर्ज करना होगा। हालांकि, केवल पुलिस के लिखे हुए समय को अंतिम नहीं माना जाएगा। मजिस्ट्रेट को उपलब्ध रिकॉर्ड और परिस्थितियों की जांच करनी होगी। जरूरत पड़ने पर CCTV फुटेज और दूसरे साक्ष्यों की भी मदद ली जा सकती है।
सवाल 5: हिरासत और औपचारिक गिरफ्तारी के बीच अंतर को कैसे समझें?
जवाब: इस मामले में चार आरोपियों को पहले पुलिस ने हिरासत में लिया और करीब 21 घंटे बाद उनकी औपचारिक गिरफ्तारी दर्ज की। सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया कि कानूनी समयसीमा वास्तविक हिरासत के समय से तय होगी, न कि बाद में दर्ज की गई गिरफ्तारी के समय से।
क्या है पूरा मामला?
यह मामला त्रिपुरा में 11.03 किलोग्राम याबा टैबलेट की बरामदगी से जुड़ा है। 29 सितंबर 2025 को तलाशी और जब्ती की कार्रवाई के दौरान चार लोगों को हिरासत में लिया गया था।
आरोपियों के अनुसार, पुलिस ने उन्हें दोपहर करीब 2 बजे हिरासत में लिया, जबकि उनकी औपचारिक गिरफ्तारी अगले दिन 30 सितंबर को सुबह 11 बजे दर्ज की गई। यानी हिरासत में लेने और गिरफ्तारी दर्ज करने के बीच लगभग 21 घंटे का अंतर था।
आरोपियों ने दलील दी कि उन्हें वास्तविक हिरासत में लिए जाने के 24 घंटे के भीतर मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया जाना चाहिए था। इस मामले में त्रिपुरा हाईकोर्ट ने उनकी याचिकाएं खारिज कर दी थीं। इसके बाद उन्होंने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया।
सुप्रीम कोर्ट ने इसी मामले की सुनवाई के दौरान हिरासत और गिरफ्तारी के बीच के अंतर को लेकर महत्वपूर्ण कानूनी स्थिति स्पष्ट की।
हिरासत या गिरफ्तारी के दौरान नागरिकों को कौन से अधिकार मिले हैं?
1. 24 घंटे के भीतर पेशी का अधिकार
संविधान के अनुच्छेद 22 के तहत गिरफ्तार व्यक्ति को यात्रा में लगने वाले आवश्यक समय को छोड़कर 24 घंटे के भीतर मजिस्ट्रेट के सामने पेश करना जरूरी है।
2. गिरफ्तारी का कारण जानने का अधिकार
गिरफ्तार व्यक्ति को अपनी गिरफ्तारी के कारणों की जानकारी पाने का अधिकार है। सुप्रीम कोर्ट ने अपने विभिन्न फैसलों में गिरफ्तारी के आधारों की जानकारी देने की संवैधानिक आवश्यकता पर जोर दिया है।
3. वकील की सहायता लेने का अधिकार
व्यक्ति अपनी पसंद के वकील से कानूनी सलाह और सहायता ले सकता है। आर्थिक रूप से कमजोर व्यक्ति को पात्रता के अनुसार मुफ्त कानूनी सहायता भी उपलब्ध कराई जा सकती है। BNSS की धारा 38 के तहत पूछताछ के दौरान वकील से मिलने का प्रावधान है, हालांकि वकील पूरी पूछताछ के दौरान लगातार साथ नहीं रह सकता।
4. महिलाओं की गिरफ्तारी के लिए विशेष प्रावधान
BNSS की धारा 43(5) के अनुसार, सामान्य परिस्थितियों में किसी महिला को सूर्यास्त के बाद और सूर्योदय से पहले गिरफ्तार नहीं किया जा सकता। विशेष परिस्थितियों में प्रथम श्रेणी के न्यायिक मजिस्ट्रेट की पूर्व अनुमति आवश्यक होती है।
5. डीके बसु दिशानिर्देशों का पालन जरूरी
सुप्रीम कोर्ट ने 1997 में डीके बसु मामले में गिरफ्तारी और हिरासत के दौरान पुलिस के लिए कई दिशा-निर्देश तय किए थे। इनमें पुलिसकर्मी की पहचान स्पष्ट होना, गिरफ्तारी मेमो तैयार करना, गवाह की मौजूदगी, शरीर पर मौजूद चोटों का रिकॉर्ड रखना और परिवार या संबंधित व्यक्ति को गिरफ्तारी की सूचना देना शामिल है।
इन दिशानिर्देशों का उद्देश्य हिरासत में व्यक्ति के अधिकारों की रक्षा करना और पुलिस कार्रवाई में पारदर्शिता सुनिश्चित करना है।
क्यों महत्वपूर्ण है यह फैसला?
सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले से पुलिस हिरासत में रखे जाने और औपचारिक गिरफ्तारी दर्ज किए जाने के बीच के समय को लेकर कानूनी स्थिति स्पष्ट हुई है। अब जांच एजेंसियों को वास्तविक हिरासत का सही समय दर्ज करने और निर्धारित अवधि में मजिस्ट्रेट के सामने पेशी सुनिश्चित करने पर ध्यान देना होगा।
यह फैसला नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों की सुरक्षा और जांच प्रक्रिया में जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें