नोएडा में स्कूल से निकले चार बच्चे लापता, पुलिस ने NTPC रोड से सकुशल खोजा
स्कूल ड्रेस नहीं पहनने पर घर लौटे थे छात्र, दोबारा स्कूल जाने के बजाय घूमने निकल पड़े; जारचा पुलिस ने CCTV फुटेज की मदद से तलाशा
अनप्लग इंडिया। डेस्क
ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्ध नगर के जारचा क्षेत्र में शुक्रवार को स्कूल से घर जाने के बजाय घूमने निकले चार बच्चे अचानक लापता हो गए। बच्चों के देर शाम तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई। सूचना मिलने के बाद जारचा पुलिस ने तलाश के लिए टीमें गठित कीं। पुलिस ने CCTV कैमरों की फुटेज खंगालते हुए रात करीब 9 बजे चारों बच्चों को NTPC रोड के पास से सकुशल बरामद कर लिया।
स्कूल में बैग छोड़कर घर लौट गए थे बच्चे
जानकारी के मुताबिक, चारों बच्चे जारचा के एक सरकारी स्कूल में कक्षा सात के छात्र हैं। उनकी उम्र करीब 10 से 12 वर्ष बताई गई है। शुक्रवार को चारों बच्चे स्कूल पहुंचे थे, लेकिन स्कूल ड्रेस में नहीं होने के कारण शिक्षकों ने उन्हें निर्धारित यूनिफॉर्म पहनकर आने के लिए कहा।
इसके बाद बच्चे अपने स्कूल बैग वहीं छोड़कर घर लौट गए। घर पहुंचने के बाद उन्होंने स्कूल ड्रेस पहनी और कुछ पैसे लेकर दोबारा बाहर निकले। हालांकि, इस बार उनका इरादा स्कूल जाने का नहीं, बल्कि घूमने का था।
जारचा से दादरी होते हुए गाजियाबाद पहुंचे
चारों बच्चे घूमते हुए जारचा से दादरी और फिर गाजियाबाद पहुंच गए। घूमने के दौरान उन्हें देर हो गई। बच्चों के पास मोबाइल फोन भी नहीं था, जिससे वे परिवार के लोगों से संपर्क नहीं कर सके।
उधर, शाम तक बच्चों के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू कर दी। आसपास और परिचित स्थानों पर खोजबीन के बाद भी कोई जानकारी नहीं मिली तो पुलिस को सूचना दी गई।
CCTV फुटेज की मदद से पुलिस ने तलाशा
मामले की जानकारी मिलते ही थाना जारचा पुलिस ने बच्चों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित कीं। पुलिस ने संभावित रास्तों और स्थानों पर खोजबीन की तथा CCTV कैमरों की फुटेज की जांच की।
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने रात करीब 9 बजे चारों बच्चों को NTPC रोड के पास से सुरक्षित खोज लिया। इसके बाद उन्हें उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
बच्चों के सकुशल मिलने पर परिवारों ने राहत की सांस ली। परिजनों ने त्वरित कार्रवाई और सहयोग के लिए जारचा पुलिस का आभार जताया।
यह भी पढ़ें