श्री कृष्ण इंटर कॉलेज में भव्य विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन, छात्रों ने दिखाए मॉडल और प्रोजेक्ट
जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन, ग्लोबल वार्मिंग से लेकर ग्रामीण विकास तक के विषयों पर विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किए मॉडल
अनप्लग इंडिया। डेस्क
नोएडा। श्री कृष्ण इंटर कॉलेज (S.K.I.C.), गढ़ी चौखंडी, नोएडा सेक्टर-68 में 1 अक्टूबर 2026 को भव्य विज्ञान प्रदर्शनी (विज्ञान मेला) का आयोजन किया गया। HOPE FOUNDATION के सौजन्य तथा OPTUM के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार, रचनात्मकता और प्रयोगात्मक क्षमता को विकसित करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्री राजनारायण यादव, प्रबंधन प्रभारी ने दीप प्रज्वलित कर किया। विज्ञान प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने विभिन्न वैज्ञानिक और सामाजिक विषयों पर आकर्षक एवं उपयोगी मॉडल, प्रोजेक्ट और चार्ट प्रस्तुत किए।
जल संरक्षण से ग्लोबल वार्मिंग तक दिखे मॉडल
प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन (Rain Water Harvesting), ग्लोबल वार्मिंग, ज्वालामुखी, स्वेज नहर (Suez Canal), धूमकेतु, पशुपालन तथा ग्रामीण एवं गरीब आदिवासी समुदायों से जुड़े विषयों पर मॉडल और प्रोजेक्ट तैयार किए। विद्यार्थियों ने अपने-अपने मॉडल की कार्यप्रणाली और उनके पीछे छिपे वैज्ञानिक सिद्धांतों की जानकारी प्रबंधन, प्रधानाचार्य, शिक्षकों और उपस्थित अतिथियों के सामने विस्तार से दी। बच्चों के रचनात्मक मॉडल और प्रयोगात्मक प्रस्तुतियों ने प्रदर्शनी में मौजूद लोगों का विशेष ध्यान आकर्षित किया।
अतिथियों ने छात्रों के प्रयासों की सराहना की
मुख्य अतिथि श्री राजनारायण यादव ने विद्यार्थियों के वैज्ञानिक प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों के बौद्धिक और वैज्ञानिक विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को भविष्य में बेहतर वैज्ञानिक सोच विकसित करने और जिम्मेदार नागरिक बनने में मदद करते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय में इस प्रकार के आयोजन लगातार होते रहने चाहिए और प्रबंधन की ओर से इसके लिए पूरा सहयोग दिया जाएगा।विद्यालय के शिक्षक वर्ग एवं प्रशासनिक स्टाफ, विशेषकर कार्यालय प्रभारी श्री अमित यादव, के प्रयासों की भी सराहना की गई। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों ने मेहनत और लगन से मॉडल तैयार किए हैं और उनके प्रयास सराहनीय हैं।

‘बच्चे केवल किताबों तक सीमित नहीं’
विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती पूनम जी ने विद्यार्थियों के उत्साह और मेहनत की प्रशंसा करते हुए कहा कि विद्यालय के छात्र-छात्राएं केवल किताबों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि व्यावहारिक विज्ञान के क्षेत्र में भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विज्ञान प्रदर्शनी जैसे आयोजन बच्चों को अपनी कल्पनाओं को वास्तविक मॉडल और प्रयोगों के रूप में प्रस्तुत करने का अवसर देते हैं।
उत्कृष्ट मॉडल बनाने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार
विज्ञान प्रदर्शनी के अंत में बेहतरीन और उत्कृष्ट मॉडल एवं प्रोजेक्ट प्रस्तुत करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। पुरस्कार मिलने से विद्यार्थियों में उत्साह देखने को मिला और उन्हें आगे भी विज्ञान एवं नवाचार के क्षेत्र में काम करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन के बाद विद्यालय परिवार ने HOPE FOUNDATION, OPTUM, सभी शिक्षकों और अभिभावकों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर श्री योगेश राणा, श्री चन्द्रशेखर जोशी, श्रीमती शीतल, डोली कुमारी, श्री युवराज सिंह, श्री दानवीर सिंह, श्री सत्यवीर सिंह, राजेन्द्र सिंह, दीप्ति यादव, सुरेन्द्र कुमार, प्रतिमा सिंह, कुं. रंजुलता, मीनू भारद्वाज, संदीप प्रताप, संदीप यादव, अंकित शर्मा, राकेश कुमार और गीता यादव सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें