नोएडा में जनगणना-2027 के स्वगणना अभियान की शुरुआत, सांसद डॉ. महेश शर्मा ने परिवार सहित ऑनलाइन दर्ज की जानकारी
30 नवंबर तक घर बैठे भर सकेंगे जनगणना का विवरण; नोएडा में घर-घर सर्वे के लिए 2,350 प्रगणक और 364 सुपरवाइजर तैनात, 1 दिसंबर से शुरू होगा मैदानी कार्य
अनप्लग इंडिया। डेस्क
नोएडा। जनगणना-2027 के तहत नोएडा में सोमवार, 16 नवंबर से स्वगणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) अभियान की शुरुआत हो गई। इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद डॉ. महेश शर्मा और नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) ने स्वयं तथा अपने परिवार की जानकारी आधिकारिक पोर्टल पर ऑनलाइन दर्ज कर अभियान का शुभारंभ किया। अधिकारियों ने शहर के निवासियों से इस राष्ट्रीय महत्व के अभियान में भाग लेकर अपनी और अपने परिवार की जानकारी समय पर दर्ज कराने की अपील की।
स्वगणना की सुविधा 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक उपलब्ध रहेगी। इसके लिए लोग भारत सरकार के आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाकर अपने और परिवार के सदस्यों का विवरण ऑनलाइन भर सकते हैं। स्वगणना पूरी होने के बाद एक पहचान संख्या (SE ID) जारी होगी। इसे सुरक्षित रखना जरूरी है, क्योंकि घर-घर सर्वे के दौरान प्रगणक के आने पर यह पहचान संख्या उन्हें उपलब्ध करानी होगी।

नोएडा में 2,350 प्रगणक और 364 सुपरवाइजर तैनात
चार्ज अधिकारी नोएडा इंदु प्रकाश सिंह ने बताया कि जनगणना के क्षेत्रीय कार्य के लिए शहर में कुल 2,350 प्रगणक और 364 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं। ये कर्मचारी 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक घर-घर जाकर जनगणना का कार्य करेंगे।
उन्होंने बताया कि स्वगणना की अवधि के दौरान भी जनगणना से जुड़े कर्मचारी अपने आवंटित क्षेत्रों में जाकर लोगों को ऑनलाइन जानकारी दर्ज कराने के लिए जागरूक करेंगे। इसके लिए नोएडा में विशेष अभियान चलाया जाएगा।
कोई भी व्यक्ति जनगणना से न छूटे, इस पर रहेगा जोर
चार्ज अधिकारी के अनुसार, अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि नोएडा में रहने वाला कोई भी व्यक्ति जनगणना से छूटने न पाए और किसी व्यक्ति की जानकारी दो बार दर्ज न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि नोएडा में किराये पर रहकर नौकरी, व्यवसाय या अन्य कार्य करने वाले लोगों की गणना भी नोएडा में ही की जाएगी।
उन्होंने बताया कि जनगणना के दौरान एकत्र की जाने वाली व्यक्तिगत जानकारी जनगणना अधिनियम, 1948 की धारा 15 के तहत गोपनीय रखी जाती है।
प्रशासन ने शहर के निवासियों से अपील की है कि वे 30 नवंबर तक अपनी और अपने परिवार की स्वगणना अवश्य पूरी कर लें। साथ ही, 1 दिसंबर से घर-घर पहुंचने वाले प्रगणकों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराकर जनगणना कार्य में सहयोग करें।
यह भी पढ़ें